Liz Truss : भारत से अच्छे संबंधों की हिमायती हैं लिज ट्रस, जॉनसन की परंपरा को बढ़ाएंगी आगे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 5, 2022, 07:04 PM IST

Liz Truss News : ब्रिटेन के पीएम पद के लिए हुए मुकाबले में विदेश मंत्री लिज ट्रस ने भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हराया है। अब वह ब्रिटेन की अगली पीएम होंगी। लिज भारत के साथ अच्छे संबंध चाहती हैं। वह इस साल की शुरुआत में भारत की यात्रा पर आई थीं।

Liz Truss : भारत से अच्छे संबंधों की हिमायती हैं लिज ट्रस, जॉनसन की परंपरा को बढ़ाएंगी आगे
Photo Credit: AP

Liz Truss : लिज ट्रस ब्रिटेन की अगली प्रधानमंत्री होंगी। पीएम पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में ट्रस ने भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हराया। वोटिंग में लिज को 81,326 वोट और सुनक को 60,399 वोट मिले। सोमवार को पार्टी के सर ग्राहम ब्रैडी ने वेस्टमिंस्टर के क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय सेंटर में नतीजों का ऐलान किया। सुनक पर लिज की बढ़त को देखते हुए उनकी यह जीत पक्की मानी जा रही थी। पीएम पद पर जीत दर्ज करने के बाद ट्रस ने सबसे पहले अपने समर्थकों का शुक्रिया कहा। 

इस साल की शुरुआत में भारत आई थीं लिज
अब चूंकि लिज पीएम होंगी तो ऐसे में भारत के साथ ब्रिटेन के संबंधों पर बात उठनी लाजिमी है। बोरिस जानसन के समय में दोनों देशों के संबंध नई ऊंचाई पर पहुंचे। लिज, जॉनसन सरकार में विदेश मंत्री रह चुकी हैं। वह भारत के साथ अच्छे संबंधों की हिमायती रही हैं। इस साल की शुरुआत में वह भारत की यात्रा पर आई थीं। लिज जिस समय भारती की यात्रा पर आई थीं उस समय यूक्रेन-रूस युद्ध तेज हो चुका था। अपनी इस यात्रा के दौरान लिज ने भारत-ब्रिटेन संबंधों को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत-ब्रिटेन के रिश्तों में मजबूती अब पहले से ज्यादा अहम हो गई है। 

भारत-ब्रिटेन के रिश्तों में मजबूती की पक्षधर हैं
लिज के इस बयान को आज के परिप्रेक्ष्य में रखकर यदि देखा जाए तो जाहिर है कि उनके इस कार्यकाल में भारत और ब्रिटेन के संबंधों में नई रवानगी एवं मजबूती देखने को मिलेगी। रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने कहा, 'भारत और ब्रिटेन के बीच मजबूत संबंध हिंद-प्रशांत सहित वैश्विक स्तर पर सुरक्षा को बढ़ाएंगे। साथ ही इससे दोनों देशों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।'

Britain news PM Liz Truss

पिछले साल मई में पीएम नरेंद्र मोदी और तत्कालीन पीएम बोरिस जॉनसन के बीच वर्चुअल बैठक हुई थी। इस बैठक में आपसी सहयोग को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाने की सहमति बनी। जाहिर है कि वह अपने पूर्ववर्ती जॉनसन की विरासत को आगे बढ़ाएंगी। लिज ट्रस ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले थेरेसा मे एवं मार्ग्रेट थैचर इस पद को संभाल चुकी हैं। 

जानें क्यों भारतीय मूल के ऋषि सुनक नहीं रच पाए इतिहास, इन वजहों से फिसला ब्रिटिश PM का ताज

डेमोक्रेटिक पार्टी से की राजनीतिक जीवन की शुरुआत
ट्रस का जन्म साल 1975 में ऑक्सफ़ोर्ड में हुआ। उनके पिता गणित के प्रोफेसर और मां नर्स रही हैं। ट्रस ने ऑक्सफोर्ड विवि से दर्शनशास्त्र, राजनीति और अर्थशास्त्री की पढ़ाई की। वह पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में सक्रिय हो गईं। शुरुआत में वह लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी में थीं लेकिन बाद में वह कंजर्वेटिव पार्टी से जुड़ गईं। ऑक्सफोर्ड की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह शेल और केबल एंड वायरलेस कंपनियों से जुड़ गईं। उन्होंने साल 2000 में अपने सहकर्मी ह्यूग ओ लैरी से शादी की। लिज के दो बच्चे हैं।

End of Article