नई दिल्ली : आगामी 24 सितंबर को क्वाड समूह की होनी वाली बैठक के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी की यात्रा पर जाएंगे। वह 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित करेंगे। व्हाइट हाउस ने सोमवार रात क्वाड बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि 'अमेरिकी राष्ट्रपति जोसेफ आर बाइडन जूनियर 24 सितंबर को क्वाड नेताओं के सम्मेलन की मेजबानी पहली बार व्हाइट हाउस में करेंगे। राष्ट्रपति बाइडन ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन, भारत के पीएम नरेंद्र मोदी और जापान के पीएम योशिहिडे सुगा का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।'
वर्चुअल नहीं इस बार आमने-सामने होंगे ये नेता
व्हाइट हाउस ने आगे कहा कि बाइडन-हैरिस प्रशासन में क्वाड को ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। गत मार्च में इस समूह के नेताओं की पहली बैठक जो कि वर्चुअल हुई थी, उसमें यह बात देखी गई। इस बार के सम्मेलन में ये नेता एक जगह जुटेंगे। क्वाड नेताओं की मेजबानी आयोजित करना हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साथ मेलमिलाप बढ़ाने के बाइडन-हैरिस प्रशासन की प्राथमिकता उजागर करता है। व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया है कि क्वाड नेता कोरोना से लड़ने, जलवायु परिवर्तन संकट से निपटने, उभरती तकनीक एवं साइबर क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए अपने संबंधों को और मजबूत करेंगे। समहू एक खुले एवं स्वतंत्र हिंद-प्रशांत के विचार को आगे बढ़ाएंगे।
काफी अहम होगी पीएम मोदी की यह यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा काफी अहम होने जा रही है। बाइडन के राष्ट्रपति बनने के बाद पीएम मोदी की यह पहली व्हाइट हाउस की यात्रा होगी। अफगानिस्तान से अमेरिका के निकलने के बाद इस देश में भारत के हित प्रभावित हुए हैं। तालिबान के राज में अफगानिस्तान के साथ किस तरह का संबंध रखना है, इस पर भारत सरकार ने अपना आधिकारिक रुख अभी साफ नहीं किया है। समझा जाता है कि क्वाड में अफगानिस्तान संकट पर भी चर्चा हो सकती है।
इससे पहले 2019 में अमेरिका गए थे पीएम
बाइडन के साथ पीएम मोदी की यह पहली व्यक्तिगत मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों नेता कम से कम तीन बार वर्चुअल एक दूसरे से मिल चुके हैं। गत मार्च में क्वाड सम्मेलन, अप्रैल में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन और जून में जी-7 सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और बाइडन वर्चुअल मिले। पीएम मोदी जी-7 सम्मेलन के लिए ब्रिटेन की यात्रा पर जाने वाले थे लेकिन देश में कोरोना की दूसरी लहर के चलते उन्हें अपनी यह यात्रा स्थगित करनी पड़ी। पीएम मोदी की पिछली अमेरिका यात्रा साल 2019 में हुई थी। इस यात्रा के दौरान पीएम ने 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम को संबोधित किया था।
