Bihar Elections 2025: आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी चुनाव में बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी की बिहार कमेटी के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।
आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह (फोटो साभार: @SanjayAzadSln)
संजय सिंह ने क्या कुछ कहा?
आम आदमी पार्टी बिहार प्रभारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और राज्य कमेटी के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि हम बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। संजय सिंह का यह बयान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भाजपा के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के ध्वस्तीकरण अभियान के खिलाफ पटना में पार्टी के विरोध प्रदर्शन के बीच आया।
'जहां झुग्गी वहीं मकान...'
इस दौरान संजय सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से झुग्गी-झोपड़ियों को गिराने की अभियान रोकने और 'जहां झुग्गी वहीं मकान' का वादा पूरा करने के लिए कहें। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिहार के लोगों की दुकानों और घरों को तोड़े जाने के संबंध में मैं चाहतूा हूं कि बिहार के मुख्यमंत्री पीएम मोदी से इसे रोकने के लिए कहें...
बिहार में कब होगा चुनाव?
बिहार में अक्टूबर या नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है। आगामी चुनाव में भाजपा, जदयू और लोजपा से मिलकर बने राजग के सामने अपनी सत्ता को बरकरार रखने की चुनौती होगी, जबकि राजद, कांग्रेस और वामपंथी दलों से मिलकर बना इंडी गठबंधन नीतीश कुमार की सत्ता को उखाड़ फेंकने के इरादे से चुनावी मैदान में उतरेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
