West Bengal: सियासी टकराव के बीच 'दीदी' के गढ़ में जा रहे अमित शाह, दौरे पर टिकी निगाहें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 16, 2020, 08:18 AM IST

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 19 दिसंबर को बंगाल पहुंच रहे हैं वह दो दिनों तक बंगाल में रहेंगे। अमित शाह डेढ़ महीने दूसरी बार पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंच रहे हैं।

West Bengal: सियासी टकराव के बीच 'दीदी' के गढ़ में जा रहे अमित शाह, दौरे पर टिकी निगाहें

पश्चिम बंगाल (West Bengal) का सियासी पारा गर्माया हुआ है, राज्य में टीएमसी और बीजेपी के बीच टकराव चरम पर है ऐसा हाल की कुछ घटनाओं से सामने आया है, बंगाल में विधानसभा चुनाव जल्दी ही होने हैं जहां टीएमसी के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है वहीं बीजेपी राज्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की पुरजोर कोशिश में हैं,बीजेपी के कद्दावर नेता और गृहमंत्री अमित शाह राज्य का दौरा करने वाले हैं।

शाह के दौरे से सियासी पारा गरमा सकता है ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं वो 19 दिसंबर को बंगाल पहुंच रहे हैं, वह दो दिनों तक बंगाल में रहेंगे करीब डेढ़ महीने पहले भी उन्होंने बंगाल का दौरा किया था। कहा जा रहा है कि इस दौरे में वो मिदनापुर और बोलपुर का भी दौरा कर सकते हैं बांकुरा में शाह की रैली हो सकती है।

राज्य में विधानसभा चुनाव भी होने हैं ऐसे में अब बीजेपी और ममता सरकार के बीच सियासी घमासान बढ़ता जा रहा है। 

जेपी नड्डा और कैलाश वर्गीय के काफिले पर पत्थर और ईंट से हमला

गौरतलब है  कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कैलाश वर्गीय के काफिले पर पत्थर और ईंट से हमला हुआ था दोनों नेताओं के वाहनों पर हमला उस वक्त हुआ जब वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए डायमंड हार्बर जा रहे थे। विजयवर्गीय ने अपने काफिले पर हुए हमले का एक वीडियो साझा किया था विजयवर्गीय ने कहा कि वह इस हमले में घायल हुए हैं।

विजयवर्गीय ने ट्वीट किया था, 'बंगाल पुलिस को पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी, लेकिन एक बार फिर बंगाल पुलिस नाकाम रही। सिराकोल बस स्टैंड के पास पुलिस के सामने ही टीएमसी के गुंडों ने हमारे कार्यकर्ताओं को मारा और मेरी गाड़ी पर पथराव किया।' 

केंद्र को भेजी रिपोर्ट, डीजीपी दिल्ली तलब 

वहीं इस मामले पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले पर गहरी निराशा जताई थी। राज्यपाल ने कहा कि यह अत्यंत परेशान करने वाली घटना है और उन्होंने अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी है। धनखड़ ममता सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और सरकारी तंत्र का राजनीतिकरण हो गया है। इस संबंध में बंगाल बीजेपी यूनिट के अध्यक्ष दिलीप घोष ने स्थानीय प्रशासन और अमित शाह को खत लिखा था। वहींभाजपा महासचिव और पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा को बुलेट प्रूफ कार से अपग्रेड किया गया। उन्हें वर्तमान में जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। हाल में हुए हमले में उन्हें चोट आई थी।

End of Article