देश

लोगों को राहुल की कड़ी मेहनत को समझना चाहिए, नहीं तो सरकार गलत तरीके से चुनाव जीतते रहेगी, बोले रॉबर्ट वाड्रा

रॉबर्ट वाड्रा ने आरोप लगाया, मुझे लगता है कि अगर हम अभी जागरूक नहीं हुए, तो यह सरकार गलत तरीके से चुनाव जीतती रहेगी, चलती रहेगी, लोगों को बांटती रहेगी और लोगों को और परेशानी में डालती रहेगी।

Image

रॉबर्ट वाड्रा की जनता से अपील (PTI)

Robert Vadra: राहुल गांधी के "वोट चोरी" के आरोपों के बीच उनके बहनोई और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा ने गुरुवार को कहा कि लोगों को राहुल की कड़ी मेहनत को समझना चाहिए, अन्यथा भाजपा गलत तरीके से चुनाव जीतती रहेगी। वाड्रा ने हरियाणा के पंचकूला स्थित गुरुद्वारा नाडा साहिब में मत्था टेका और लंगर हॉल में सेवा की। उन्होंने लंगर भी खाया। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश में शांति और आपसी भाईचारा बना रहना चाहिए।

कहा- केंद्र हर तरह से गलत काम कर रही है

उन्होंने कहा, मेरी धार्मिक यात्रा पूरे देश में होती है। मैं यहां आया और माथा टेका। वाड्रा ने कहा, जैसा कि सभी जानते हैं कि सरकार (केंद्र) हर तरह से गलत काम कर रही है। इसे रोका जाना चाहिए। राहुल और प्रियंका कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लोगों को जागरूक होना चाहिए। देश के नागरिकों को जागरूक होना चाहिए और उन्हें राहुल की मेहनत समझनी चाहिए और उन्होंने इसका सबूत भी दे दिया है। सब कुछ सामने है।

अगर हम अभी जागरूक नहीं हुए, तो...

उन्होंने आरोप लगाया, मुझे लगता है कि अगर हम अभी जागरूक नहीं हुए, तो यह सरकार गलत तरीके से (चुनाव) जीतती रहेगी, चलती रहेगी, लोगों को बांटती रहेगी और लोगों को और परेशानी में डालती रहेगी। कुछ दिन पहले राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने बिहार में मतदाता सूची के संशोधन के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था और वोट चोरी का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने कहा था कि चुनाव आयोग चुप है क्योंकि उनके इस आरोप के बाद कि कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र में उनकी पार्टी द्वारा किए गए एक शोध में एक लाख से ज्यादा वोट फर्जी पाए गए, सच्चाई पूरे देश के सामने है।

मैं 24 बार प्रवर्तन निदेशालय गया

हरियाणा जमीन सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए, वाड्रा ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। देखिए, मैं 24 बार प्रवर्तन निदेशालय गया। वे जो पूछ रहे हैं, यह मामला 20 साल पुराना है। उनके पास शुरू से ही सारी जानकारी है। मैंने सारे जवाब दे दिए हैं और मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। उन्हें सबूत दिखाने चाहिए। मैं देश में हूं और जब भी वे मुझे बुलाते हैं, मैं वहां पहुंच जाता हूं। अब और स्पष्टीकरण देने की कोई जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, आगे जो भी होगा, हम देखेंगे। मैं सारे जवाब दे रहा हूं। डरने की कोई जरूरत नहीं है और छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। वाड्रा ने इससे पहले 2008 के हरियाणा भूमि सौदे से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article