LIVE

वृंदावन में बड़ा हादसा; बांके बिहारी मंदिर के पास गिरा छज्जा, सात श्रद्धालु हुए घायल

मथुरा के वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास एक इमारत के छज्जे का एक हिस्सा गिरने से कई लोग घायल हो गए। CMO मथुरा डॉ. राधावल्लभ ने बताया, "बांके बिहारी मंदिर के आस-पास में एक छज्जा गिरने की घटना हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। उन्हें प्राथमिक तौर पर पहले वृंदावन लाया गया। वहां पर लोगों को भर्ती किया गया। उनमें से पांच लोगों को सिर पर चोट लगी थीं।

Nitin AroraUpdated Jun 9, 2026, 23:48 IST
Follow on Google News
वृंदावन में बड़ा हादसा; बांके बिहारी मंदिर के पास गिरा छज्जा, सात श्रद्धालु हुए घायल

वृंदावन में बड़ा हादसा; बांके बिहारी मंदिर के पास गिरा छज्जा, सात श्रद्धालु हुए घायल

मथुरा के जिला मजिस्ट्रेट सी.पी. सिंह ने बताया, "आज शाम 6:00 से 6:15 के बीच कुछ श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद अपने गंतव्य वापस जा रहे थे, उस दौरान मौसम खराब हुआ। लगभग साढ़े 300 मीटर दूर, गली नंबर 5 के सामने वाली गली में एक मकान के छज्जे का कुछ हिस्सा टूटकर गिर गया। इसमें 7 लोग घायल हुए हैं। वे खतरे से बाहर हैं। उनका इलाज जारी है। लोग अफवाह फैला रहे हैं कि मंदिर में हादसा हुआ है, यह बिल्कुल गलत है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं।"

इजरायल-ईरान युद्ध और ट्रंप को झटका: अंतरराष्ट्रीय मंच पर तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को बेहद कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था कि 'बीबी, तुम्हें सावधान रहने की जरूरत है।' लेकिन इजरायल ने इस चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए ईरान पर हवाई हमले कर दिए। इस कदम ने ट्रंप की मध्यस्थता और क्षेत्र में शांति बहाली के दावों को बड़ा झटका दिया है।

H-1B वीजा पर अमेरिकी कोर्ट का बड़ा फैसला: भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स और अमेरिकी टेक कंपनियों के लिए अमेरिका से एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर आई है। अमेरिकी अदालत ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के उस विवादित फैसले को 'अवैध' करार देकर रद्द कर दिया है, जिसके तहत H-1B वीजा पर 1,00,000 डॉलर (लगभग 84 लाख रुपये) की भारी-भरकम फीस लगाने का प्रस्ताव था। कोर्ट के इस फैसले से भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों को बड़ी राहत मिली है।

उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ा झटका: घरेलू मोर्चे पर, केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए एलपीजी (LPG) सब्सिडी के दायरे को छोटा कर दिया है। अब इस योजना के लाभार्थियों को एक साल में केवल 4 सिलेंडरों पर ही सब्सिडी दी जाएगी। इस कोटे के खत्म होने के बाद गरीब परिवारों को बाजार की पूरी कीमत पर सिलेंडर खरीदना होगा, जिससे रसोई का बजट बिगड़ना तय है।

दिल्ली जिमखाना क्लब पर हाई कोर्ट की तीखी टिप्पणी: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक दिल्ली जिमखाना क्लब को खाली कराने के सरकारी नोटिस पर दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार के प्रति बेहद कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने सरकार को फटकार लगाते हुए एक बेहद भावुक और सख्त टिप्पणी की कि अगर इसी तरह ऐतिहासिक और ओपन ग्रीन स्पेस वाली जगहों को बंद किया गया, तो हम सब घुट-घुट कर मर जाएंगे। हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को इस बेदखली नोटिस पर तुरंत पुनर्विचार करने का आदेश दिया है।

JUN 09, 2026 22:19 IST

चेन्नई एयरपोर्ट के सामने पहाड़ी के नीचे आग लग गई

JUN 09, 2026 20:43 IST

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्थित एक फैक्ट्री में आग लग गई।

JUN 09, 2026 20:14 IST

मथुरा में श्रद्धालुओं से भरी बस को ट्रक ने टक्कर मारी; 24 घायल, सात की हालत गंभीर

