
आज की ताजा खबर (Taza Khabar) 5 जनवरी 2024: मार्कोस कमांडो ने छुड़ाया हाईजैक जहाज; T20 वर्ल्डकप शेड्यूल का ऐलान
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 5 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम पर छापेमारी के दौरान हमला हुआ। उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में छापेमारी के दौरान ईडी टीम को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए। राशन घोटाला मामले में ईडी की टीम बनगांव में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शंकर आध्या के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम के एक सदस्य ने कहा कि मौके पर आठ लोग आए थे। हम तीन लोग घटनास्थल से चले गए। जब हम आए तो उन्होंने हम पर हमला कर दिया। वहीं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अंतरिक्ष में अपने अभियान का आकलन करने और भविष्य के अभियानों के लिए प्रणालियों के डिजाइन के लिए आंकड़ें एकत्रित करने के वास्ते एक ईंधन सेल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। यहां स्थित अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि अभियानों को दक्षता प्रदान करने और केवल पानी का उत्सर्जन करने वाली ये ईंधन सेल अंतरिक्ष में बिजली उत्पादन का भविष्य हैं। विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र/इसरो ने अपने कक्षीय प्लेटफॉर्म पोअम 3 में 100 वॉट वर्ग की पॉलीमर इलेक्ट्रोलाइट मेमब्रेन फ्यूल सेल आधारित ऊर्जा प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। पोअम 3 का पीएसएलवी-सी58 से एक जनवरी को प्रक्षेपण किया गया था। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 5 जनवरी (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।