Amit Shah Jammu visit: 'अब नहीं होगा अन्‍याय, न थमेगी विकास की रफ्तार', जम्‍मू में गरजे अमित शाह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 24, 2021, 03:57 PM IST

देश के गृह मंत्री अमित शाह के जम्‍मू कश्‍मीर दौरे का आज दूसरा दिन है। इस दौरान वह जम्‍मू पहुंचे और कहा कि अब यहां के लोगों के साथ अन्‍याय नहीं होने दिया जाएगा। इसे श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान की भूमि करार देते हुए उन्‍होंने कहा कि यहां विकास की रफ्तार अब बाधित नहीं होने दी जाएगी।

Amit Shah Jammu visit: 'अब नहीं होगा अन्‍याय, न थमेगी विकास की रफ्तार', जम्‍मू में गरजे अमित शाह
Photo Credit: ANI

जम्‍मू : देश के गृह मंत्री अमित शाह जम्‍मू कश्‍मीर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन वह जम्‍मू पहुंचे, जहां उन्‍होंने दोहराया कि जम्‍मू कश्‍मीर के विकास को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्‍होंने एक देश, एक विधान की बात की तो श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी और प्रेमनाथ डोगरा के बलिदान का भी जिक्र किया। इस दौरान वह कांग्रेस, नेशनल कॉन्‍फ्रेंस (NC) और पीपुल्‍स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) पर भी बरसे और इन पर जम्‍मू कश्‍मीर के 'दोहन' का आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने रविवार को अपने जम्‍मू कश्‍मीर दौरे के दूसरे दिन कहा, 'मैं आज यह कहने के लिए जम्मू आया हूं कि जम्मू के लोगों के साथ अन्याय का समय समाप्त हो गया है। अब आपके साथ कोई अन्याय नहीं कर सकता। कुछ लोग यहां विकास को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आपको विश्वास दिलाना चाहते हैं कि जम्‍मू कश्‍मीर में विकास के जिस युग की शुरुआत हो चुकी है, उसे कोई भी बाधित नहीं कर पाएगा।

'शांति भंग करने वालों को नहीं होने देंगे सफल'

उन्‍होंने कहा, 'यह मंदिरों की भूमि है, माता वैष्णो देवी, प्रेम नाथ डोगरा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान की भूमि है। हम जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने वालों को सफल नहीं होने देंगे।' केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, आज प्रेमनाथ डोगरा की जयंती है. भारत के लोग उन्हें नहीं भूल सकते। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ मिलकर नारा दिया था कि एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे।

यहां के लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस, नेकां, पीडीपी पर निशाना साधा और कहा, 'जब हमने नई औद्योगिक नीति पेश की तो आपका शोषण करने वाले तीन परिवार मजाक उड़ाते हुए कहते थे कि यहां कौन आएगा। लेकिन पीएम मोदी की इस पहल से अब तक यहां 12,000 करोड़ रुपये का निवेश आया है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि साल 2022 से पहले यहां 51,000 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। युवाओं को लाखों रोजगार दिए जा रहे हैं।'

End of Article