ट्रेन के नीचे आने ही वाली थी महिला, तभी 'देवदूत' बनकर आया शख्‍स, बाल-बाल बची जान [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 19, 2021, 06:48 AM IST

चलती ट्रेन में चढ़ना और उतरना, दोनों सुरक्ष‍ित नहीं होता। रेलवे की तरफ से यह सलाह लगातार यात्रियों को दी जाती है। लेकिन लोग इसकी अनदेखी करने से भी बाज नहीं आते। इंदौर के एक रेलवे स्‍टेशन पर ऐसा ही हुआ।

ट्रेन के नीचे आने ही वाली थी महिला, तभी 'देवदूत' बनकर आया शख्‍स, बाल-बाल बची जान [Video]
Photo Credit: ANI

इंदौर : भारतीय रेलवे सुरक्ष‍ित यात्रा के लिए यात्रियों को अनगिनत सलाह देती है, जिनमें से एक यह भी है कि लोग चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। लेकिन अक्‍सर यात्री इन सलाहों को दरकिनार कर अपने मन की कर बैठते हैं, जिसका खामियाजा भी उन्‍हें उठाना पड़ता है। लेकिन लोग हैं कि मानने को तैयार नहीं। मध्‍य प्रदेश के इंदौर में ऐसा ही हुआ जब एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगी।

महिला चलती ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रही थी, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और गिर गई। गिरी भी इस तरह क‍ि वह ट्रेन के नीचे ही जाने वाली थी, लेकिन रेलवे स्‍टेशन पर तैनात एक अलर्ट यात्री तुरंत महिला की तरफ दौड़ा, जिसके बाद महज कुछ ही सेकंड में वहां रेलवे स्‍टेशन पर मौजूद कई यात्री एकत्र हो गए, उधर ट्रेन यात्रियों ने चेन खींच दी, जिससे रेल रुक गई और इस तरह महिला की जान बचा ली गई।

सामने आया वीडियो फुटेज

इंदौर RPF की तरफ से इसका वीडियो फुटेज जारी किया गया है, जिसमें महिला को चलती ट्रेन में सवार होने की कोशिश करते और अचानक फिसलकर गिर जाने तथा यात्रियों द्वारा उसे बचाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना की ओर से दी गई जानकारी मुताबिक, यह घटना मंगलवार की है। महिला एक आदमी और बच्‍चे के साथ ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रही थी।

PRO के मुताबिक, सामान ट्रेन में रखने के बाद महिला के साथ यात्रा कर रहा शख्‍स और बच्‍चा ट्रेन में सवार हो गए। लेकिन महिला फिसलकर गिर गई और चलती ट्रेन के नीचे आने सेक बाल-बाल बची। प्‍लेटफॉर्म पर मौजूद सतर्क यात्री उसे उठाने के लिए दौड़े तो ट्रेन के सहयात्रियों ने चेन खींच दी, जिससे ट्रेन रुक गई और इस तरह महिला की जान बच सकी। 

End of Article