देश

Ajit Pawar Last Post: अजित पवार ने मरने से पहले किसे किया था याद, क्या थी आखिरी पोस्ट, जिसे कुछ देर बाद ही कर दिया गया डिलीट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया गया अजित पवार का आखिरी पोस्ट वायरल हो रहा है, हालांकि उनके आखिरी पोस्ट को निधन के कुछ देर बाद ही डिलीट कर दिया गया। आइए जानते हैं कि अजित पवार के आखिरी पोस्ट में क्या था और उसे क्यों डिलीट कर दिया गया।

Image

अजित पवार का निधन।

महाराष्ट्र की राजनीति के पावर सेंटर कहे जाने वाले अजित पवार का आज एक दुखद हादसे में निधन हो गया। उनके निधन के बाद राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश में शोक है। महाराष्ट्र में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस बीच, इंटरनेट पर लोग अजित पवार के बारे में सर्च कर रहे हैं। उनके बारे में जानकारी ढू़ंढ रहे हैं। इन सबके बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया गया अजित पवार का आखिरी पोस्ट वायरल हो रहा है, हालांकि उनके आखिरी पोस्ट को निधन के कुछ देर बाद ही डिलीट कर दिया गया। आइए जानते हैं कि अजित पवार के आखिरी पोस्ट में क्या था और उसे क्यों डिलीट कर दिया गया।

अजित पवार का आखिरी पोस्ट

निधन से पहले अजित पवार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जो आखिरी पोस्ट किया है वो उनकी मौत के बाद अब वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने लाला लालपत राय को याद किया था। मराठी में किए गए इस आखिरी पोस्ट में उन्होंने लिखा था,'महान स्वतंत्रता सेनानी और स्वराज्य के प्रचारक,पंजाब केसरी लाला लाजपत राय जी को जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया!उनकी देशभक्ति हमें हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। उनका यह पोस्ट हादसे से कुछ देर पहले ही किया गया था।

अजित पवार की आखिरी पोस्ट, जो हो रही वायरल।

अजित पवार की आखिरी पोस्ट, जो हो रही वायरल।

अब नहीं दिख रहा पोस्ट

हालांकि उनका यह पोस्ट अब उनके आधिकारिक हैंडल पर नहीं दिख रहा है। निधन के कुछ देर बाद ही इसे हटा दिया गया। शायद ऐसा उनकी टीम ने किया होगा। बावजूद इसके पोस्ट के स्क्रीन शॉट वायरल हो रहे हैं।

घड़ी से हुई पवार के शव की पहचान

बुधवार सुबह महाराष्ट्र के बारामती में हुए एक भीषण चार्टर विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया। विमान लैंडिंग के दौरान रनवे के पास क्रैश होकर आग का गोला बन गया, जिसमें सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे की भयावहता इतनी थी कि शवों की पहचान करना मुश्किल था। अंततः अजित पवार की पहचान उनकी कलाई पर बंधी घड़ी से हुई, जो इत्तेफाक से उनकी पार्टी (NCP) का चुनाव चिह्न भी है।

चश्मदीदों ने सुनाई दास्तान

हादसे के वक्त वहां मौजूद एक स्थानीय निवासी ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे उन्होंने एक चार्टर विमान को हवा में लड़खड़ाते देखा। चश्मदीद के मुताबिक, "हम यहीं पास में रहते हैं, पीछे ही एयरस्ट्रिप है। हमने देखा कि प्लेन लैंड करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह रनवे पर उतरने के बजाय आगे निकल गया। कुछ देर बाद वह मुड़ा और दोबारा लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन रनवे से कुछ ही मीटर पहले वह क्रैश हो गया।" जैसे ही विमान गिरा, उसमें भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की और करीब 15-20 मिनट की मशक्कत के बाद जब आग काबू में आई, तो अंदर का दृश्य भयावह था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article