सरकार इन कर्मचारियों को अब बढ़ाकर देगी सैलरी, 'ड्यूटी कॉल-अप' भत्ते में कर दिया 38% इजाफे का ऐलान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 8, 2022, 06:54 AM IST

7th Pay Commission Latest News in Hindi: सूबे के सीएम की अनुमति के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस भत्ते में वृद्धि करने का फैसला लिया गया था।

सरकार इन कर्मचारियों को अब बढ़ाकर देगी सैलरी, 'ड्यूटी कॉल-अप' भत्ते में कर दिया 38% इजाफे का ऐलान

7th Pay Commission Latest News in Hindi: ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार ने राज्य पुलिस के तहत काम करने वाले होमगार्ड के जवानों के लिए राहत भरा कदम उठाया है। ऐसा इसलिए, क्योंकि राज्य सरकार ने उन्हें अब बढ़ाकर सैलरी देने का फैसला किया है। रविवार को सरकार ने इन जवानों के ‘ड्यूटी कॉल-अप’ भत्ते में 38 फीसदी के इजाफे का ऐलान कर दिया।

सीएम पटनायक की ओर से हरी झंडी के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई एक बैठक हुई थी, जिसमें ‘ड्यूटी कॉल-अप’ भत्ते में 38 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया था।

बढ़ोतरी के बाद होमगार्ड के जवानों को पहले के 9,000 रुपए के बजाय अब हर महीने 12,480 रुपए ड्यूटी कॉल-अप भत्ता के तौर पर मिलेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्हें पहले दिए जाने वाले अन्य भत्ते भी मिलेंगे। 

वेतन आयोग की सिफारिशों के हिसाब से बढ़ाया था HBA
वैसे, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इससे पहले 12 जुलाई को प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए हाउस बिल्डिंग एडवांस (एचबीए) में बढ़ोतरी की घोषणा की थी। यह निर्णय सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार लिया गया था।

इन कर्मचारियों के भत्ता में की गई थी वृद्धि 
यही नहीं, इससे पहले एक मई को पटनायक सरकार ने राज्य में अर्ध-कुशल, कुशल और उच्च कुशल श्रेणियों के कर्मचारियों को दिया जाने वाला परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (वीडीए) भी बढ़ाया था। अकुशल के लिए न्यूनतम मजदूरी 326 रुपए, अर्ध-कुशल के लिए 366 रुपए, कुशल के लिए 416 रुपए और अत्यधिक कुशल श्रमिकों के लिए 476 रुपए कर दी थी। 

End of Article