देश में कोरोना केस 2 करोड़ के पार, राहुल गांधी बोले-अब पूर्ण लॉकडाउन ही उपाय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2021, 11:56 AM IST

Cororn Cases in India : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि अब कोरोना के संक्रमण पर रोक लगाने का एक ही उपाय बचा है और वह पूर्ण लॉकडाउन है।

देश में कोरोना केस 2 करोड़ के पार, राहुल गांधी बोले-अब पूर्ण लॉकडाउन ही उपाय
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमण के आंकड़े मंगलवार को दो करोड़ को पार कर गए। केंद्रीय संवास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट में मंगलवार को कहा गया कि बीते 24 घंटे में देश में संक्रमण के 3,57,229 नए मामले सामने आए जबकि 3,449 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ देश में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 2,02,82,833 हो गई। बेकाबू हुई कोरोना की दूसरी लहर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि अब कोरोना के संक्रमण पर रोक लगाने का एक ही उपाय बचा है और वह पूर्ण लॉकडाउन है।

'सरकार की वजह से लोगों की गई जान'
कांग्रेस नेता ने कहा कि संक्रमण पर काबू पाने के लिए सरकार ने अब तक जो भी उपाय किए हैं वे नाकाफी साबित हुए हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार की अक्षमता की वजह से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा, 'कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने का अब एक ही उपाय बचा है और वह है पूर्ण लॉकडाउन। सरकार को न्याय योजना के तहत लॉकडाउन से प्रभावित होने वाले लोगों को सुरक्षा देनी चाहिए। भारत सरकार की कदम उठाने में कोताही लोगों की जान ले रही है।'

राहुल ने कहा था-केंद्र में सरकार बनने पर लागू करेंगे न्याय योजना
बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव के समय राहुल गांधी ने वादा किया कि केंद्र में उनकी सरकार बनने पर उनकी सरकार न्यूनतम आय सहायता योजना  लागू करेगी। इसके तहत देश के 5 करोड़ परिवार या 25 करोड़ लोगों को सालाना 72 हजार रुपये दिए जाने का वादा किया गया। कांग्रेस का दावा है कि यह योजना देश की 20 फीसदी गरीब जनता के लिए है। राहुल ने केरल में भी इस योजना को लागू करने का वादा किया था। 

1.50 करोड़ का आंकड़ा पार करने में 15 दिन लगे
भारत में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा गत 19 दिसंबर को एक करोड़ पार कर गया। इसके 107 दिन बाद पांच अप्रैल को संक्रमण के मामले 1.25 करोड़ पर पहुंच गए। हालांकि महामारी के मामलों को 1.50 करोड़ का आंकड़ा पार करने में महज 15 दिन लगे। आंकड़ों के मुताबिक, इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या 1,66,13,292 पर पहुंच गई है जबकि मृत्यु दर 1.10 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। 

देश में कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा घातक
देश में कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा घातक साबित हुई। महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, बिहार, यूपी और दिल्ली ऐसे 10 राज्य हैं जहां कोरोना संक्रमण के मामले ज्यादा आ रहे हैं। कोरोना की गंभीर स्थिति को देखते हुए दुनिया के 40 से ज्यादा देश भारत की मदद कर रहे हैं। अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी पूरी करने के लिए विदेशों से ऑक्सीजन सिलेंडर एवं अन्य मेडिकल सामग्री भारत पहुंच रही है। अमेरिका मेडिकल सामग्री की पांच खेप भारत आ चुकी है।

End of Article