Rajyasabha Election: BJP ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची, UP से हरदीप सिंह पुरी, अरूण सिंह उम्मीदवार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 27, 2020, 07:31 AM IST

9 नवंबर को राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। इस सिलसिले में बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। यूपी से हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल और नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया गया है।

Rajyasabha Election: BJP ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची, UP से हरदीप सिंह पुरी, अरूण सिंह उम्मीदवार

नई दिल्ली : भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अगले माह नौ नवंबर को राज्‍यसभा की 10 सीटों और उत्तराखंड की एक सीट पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार को नौ उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, पार्टी महासचिव अरूण सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को अपना उम्मीदवार बनाया है।भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए नरेश बंसल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उत्तर प्रदेश के लिए जारी सूची में प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल का भी नाम शामिल है।

बीजेपी ने इन लोगों को दिया टिकट
भाजपा ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने जिन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है उनमें उत्तर प्रदेश से हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, हरिद्वार दूबे, बृजलाल, नीरज शेखर, गीता शाक्य, बीएल वर्मा और सीमा द्विवेदी के नाम शामिल है।पार्टी ने उत्तराखंड से नरेश बंसल को उम्मीदवार घोषित किया है।

कम से कम 8 सीट जाएंगी बीजेपी के खाते में 
राज्‍यसभा के चुनाव में उत्तर प्रदेश में संख्‍या बल के आधार पर आठ सीटों पर भाजपा की एकतरफा जीत दिख रही है, जबकि एक सीट आराम से सपा को मिल जाएगी। कांग्रेस और सुहेलेदेव भारतीय समाज पार्टी जैसे दल साथ मिलकर चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं।उत्तर प्रदेश कोटे से राज्‍यसभा में 25 नवंबर को रिक्‍त होने वाली दस सीटों में इस समय भाजपा के पास तीन, सपा के पास चार, बसपा के पास दो और कांग्रेस के पास एक सीट है।

इस समय यूपी विधानसभा में 395 सदस्य
विधानसभा सचिवालय के एक अधिकारी के अनुसार 403 सदस्‍यों वाले सदन में मौजूदा समय में 395 सदस्‍य हैं। राज्‍यसभा सीट जीतने के लिए एक उम्‍मीदवार को 37 विधायकों के मतों को प्राप्त करना जरूरी है। सदन में भाजपा के 304 और सपा के 48 सदस्‍यों के अलावा बसपा के 18, अपना दल (एस) के नौ, कांग्रेस के सात, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार और अन्‍य छोटे दलों समेत पांच निर्दलीय विधायक हैं।

उत्तर प्रदेश के कोटे से 25 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे 10 राज्‍यसभा सदस्‍यों में भाजपा के तीन - केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह और नीरज शेखर शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के प्रोफेसर राम गोपाल यादव, चंद्रपाल सिंह यादव, राम प्रकाश वर्मा और जावेद अली खान और बसपा के राजाराम और वीर सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इनके साथ ही कांग्रेस के पीएल पूनिया का भी कार्यकाल पूरा हो रहा है।सपा की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने पिछले दिनों अपना नामांकन दाखिल किया।










End of Article