भाजपा सांसद और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के एक दावे को लेकर जब बिहार के सीएम नीतीश कुमार से सवाल पूछा गया तो वो हंसने लगे। यह सवाल उस दावे पर आधारित था, जिसमें सुशील कुमार मोदी ने कहा था कि महागठबंधन की सरकार गिर जाएगी।
दरअसल सुशील मोदी ने कहा था कि आपसी फूट के कारण वर्तमान नीतीश सरकार गिर जाएगी। इसी को लेकर एक कार्यक्रम को दौरान नीतीश कुमार से जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि सुशील मोदी को ऐसा जल्द करने के लिए कहिए।
नीतीश कुमार ने कहा- "जल्दी कहिए सुशील मोदी को, सुशील जी कह रहे हैं तो कहिए जल्दी करा दीजिए। ताकि फिर उनको कुछ जगह मिल जाए। जब सरकार बनी तो उनको नहीं न कुछ बनाया।"
बिहार के सीएम की इस बात पर उनके साथ खड़े उनके सहयोगी नेता भी हंसने लगे। वहीं नीतीश ने कहा कि जब सुशील मोदी को पद नहीं मिला तो उसकी तकलीफ उन्हें थी। सीएम ने कहा- हम बेचारे कुछ बोल रहे हैं। तो उनको जरूर कुछ बोलना चाहिए। रोज बोलेंगे तो अगर केंद्र वाले लोग उनसे फिर खुश हो जाएं तो बड़ी खुशी की बात होगी।"
बता दें कि पिछली एनडीए की सरकार को छोड़ दें तो सुशील ंमोदी नीतीश सरकार में बीजेपी की तरफ से उप मुख्यमंत्री बनते रहे थे। उनके पास वित्त विभाग भी रहता था। लेकिन जब पिछली बार एनडीए की सरकार बनी और बीजेपी ने सुशील मोदी का पत्ता काट दिया। जिसके बाद उनकी नाराजगी को लेकर भी खबर आई थी।
वहीं पिछली जब नीतीश कुमार राजद के साथ गए थे तो सुशील मोदी काफी एक्टिव हो गए थे, रोज प्रेस कांफ्रेंस करके हमला बोला करते थे। राजद को घेरा करते थे, इस बार फिर से वो एक्टिव दिख रहे हैं। नीतीश सरकार खासकर तेजस्वी यादव और राजद के खिलाफ वो लगातार हमले कर रहे हैं।

