MP में 'डाइवोर्स पार्टी' पर फिरा पानीः वायरल हुए इन्विटेशन कार्ड के बाद विरोध! प्रोग्राम कैंसल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 12, 2022, 07:19 AM IST

'Divorce Celebration' in Bhopal: दरअसल, साल 2014 में रजिस्टर हुई ‘भाई वेलफेयर सोसाइटी’ की ओर से 18 सितंबर, 2022 को शहर के बाहरी क्षेत्र के एक रिजॉर्ट में यह प्रोग्राम होना था, जिसका निमंत्रण पत्र भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। लाल रंग के इन्विटेशन पर सबसे ऊपर लिखा था- डाइवोर्स इन्विटेशन।

MP में 'डाइवोर्स पार्टी' पर फिरा पानीः वायरल हुए इन्विटेशन कार्ड के बाद विरोध! प्रोग्राम कैंसल
Photo Credit: Getty Images

'Divorce Celebration' in Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होने वाला ‘विवाह विच्छेद समारोह’ ('Divorce Celebration') विरोध के बाद रद्द कर दिया गया। रविवार (11 सितंबर, 2022) को आयोजकों ने इसे कैंसल करने का फैसला लिया। कार्यक्रम अगले हफ्ते तलाकशुदा पुरुषों के लिए होना था, जिसे लेकर कुछ संगठनों ने कड़ा रुख अपनाते हुए आपत्ति जताई थी। ऐसे में ‘भाई वेलफेयर सोसाइटी’ (Bhai Welfare Society) नाम के गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) ने इस समारोह को रद्द कर दिया गया।

संगठन के संयोजक जकी अहमद ने रविवार शाम समाचार एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘कुछ संगठनों के विरोध के चलते रिजॉर्ट मालिक की ओर से कार्यक्रमस्थल की बुकिंग कैंसल कर दी गई। ऐसे में सोसाइटी की ओर से यह प्रोग्राम आयोजित न करने का फैसला लिया है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘हम कोई विवाद नहीं चाहते, क्योंकि हमारा मुख्य काम कानूनी मदद मुहैया कराना और लोगों को संकट से उबारने में मदद करना है।’’ वैसे, इससे कुछ ही घंटे पहले अहमद बोले थे- इस ‘विवाह विच्छेद समारोह’ में उन 18 पुरुषों को तलाक मिलने का जश्न मनाया जाएगा, जिन्हें लंबी कानूनी लड़ाई के बाद तलाक मिला है। साथ ही जिन्हें अपनी शादी को खत्म करने के एवज में पूर्व पत्नी (तलाक ले चुकी पत्नी) को भारी-भरकम गुजारा भत्ता देना पड़ रहा है।

बकौल जकी, ‘‘हम डाइवोर्स का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन एक खराब शादी उत्पीड़न और कभी-कभी आत्महत्या की ओर ले जाती है। हम इसे रोकना चाहते हैं। हमारा संगठन ऐसे लोगों को मुफ्त कानूनी मदद दिला रहा है और उन्हें कठोर कदम उठाने से रोकने के लिए परामर्श दे रहा है।’’ अहमद के मुताबिक, इंजीनियर, चिकित्सक और अन्य कामकाजी पेशेवर (जो इस तरह के मामलों के शिकार हुए हैं) भी इस एनजीओ के सदस्य हैं।

Divorce Party, Divorce Celebration, Bhopal, MP

दरअसल, साल 2014 में रजिस्टर हुई ‘भाई वेलफेयर सोसाइटी’ की ओर से 18 सितंबर, 2022 को शहर के बाहरी क्षेत्र के एक रिजॉर्ट में यह प्रोग्राम होना था, जिसका निमंत्रण पत्र भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। लाल रंग के इन्विटेशन पर सबसे ऊपर लिखा था- डाइवोर्स इन्विटेशन।

विवाह विच्छेद समारोह में जयमाला विसर्जन, बारात निर्गमन, सद बुद्धि शुद्धिकरण यज्ञ, जेंट्स संगीत, मानव सम्मान में कार्य करने के लिए सात कदम और सात प्रतिज्ञा के साथ मुख्य अतिथि की ओर से विवाह विच्छेद की डिग्री वितरण कार्यक्रम शामिल थे। साथ ही 11 बजे से प्रीतिभोज भी होना था। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!