'हमारी सरकार होती तो चीन को 15 मिनट में फेंक देते', पीएम मोदी पर फिर हमलावर हुए राहुल गांधी [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 6, 2020, 09:54 PM IST

Rahul Gandhi on China: भारत-चीन तनाव के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी सरकार होती तो सेना चीन को 15 मिनट के भीतर उठा फेंकती।

'हमारी सरकार होती तो चीन को 15 मिनट में फेंक देते', पीएम मोदी पर फिर हमलावर हुए राहुल गांधी [Video]
Photo Credit: ANI

चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है और कहा है कि अगर उनकी सरकार होती तो सेना 15 मिनट के भीतर चीन के सैनिकों को भारतीय क्षेत्र से उठाकर फेंक देती। कांग्रेस नेता ने किसानों, मजदूरों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की कोशिश की और कहा कि प्रधानमंत्री किसानों, मजदूरों की शक्ति नहीं जानते।

राहुल गांधी हरियाणा में रैली को संबोध‍ित कर रहे थे, जब उन्‍होंने एक बार फिर कहा कि चीन 1200 वर्ग किलोमीटर तक हमारे क्षेत्र में घुस आया है और प्रधानमंत्री कहते हैं कि कोई जमीन नहीं हड़पी गई। उन्‍होंने कहा, 'चीन में इतना दम नहीं था कि वह हमारे देश के अंदर एक कदम डाले। दुनिया में आज एक ही देश है, जिसके अंदर किसी अन्‍य देश की सेना आई और 1200 वर्ग किलोमीटर ले गई।'

'15 मिनट में उठाकर फेंक देते'

कांग्रेस नेता ने कहा, 'पूरी दुनिया में एक ही देश है, जिसकी जमीन हड़पी गई... हिन्‍दुस्‍तान। पूरा देश जानता है कि चीन की सेना हिन्‍दुस्‍तान के अंदर है। हमारी सरकार होती तो चीन को 15 मिनट के भीतर उठा के फेंक देते। हमारी सेना, हमारी वायुसेना चीन को उठाकर 100 किलोमीटर पीछे फेंक देती।' पीएम मोदी पर वार करते हुए उन्‍होंने कहा, 'प्रधानमंत्री कहते हैं देश की जमीन किसी ने नहीं ली... ये खुद को देशभक्‍त कहते हैं। ये कैसे देशभक्‍त हैं?'

उन्‍होंने यह भी कहा, 'प्रधनमंत्री देश की शक्ति को नहीं जानते, किसान की शक्ति को नहीं जानते, ये मजदूरों की शक्ति को नहीं जानते, हिन्‍दुस्‍तान की शक्ति को नहीं समझते।' राहुल गांधी केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ ट्रैक्‍टर रैली निकाल रहे हैं। पंजाब के बाद उन्‍होंने हरियाणा का रुख किया, जब उन्‍हें कुछ देर के लिए रोका भी गया। इस पर उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें भले ही 5000  घंटे इंतजार करना पड़े, लेकिन वह नहीं हटेंगे।

End of Article