मध्य प्रदेश से पुरुषोत्तम मास में धार्मिक यात्रा पर मथुरा आए श्रद्धालुओं से भरी एक बस को मंगलवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बस सवाल 24 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीतम पाल सिंह ने बताया कि पुरुषोत्तम मास की वजह से मध्य प्रदेश के सागर, धार और इंदौर जिलों के तीन दर्जन यात्री मंगलवार तड़के तीर्थ यात्रा पर ट्रेन से मथुरा पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु मथुरा जंक्शन से एक निजी बस में सवार होकर वृंदावन के स्वामी अखण्डानन्द आश्रम में चल रही भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। सीओ ने बताया कि तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जैंत कट पर मुड़ते समय दिल्ली की ओर से आ रहे ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बस को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में करीब 24 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लेकिन अब भी सात श्रद्धालुओं का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
JUN 09, 2026 19:26 IST

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में हादसा

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में एक हादसा हो गया। जहां एक छज्जा गिरने से चार से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
JUN 09, 2026 19:17 IST

महाराष्ट्र के पुणे में दो श्रमिकों की मौत

महाराष्ट्र के पुणे जिले में शेफ्लर इंडिया संयंत्र में रखरखाव कार्य के दौरान गैस रिसाव से दो श्रमिकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है।
JUN 09, 2026 18:15 IST

तमिलनाडु के सीएम विजय 10 जून को आएंगे दिल्ली, नीति आयोग की मीटिंग में शामिल होने की संभावना

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय बुधवार को दिल्ली के तीन दिन के दौरे पर आएंगे। इस दौरान संभावना जताई जा रही है कि वे नीति आयोग की मीटिंग में भी शामिल हो सकते हैं।
JUN 09, 2026 18:11 IST

भोपाल में विधानसभा परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती

भोपाल में विधानसभा परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। कुछ ही देर में रिटर्निंग ऑफिसर इस मामले पर अपना फैसला सुनाने वाले हैं। यह पूरा मामला कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन से जुड़ा है, जिस पर भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप है कि नामांकन पत्र में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां छुपाई गई हैं। पार्टी ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष शिकायत करते हुए कहा है कि तेलंगाना कोर्ट में दर्ज आपराधिक मामले की जानकारी फॉर्म में नहीं दी गई है। इसके अलावा संपत्ति के विवरण को भी गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है। इस शिकायत पर रिटर्निंग ऑफिसर आज शाम 5:30 बजे निर्णय सुनाएंगे।
JUN 09, 2026 18:11 IST

रोहतक में जूतों के शो रूम में लगी भयानक आग

रोहतक में जूतों के शो रूम में लगी भयानक आग से हड़कंप मच गया। कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
JUN 09, 2026 17:18 IST

राजस्थान के जयपुर की पटाखा फैक्टरी में आग लगने से तीन लोगों की मौत, पांच अन्य झुलसे

राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो-नागोरियन क्षेत्र में मंगलवार को एक मकान में कथित तौर पर संचालित पटाखा फैक्टरी में आग लगने से तीन लोगों की झुलस कर मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी में कहा गया है कि हादसे में झुलसे लोगों को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह एक पटाखा फैक्टरी थी, जिसमें मजदूर काम कर रहे थे। पुलिस ने कहा कि फॉरेसिंक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) द्वारा जांच की जा रही है।

​सवाई मानसिंह अस्पताल की अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि हादसे के बाद लाए गए तीन लोगों की मौत हुई है। जयपुर कलक्टर संदेश नायक ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि आग को अग्निशमन कर्मियों की सहायता से बुझा दिया गया है। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि आग लगने से पहले धमाके की आवाज सुनाई दी थी। उसने बताया, ’’हमने धमाके की आवाज सुनी और तुरंत मकान की ओर दौड़े। पानी डालकर अंदर घुसे और कुछ लोगों को बाहर निकाला।’’ चश्मदीद के मुताबिक घटनास्थल पर झुलसे हुए दो लोग सड़क पर तड़पते हुए पाए गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें कपड़ों से ढककर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इससे पहले, जयपुर (पूर्व) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक सिंघल ने बताया, ’’हादसे के बाद पांच अन्य लोगों को मौके से बचा कर उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया है।"
JUN 09, 2026 17:16 IST

बेंगलुरु में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में कथित रूप से प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने 14.94 लाख रुपये बाजार मूल्य का मादक पदार्थ और एक कार जब्त करने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि मुखबिरों के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि मराठाहल्ली, बोम्मनहल्ली, पुलकेशिनगर और भारतीनगर पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में गांजा, एमडीएमए, मेथामफेटामीन और कोडीन कफ सिरप जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेचे जा रहे थे।

