Akhilesh Yadav: कल्पना से परे होगी यूपी में बीजेपी की हार, बोले- अखिलेश यादव, हकीकत या बड़बोलापन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 4, 2021, 10:46 PM IST

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव का कहना है कि 2022 में यूपी विधानसभा में बीजेपी की हार इतनी बड़ी होगा जिसके बारे में सोच पाना संभव नहीं होगा।

Akhilesh Yadav: कल्पना से परे होगी यूपी में बीजेपी की हार, बोले- अखिलेश यादव, हकीकत या बड़बोलापन

नई दिल्ली। प्रमुख अखिलेश यादव ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी इतने बड़े अंतर से हारेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बिहार विधानसभा चुनाव जैसी स्थिति नहीं होगी। वहां तो महागठबंधन की सरकार बन रही थी, लेकिन बीजेपी ने सत्ता छीन ली। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा इतने बड़े अंतर से हारेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। सपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बहुमत नहीं होने के बावजूद तीन कृषि कानून जबरन पारित करा लिये।

ईवीएम पर भरोसा ना तब ना अब
ईवीएम पर पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि, "ईवीएम के बारे में मैं आज भी कह रहा हूं कि उस पर किसी को भरोसा नहीं है। हाल में अमेरिका का चुनाव मतपत्रों से हुआ। उसमें भी कई दिनों तक मतगणना हुई। मत पत्रों से मतदान कराने पर लोगों का भरोसा बहाल होगा। हालांकि यह लड़ाई अभी लड़ी नहीं जा सकती।"उन्होंने कहा कि हम प्रशिक्षण शिविर चला रहे हैं। समाजवादी पार्टी से जुड़े सारे लोग अपना वोट डाल देंगे तो भाजपा अपने आप हार जाएगी। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी ईवीएम की व्यवस्था खत्म करने के लिए अभियान चलाएगी।


गरिमाहीन है योगी सरकार
उन्होंने कहा कि सदन के भीतर सरकार अपनी गरिमा खो चुकी है। सदन के भीतर सरकार की भाषा बदल गई है। इससे मालूम चलता है कि अब सरकार जाने वाली है। लोकतंत्र में ठोक दो की भाषा नहीं हो सकती। संस्थाओं को खत्म करने का काम इससे पहले कभी नहीं हुआ। सरकार को विपक्ष की कोई परवाह नहीं।उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के किसानों के साथ सरकार ने धोखेबाजी की। झांसी, महोबा, ललितपुर के किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं। सरकार ने कर्ज माफी का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं किया। जनता सरकार से ऊब चुकी है। आने वाले चुनाव में वह इसे हटाने का काम करेगी।

बीजेपी की आईटी सेल कर रही है बदनाम
अखिलेश ने हाथरस कांड में सपा कार्यकर्ता के नाम आने को नकारते हुए इसे भाजपा आईटी सेल की साजिश बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस गांव में यह घटना हुई, वहां हमारी पार्टी का एक भी कार्यकर्ता नहीं है। सरकार सदन में गलत बयानी कर रही है। उसके आईटी सेल कार्यकर्ता सपा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

End of Article