देश

LPG Crisis पर बोले अखिलेश यादव, भाजपा ने लाइन के सिवा कुछ नहीं दिया है

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एलपीजी संकट को लेकर केंद्र की भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर झूठे प्रचार, कमजोर नीतियों और जनता को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसलों से लोगों को सिर्फ लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा है।

Image

अखिलेश यादव बोले भाजपा झूठे प्रचार पर चलती है

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने भाजपा की तुलना हिटलर शाही से की है। उन्होंने मौजूदा LPG Crisis पर बात करते हुए कहा कि भाजपा ने लाइन के सिवा कुछ नहीं दिया।

अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, आज सुबहह ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का ट्वीट अंग्रेजी में आया। कुछ दिन पहले उनकी पोल खुल गई, इसलिए अंग्रेजी में ट्वीट आया। उन्होंने कहा, एक एमओयू को लेकर न सिर्फ यूपी में, बल्कि देश में भी भाजपा की चर्चा हुई। पूर्व मुख्यमंत्री ने यूपी की भाजपा सरकार के अब तक के सभी एमओयू की पोल खोल जांच की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री आरोप लगाया कि जो एमओयू हुए हैं, वह उन कंपनियों से हुए हैं, जिन कंपनियों का कोई आधार नहीं था। कोई ऐसा फाइनेंशियल बैकग्राउंड नहीं था। सिर्फ उत्तर प्रदेश की जनता को धोखा देने के लिए ये एमओयू किए गए, एक माहौल बनाने के लिए किए गए। उन्होंने भाजपा को इवेंट पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी झूठे प्रचार पर चलती है, फॉल्स प्रोपेगेंडा पर चलती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि हिटलर के जमाने में तो जर्मनी की सरकार में एक केवल प्रोपेगेंडा मिनिस्टर बनाया जाता था। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार में केंद्र और प्रदेश में सभी मंत्री और जितने भी पदों पर बैठे हैं, सब प्रोपोगेंडा मिनिस्टर हैं। सभी अपने आपको पीएम समझते हैं। झूठ बोलने में नंबर एक और ये बात तो ट्वीट पढ़ने के बाद ही पता लग जाएगा।

अखिलेश ने आगे कहा, क्योंकि आपने 14.2 किलो से हटा करके 10 किलो का सिंडर कर दिया। इसका मतलब आपके पास हर सिलेंडर में 4 किलो से ज्यादा पर्याप्त गैस थी, जो दूसरे सिंडर में भर करके दे सकते थे। उन्होंने पूछा इसके लिए आपने क्या तैयारी की? तैयारी तो कम, लेकिन कोरोना की याद दिला दी। इसीलिए मैं कहना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ने लाइन के सिवा कुछ नहीं दिया है।

इनके सभी फैसलों से ये आप सबको लाइन में लगा देते हैं। लेकिन इस बार जनता ने भी मन बना लिया है कि लाइन में लगकर के इनका सफाया करने का काम करेंगे। इसीलिए ये लोग पीडीए से घबराए हुए हैं। पीडीए का भी फुल फॉर्म नहीं जानते। जो एआई का फुल फॉर्म नहीं जानते हैं, वो पीडीए को क्या समझेंगे? पीडीए का दुख दर्द क्या समझेंगे? उन्हें जो अपमानित होना पड़ रहा है वो क्या समझेंगे? उनकी परेशानी क्या समझेंगे? जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए बढ़ता चला जाएगा। इसलिए पीडीए के लोगों को सम्मान दिलाने के लिए हम समाजवादी लोग पीडीए के लोगों को जोड़कर आगे बढ़ने जा रहे हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article