​पुलिस के अनुसार, इस सूचना के आधार पर, स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए और मुखबिरों द्वारा बताए गए स्थानों पर छापेमारी की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन अभियानों के दौरान अलग-अलग तारीखों पर कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अन्य राज्यों के तीन व्यक्ति और एक स्थानीय निवासी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कबूल किया कि त्वरित लाभ कमाने के इरादे से, वे राज्य के बाहर और स्थानीय दोनों जगहों के अज्ञात आपूर्तिकर्ताओं से गांजा, एमडीएमए, मेथामफेटामीन और कोडीन कफ सिरप जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों को कम कीमतों पर खरीद रहे थे।"

​अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने इन पदार्थों को आम जनता और कॉलेज के छात्रों को अधिक कीमत पर बेचा। पुलिस ने बताया कि उन्होंने 10.2 किलोग्राम गांजा, 20 ग्राम एमडीएमए, 10.03 ग्राम मेथामफेटामीन, 2.5 किलोग्राम कोडीन कफ सिरप और अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की है। उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 7.47 लाख रुपये है जबकि बाजार मूल्य लगभग 14.94 लाख रुपये है। उन्होंने कहा, "आरोपियों को मादक पदार्थ मुहैया कराने वाले अज्ञात स्थानीय और अंतरराज्यीय आपूर्तिकर्ताओं की पहचान और पता लगाने के प्रयास जारी हैं। इन मामलों में जांच की जा रही है।" पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
JUN 09, 2026 15:44 IST

ममता बनर्जी के घर के सामने TMC पार्टी ऑफिस पहुंची CBI की टीम

CID की एक टीम कालीघाट में TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी के घर के सामने TMC पार्टी ऑफिस पहुंची। एक और टीम जल्द ही पहुंचेगी। यह साइन केस से जुड़ा है, सोवनदेब चट्टोपाध्याय को LoP बनाने वाले लेटर में, लेटर हेड पर उसी पार्टी ऑफिस का पता था।
JUN 09, 2026 15:01 IST

केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित

केरल के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे विशेष रूप से राज्य के उत्तरी जिलों में व्यापक जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और कुछ क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश से कोझिकोड जिले के शहरी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

टेलीविजन चैनलों के दृश्यों में कोझिकोड शहर के कई हिस्सों, विशेषकर बीच रोड क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति दिखाई दी। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

त्रिशूर जिले में संभावित भूस्खलन की आशंका के मद्देनजर अधिकारियों ने मट्टाथुर ग्राम पंचायत के अरेश्वरम क्षेत्र से पांच परिवारों को स्थानीय सरकारी विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में स्थानांतरित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक आई तेज हवाओं के कारण त्रिशूर जिले के कुछ हिस्सों में पेड़ उखड़ गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सुबह करीब पौने नौ बजे विल्वट्टम, नदथारा और पूचट्टी सहित अन्य क्षेत्रों में चक्रवाती हवाएं चलीं जिससे कई पेड़ उखड़ गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
JUN 09, 2026 15:00 IST

कांगो में इबोला के 550 मामलों में से 101 मरीजों की मौत

पूर्वी कांगो में इबोला का प्रकोप घोषित होने के एक महीने से भी कम समय में इसके संक्रमण से मृतकों की संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक इबोला वायरस के संक्रमण के कुल 550 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 101 लोगों की मौत हो गई और 19 मरीजों के ठीक होने की पुष्टि की गई है।

यह प्रकोप मुख्य रूप से कांगो के पूर्वी प्रांत इटुरी में केंद्रित है, जहां कुल मामलों के 90 प्रतिशत से अधिक दर्ज किये गये हैं। कुछ मामले नॉर्थ किवु और साउथ किवु प्रांतों में भी सामने आए हैं और यह संक्रमण सीमा पार कर युगांडा तक फैल चुका है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि वास्तविक मामलों की संख्या इससे अधिक हो सकती है, क्योंकि प्रकोप की पहचान देरी से हुई और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी तथा स्वास्थ्य प्रतिक्रिया में गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं।
JUN 09, 2026 13:52 IST

राम चरण की ‘पेड्डी' ने पांच दिनों में 315 करोड़ रुपये की कमाई की

JUN 09, 2026 13:50 IST

पंड्या और रोहित को एकदिवसीय क्रिकेट में वापसी के लिए सीओई की स्वीकृति मिली

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की खेल विज्ञान टीम ने रविवार से अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने की मंजूरी दे दी।

