ममता बनर्जी को टक्कर देंगे अधीर रंजन चौधरी! कांग्रेस ने सौंपी प्रदेश की कमान 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 10, 2020, 07:39 AM IST

Adhir Ranjan Chowdhury: कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पार्टी की कमान अधीर रंजन चौधरी को सौंपी है। चौधरी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एवं टीएमसी के मुखर आलोचक हैं। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

ममता बनर्जी को टक्कर देंगे अधीर रंजन चौधरी! कांग्रेस ने सौंपी प्रदेश की कमान 
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल कांग्रेस को अपना नया अध्यक्ष मिल गया है। कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अधीर रंजन चौधरी को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। चौधरी लोकसभी में कांग्रेस के नेता भी हैं। समझा जाता है कि पश्चिम बंगाल में 2021 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनकी यह नियुक्ति हुई है। चौधरी प्रदेश कांग्रेस का बड़ा चेहरा है। बता दें कि सोमेन मित्रा के निधन के बाद से पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष का पद रिक्त था। 

कांग्रेस ने बयान जारी कर दी जानकारी
एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से बुधवार रात जारी एक बयान में कहा गया, 'कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से श्री अधीर रंजन चौधरी को पश्चिम बंगाल कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस मौके पर पार्टी दिवंगत श्री सोमेन मित्रा की सेवाओं को भी याद करती है। उनके असामयिक निधन से कांग्रेस कार्यकर्ता कमी महसूस कर रहे थे। मित्रा को उनके कार्यों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।'

अगले साल राज्य में होंगे विस चुनाव
पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस इस बार मुकाबले को दिलचस्प एवं कड़ा बनाना चाहती है। अधीर प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता और ममता बनर्जी एवं टीएमसी के मुखर आलोचक रहे हैं। कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक मुद्दों पर उन्होंने टीएमसी सरकार पर जमकर हमले किए हैं। समझा जाता है कि पार्टी कैडरों में नया आत्म विश्वास भरने के लिए कांग्रेस ने राज्य में पार्टी की कमान चौधरी के हाथों सौंपी है।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता हैं चौधरी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर चौधरी की नियुक्ति हो जाने के बाद से यह कयास भी लगने शुरू हो गए हैं कि क्या वह लोकसभा में कांग्रेस के नेता पद पर बने रहेंगे क्योंकि पार्टी सिद्धांत के मुताबिक कांग्रेस एक व्यक्ति एक ही पद पर रहता है। 

End of Article