पूर्व CJI गवई पर जूता फेंकने वाले वकील राकेश किशोर से कोर्ट में मारपीट, वीडियो में 'सनातन धर्म की जय हो' बोलते नजर आए
- Edited by: Nitin Arora
- Updated Dec 9, 2025, 03:01 PM IST
दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में वकील राकेश किशोर को वकीलों ने चप्पलों से पीटा। घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है। वीडियो में वह सनातन धर्म की जय हो जैसे नारे लगाते नजर आए और साथ ही मारपीट करने वालों से पूछा कि आखिर क्यों उन्हें मारा जा रहा है?
पूर्व CJI गवई पर जूता फेंकने वाले वकील राकेश किशोर से कोर्ट में मारपीट (Video स्क्रीनग्रैब)
BR Gavai Shoe Attack News: दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में वकील राकेश किशोर को कुछ वकीलों ने चप्पलों से पीटा। किशोर ने हाल ही में पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर जूता फेंक कर हंगामा किया था। जब यह मारपीट की घटना हुई तो राकेश किशोर कोर्ट में मौजूद थे। तभी कुछ वकीलों ने उन्हें घेर लिया। जहां उनसे मारपीट, धक्का-मुक्की की गई। उनपर चप्पलों से हमला किया गया। इसके बाद मौके पर कोर्ट सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव करके उन्हें बाहर निकाला।
घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है, लेकिन वकील पर हमले का कारण अभी तक पता नहीं चला है। लेकिन इसको पूर्व CJI पर हमले से जोड़कर देखा जा रहा है। वीडियो में राकेश किशोर को 'सनातन धर्म की जय हो' जैसे नारे लगाते हुए देखा गया। साथ ही वह मारपीट करने वालों से पूछते हैं कि आखिर उन्हें क्यों पीटा जा रहा है?
CJI पर जूता फेंका गया
यह घटना 6 अक्टूबर को मेंशनिंग आवर्स के दौरान हुई, जब CJI जस्टिस चंद्रन के साथ बैठे थे। हालांकि 71 साल के किशोर को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन CJI के कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को चार्ज न लगाने का निर्देश देने के बाद उन्हें उसी दिन बाद में रिहा कर दिया गया।
उस घटना पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में गवई ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि उन्होंने अपने सामने बहस कर रहे वकील से कहा कि 'बस इसे नजरअंदाज कर दें।' 'मैं इन सब से विचलित नहीं हूं। आप भी विचलित न हों और केस को आगे बढ़ाएं।'
पूर्व CJI गवई ने कहा कि उन पर या उनकी डेस्क पर कुछ नहीं गिरा। उन्होंने बताया, 'मैंने सिर्फ आवाज सुनी। शायद वह किसी टेबल या कहीं और गिरी हो।' उन्होंने आगे कहा, 'मैंने उन्हें सिर्फ यह कहते सुना 'मैंने गवई साहब की तरफ फेंका था'। शायद उन्होंने जो फेंका वह कहीं और गिरा और वह समझाने की कोशिश कर रहे थे।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।