कांग्रेस ने RSS की 'जलती हुई ड्रेस' की शेयर, भड़की बीजेपी कहा-कांग्रेस को 'आग' से इतना प्यार क्यों? ये 'भारत जोड़ो' नहीं 'आग लगाओ यात्रा'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 12, 2022, 04:22 PM IST

Fire on RSS Dress : कांग्रेस पार्टी के एक ट्वीट पर बीजेपी हमलावर है कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर आरएसएस की ड्रेस को जलते हुए दिखाया है।

कांग्रेस ने RSS की 'जलती हुई ड्रेस' की शेयर, भड़की बीजेपी कहा-कांग्रेस को 'आग' से इतना प्यार क्यों? ये 'भारत जोड़ो' नहीं 'आग लगाओ यात्रा'
Photo Credit: Twitter

Fire on RSS Dress Congress Tweet: कांग्रेस पार्टी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है, इसे लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच एक दूसरे पर तंज कसने का सिलसिला जारी है, इस बीच  राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की ड्रेस को लेकर किए गए कांग्रेस (Congress) के विवादित ट्वीट पर भारी बवाल हो रहा है।

कांग्रेस पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से RSS की ड्रेस की एक तस्वीर साझा की गई, जिसमें एक खाकी हाफ पैंट को एक तरफ से जलता हुआ दिखाया गया है,कैप्शन में लिखा गया, 'देश को नफरत की बेड़ियों और बीजेपी-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान से मुक्त करते हुए हम कदम से कदम मिलाकर अपने लक्ष्य पर पहुंचेंगे,' तस्वीर पर लिखा गया, '145 दिन और चलना है'

इस पूरे मामले में बीजेपी ने बहुत ही आक्रामक रुख अपनाया है और कांग्रेस से पोस्ट हटाने के लिए कहा है, पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कहा कि, 'कांग्रेस लोगों को उकसाना चाह रही है इसलिए यह ट्वीट किया है,इनकी भारत जोड़ो यात्रा दरअसल 'आग लगाओ यात्रा' है।'

साथ ही संबित पात्रा ने पूछा है कि कांग्रेस को आग से इतना प्यार क्यों है? संबित पात्रा ने कहा, 'जिस प्रकार से राहुल गांधी भारत जोड़ों के नाम पर नफरत फैला रहे हैं, उसका खुलासा बीजेपी ने किया है,  कांग्रेस पार्टी ने विवादित ट्वीट किया है, आप सभी जानते हैं कि इनकी भारत जोड़ो यात्रा अभी केरल में है, संघ के कितने कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है और होती रही है,  इस तस्वीर के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने संदेश भेजा है वहां के आतंकवादियों को, ये भारत जोड़ो है? 

वहीं बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट किया, '1984 में कांग्रेस की आग ने दिल्ली को जला दिया, इसके पारिस्थितिकी तंत्र ने 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया था, उन्होंने फिर से अपने पारिस्थितिकी तंत्र से हिंसा का आह्वान किया है।'

बीजेपी ने भी आक्रामक रुख दिखाते हुए कांग्रेस से इस पोस्ट को तुरंत हटाने की बात कही है वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इस विषय में बात करने से इंकार करते हुए इतना कहा कि अगर बीजेपी इसे मुद्दा बनाना चाहती है तो इसका मतलब साफ है कि वह घबराए हुए हैं।

End of Article