Assam: सिलचर एयरपोर्ट से रफूचक्कर हुए 300 यात्री, कोरोना टेस्ट नहीं कराया, केस दर्ज करेगी सरकार 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 22, 2021, 02:47 PM IST

Assam News : अधिकारियों का कहना है कि इन सभी यात्रियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। बता दें कि विमान से एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद यात्रियों को अपना कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य किया गया है।  

Assam: सिलचर एयरपोर्ट से रफूचक्कर हुए 300 यात्री, कोरोना टेस्ट नहीं कराया, केस दर्ज करेगी सरकार 
Photo Credit: PTI

गुवाहाटी : देश में कोरोना की स्थिति खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है और सरकारें इस पर काबू पाने के लिए सख्त कदम उठा रही हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो सरकार की ओर से तय गाइडलाइंस का पालन न कर कोरोना के खिलाफ अभियान को कमजोर करने में लगे हैं। असम में एक ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां के सिलचर एयरपोर्ट से 300 से ज्यादा यात्री बिना कोरोना टेस्ट कराए भाग गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन सभी यात्रियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। बता दें कि विमान से एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद यात्रियों को अपना कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य किया गया है।  

यात्रियों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
सिलचर एयपोर्ट इतना बड़ा नहीं है कि यहां पर बड़ी संख्या में यात्रियों की कोविड-19 की जांच की जा सके। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों की कोरोना जांच की व्यवस्था सरकारी अस्पताल में की है। यात्रियों को एयरपोर्ट से अस्पताल पहुंचाने के लिए बसें चल रही हैं। बताया जा रहा है कि ये यात्री अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही बस से उतर गए। एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि इन सभी यात्रियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

असम सरकार ने जारी की है नई गाइडलाइन
कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद असम सरकार ने राज्य में आने वाले यात्रियों को लेकर नई गाइडलाइन जारी किया है। नई गाइडलाइन के मुताबिक राज्य में पहुंचने के बाद यात्रियों को रैपिड एंटीजन टेस्ट एवं आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरना होगा। 

अधिकारी ने कहा-यात्रियों का पता लगा लिया जाएगा
रिपोर्टों के मुताबिक चाचर जिले के एडीसी हेल्थ सुमित सत्तावन ने बताया, 'बुधवार को सिलचर एयरपोर्ट पर 690 यात्री पहुंचे। इनमें से कुछ यात्री पूर्वोत्तर राज्यों की तरफ जाने वाले थे। इनमें से 189 यात्रियों की जांच हुई। जांच में छह यात्री पॉजिटिव मिले।' अधिकारी ने बताया कि करीब 300 यात्री बिना कोरोना जांच के वहां से निकलने में कामयाब हो गए। उन्होंने  बताया कि यात्रियों का पता लगा लिया जाएगा।

End of Article