पंड्या और रोहित चोटों के कारण मुंबई इंडियन्स के लिए आईपीएल के कई मैच नहीं खेल पाए थे। जहां पंड्या पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे थे तो वहीं रोहित की पैर की मांसपेशियों में खिंचाव था। पंड्या दो जून से बेंगलुरु में सीओई में हैं।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ’’दो जून को सीओई में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। अगले पांच दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की।’’

सूत्र ने कहा, ’’उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक सीओई में स्ट्रेंथ और अनुकूलन कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है।’’

पूर्व कप्तान रोहित भी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की जांच के लिए सीओई में थे और जांच के बाद उन्हें भी खेलने की स्वीकृति मिल गई है।
सोमवार को भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास पंड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है।

पंड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं।
JUN 09, 2026 11:21 IST

दिल्ली में कल होगी NDA की बैठक

कल दिल्ली में होगी NDA की बैठक। बताया जा रहा है कि बीते दिन इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद अब NDA की बड़ी बैठक होने जा रही है। दोपहर 3 बजे भारत मंडपम में होगी NDA नेताओं की बैठक। सरकार के 12 साल पूरा होने के मौके पर बैठक में होगी चर्चा।
JUN 09, 2026 11:20 IST

पिनराई विजयन की बेटी को समन

अधिकारियों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पिनराई विजयन की बेटी वीना विजयन को 12 जून को पेश होने के लिए समन जारी किया है।
JUN 09, 2026 10:33 IST

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन हुआ है। इस मामले में डिप्टी जेलर जया यादव को हटाया गया। जया यादव पर गिरिबाला और समर्थ को वीआईपी ट्रीटमेंट देने का आरोप है। इस संबंध में जानकारी की पुष्टि होने के बाद उन्हें हटा दिया गया। जेल प्रबंधन ने यह कारवाई की है।
JUN 09, 2026 10:22 IST

हेलीकॉप्टर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट पर

रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड: मॉनसून की बारिश के बीच केदारनाथ में हेलीकॉप्टर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। खराब विजिबिलिटी के कारण उड़ानें रोकी गईं। इस पर DM विशाल मिश्रा ने कहा, "ऑपरेटरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि मौसम से जुड़ी चेतावनी का पूरी तरह से पालन करें... मौसम खराब होने की स्थिति में उड़ान नहीं भरनी है। मौसम प्रणाली के इस सिस्टम से हम लोगों को आगाह कर पा रहे हैं और हमें पता चलता है कि खराब मौसम की वजह से कई बार कुछ हैलीकॉप्टर नहीं उड़े हैं। हम खराब मौसम की सूचना एडवांस में देकर लोगों को सुरक्षित रख पा रहे हैं।"
JUN 09, 2026 09:29 IST

यूक्रेन के हमलों के बाद रूस, क्रीमिया के तेल प्रतिष्ठानों में आग लगी

यूक्रेन की सेना ने रूस और कब्जे वाले यूक्रेन में तेल प्रतिष्ठानों पर हमला किया। यूक्रेन और रूस के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यूक्रेन का यह हमला रूस को युद्ध के लिए आर्थिक रूप से जवाबदेह ठहराने के अभियान का हिस्सा था। इसके अलावा, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुष्टि की है कि रूसी व्यवसायी रोमन अब्रामोविच ने यूक्रेन और रूस के बीच संदेशों के आदान प्रदान के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाई।

जेलेंस्की ने ’स्काई न्यूज’ को बताया कि प्रीमियर लीग टीम चेल्सी के पूर्व मालिक अब्रामोविच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का संदेश लेकर कीव गए थे। जेलेंस्की ने कहा कि अब्रामोविच यह संदेश लेकर आए थे कि रूसी पक्ष ’’यह समझना चाहता है कि हम क्या करने के लिए तैयार हैं’’। उन्होंने यह भी कहा कि अब्रामोविच ने पुतिन तक उनका जवाब पहुंचाने का प्रस्ताव दिया था।

इस बीच, यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा कि रूस के खिलाफ प्रस्तावित नए प्रतिबंधों में रूस के ’’सैन्य औद्योगिक परिसर, मानवाधिकार उल्लंघनकर्ताओं और प्रचारकों’’ को लक्ष्य कर बनाए गए 80 बिंदु शामिल हैं।