देश

'आओ उनसे कुछ जमीनी बात करें', US ट्रेड डील पर शायराना अंदाज में मोदी सरकार पर हमलावर हुए अखिलेश

सपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार से सवाल पूछा कि जब सब कुछ विदेश से आएगा तो किसान क्या करेगा? साथ ही उन्होंने पूछा कि अमेरिका के साथ डील के लिए 11 महीने का इंतजार क्यों करना पड़ा? सपा नेता ने कहा कि इस डील से अमेरिका को भारत का बाजार मिला है। भारत में विदेश से चीजें यदि आएंगी तो आत्मनिर्भर भारत का क्या होगा?

Image

लोकसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।

Photo : PTI

Akhilesh Yadav: भारत-अमेरिका ट्रेड डील विपक्ष के निशाने पर है। विपक्षी नेता डील के ब्योरे को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे हैं। अब समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला है। मंगलवार को लोकसभा में शायराना अंदाज में हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 'अमेरिका से डील नहीं बल्कि ढील हुई है...।' उन्होंने आगे कहा कि 'क्यूं झूठे ख्यालों में दिन रात करें, जो बातें हैं हवा में बातों के महल, आओ उनसे कुछ जमीनी बात करें।'

अखिलेश ने पूछा-तो आत्मनिर्भर भारत का क्या होगा?

सपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार से सवाल पूछा कि जब सब कुछ विदेश से आएगा तो किसान क्या करेगा? साथ ही उन्होंने पूछा कि अमेरिका के साथ डील के लिए 11 महीने का इंतजार क्यों करना पड़ा? सपा नेता ने कहा कि इस डील से अमेरिका को भारत का बाजार मिला है। भारत में विदेश से चीजें यदि आएंगी तो आत्मनिर्भर भारत का क्या होगा?

लोकसभा की कार्यवाही हंगामेदार रही

इससे पहले लोकसभा की कार्यवाही हंगामेदार रही। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही जब एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे आरंभ हुई तो विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की मांग है कि सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति मिले। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ही पीठासीन सभापति पी सी मोहन ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने विपक्षी सदस्यों से अपील की कि वे बजट पर चर्चा करें।

'बजट का समय है, बजट पर चर्चा कीजिए'

रीजीजू ने कहा, 'बजट का समय है, बजट पर चर्चा कीजिए। चर्चा शुरू हो चुकी है और कांग्रेस सदस्य शशि थरूर का नाम बोलने के लिए पुकारा जा चुका है।’ उनका कहना था कि विपक्षी दलों के कई नेता बोलना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस के सदस्य हंगामा कर रहे हैं। मंत्री ने कहा, 'आप लोग सदन की गरिमा बहुत गिरा चुके हैं, और ज्यादा गिराने की आवश्यकता नहीं हैं। बजट पर चर्चा होने दीजिए।’ हंगामा नहीं थमने पर पी सी मोहन ने 12 बजकर छह मिनट पर सदन की बैठक अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले, हंगामे के कारण प्रश्नकाल भी नहीं चल सका। प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्य विभिन्न मुद्दों पर लेकर हंगामा करने लगे।

सदन में गतिरोध की स्थिति बनी हुई है

समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद इकरा चौधरी ने हंगामे के बीच ही पूरक प्रश्न पूछा और पशु पालन, मत्स्य पालन और डेयरी राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल ने उत्तर देना शुरू किया। इसी बीच शोर-शराबा बढ़ने पर पीठासीन सभापति ने बैठक दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। पिछले सप्ताह राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़ा विषय उठाने की अनुमति नहीं मिलने, सदन की अवमानना के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित किए जाने तथा अन्य मुद्दों को लेकर सदन में गतिरोध की स्थिति बनी हुई है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article