देश

Ahmedabad ISKCON Bridge एक्सीडेंट की जांच पुलिस आयुक्त की निगरानी में होगी, सीएम भूपेंद्र पटेल ने दिया आदेश

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 20, 2023, 09:23 PM IST

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में बुधवार देर रात इस्कॉन ब्रिज पर हुए सड़क हादसे की घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए उस संबंध में गुरुवार को गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई।

KEY HIGHLIGHTS

  1. एक सप्ताह में आरोप पत्र दाखिल कर मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा
  2. महानगरों में वाहन ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान को और अधिक गहन तथा व्यापक बनाने के निर्देश दिए गए
  3. मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की ताकीद की ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी घटना न हो

मुख्यमंत्री ने इस हादसे में दो पुलिस कर्मियों सहित नौ व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु पर उनके परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की सहायता घोषित की है।इतना ही नहीं, इस हादसे में घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता और उपचार का संपूर्ण खर्च भी देने का निर्णय किया है।

गुजरातः SUV-डंपर की टक्कर के बाद लोगों को रौंद गई बेकाबू जैगुआर कार, पुलिसकर्मी समेत नौ की मौत

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस हादसे का शिकार बने व्यक्तियों के परिवारों और सोला हॉस्पिटल में उपचाराधीन घायलों की मदद के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री ऋषिकेशभाई पटेल को तत्काल सोला सिविल हॉस्पिटल पहुंचने का निर्देश दिया था। जिसके अनुसार वहां पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने उपचार सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहायता की।

इस हादसे में शामिल दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानून कार्रवाई

गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने भी घटना स्थल का दौरा कर अहमदाबाद शहर पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर हादसे की वजहों को लेकर विस्तार से जानकारी हासिल की।गृह राज्य मंत्री सहित उच्च अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम और इस घटना के बाद पुलिस विभाग द्वारा उठाए गए कदमों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने इस उच्च स्तरीय बैठक में इस हादसे में शामिल दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानून कार्रवाई, हिरासत में लेने और संपूर्ण निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। जिसके अनुसार, अहमदाबाद शहर पुलिस आयुक्त की सीधी देखरेख में एक संयुक्त पुलिस आयुक्त, तीन पुलिस उपायुक्त और पांच पुलिस निरीक्षक इस हादसे के संबंध में जांच कर रहे हैं।

वाहनों की स्पीड आदि की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महानगरों से गुजरने वाले हाईवे सहित राज्य भर में हाईवे पर वाहनों की स्पीड आदि की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क और महानगरों के हाईवे पर लाइट पोल के संबंध में पुलिस, सड़क एवं भवन, शहरी विकास विभाग तथा स्थानीय प्राधिकरण के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्था को और भी मजबूत बनाने के मुख्य सचिव को निर्देश दिए। इस बैठक की चर्चाओं में यह भी बताया गया कि महानगरों में वाहनों की ओवरस्पीडिंग और रैश ड्राइविंग यानी खतरनाक या लापरवाह ड्राइविंग तथा स्टंट करने वाले युवाओं के खिलाफ शुरू किए गए विशेष अभियान को और अधिक सख्त एवं व्यापक बनाया जाएगा।

हादसे में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक उपायों सहित कार्रवाई

इस मामले को अत्यधिक गंभीर और अति आवश्यक मामला मानते हुए एक सप्ताह में आरोप पत्र दाखिल करने तथा विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति कर इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की कार्यवाही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य सरकार इस सड़क हादसे में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक उपायों सहित कार्रवाई करने को पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, ताकि भविष्य में अहमदाबाद में हुए इस हादसे जैसी घटनाएं दोबारा न हो और समाज में एक मिसाल कायम हो।

इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव राज कुमार, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव के. कैलाशनाथन, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मुकेश पुरी, पुलिस महानिदेशक श्री विकास सहाय, मुख्यमंत्री के सलाहकार एस.एस. राठौर, परिवहन एवं बंदरगाह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार दास, सड़क एवं भवन विभाग के सचिव ए.के. पटेल, अहमदाबाद मनपा आयुक्त, पुलिस आयुक्त तथा रोड सेफ्टी अथॉरिटी के अध्यक्ष ललित पाडलिया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article