
आज की ताजा खबर, 31 अक्टूबर, 2022: मोरबी पुल हादसे की जांच के लिए SIT गठित, मंगलवार को PM मोदी जाएंगे मोरबी
आज की ताजा खबर 31 अक्टूबर 2022, Aaj Ki Taza Khabar, Hindi News , Hindi Samachar Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार पटेल की जयंती पर) कहा- मैं एकता नगर में हूं, पर मेरा मन मोरबी के पीड़ितों से जुड़ा है। शायद ही जीवन में मैंने बहुत कम ऐसी पीड़ा अनुभव की होगी। एक तरफ करूणा से भरा पीड़ित दिल है तो दूसरी ओर कर्त्तव्य पथ है। जिन लोगों को अपना जीवन गंवाना पड़ा हैं, मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इससे पहले, बिहार की राजधानी पटना से लेकर अमेरिका (यूएसए) के विभिन्न शहरों में सोमवार सुबह (भारतीय समयानुसार) छठ महापर्व की छठा देखने को मिली। व्रतियों ने सुबह सवेरे घाट पर पहुंच कर सूर्य को अर्घ्य दिया। उधर, गुजरात के मोरबी में केबल ब्रिज गिरने से जुड़े हादसे में अब तक कुल 100 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 177 लोग रेस्क्यू कराए गए हैं। वहीं, 19 लोगों का इलाज चल रहा है। सोमवार (31 अक्टूबर, 2022) सुबह गुजरात सूचना विभाग की ओर से समाचार एजेंसी एएनआई को यह भी बताया गया कि सेना, नौसेना, वायु सेना, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड तलाशी अभियान चला रही हैं। वैसे, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर सोमवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वार्षिक सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान देंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा के आदमपुर में तीन नवंबर को हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार अभियान खत्म होने से एक दिन पहले 31 अक्टूबर को रोडशो करेंगे, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी एक नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एक रैली आयोजित करेंगे। पढ़ें, देश-दुनिया की ताजा खबरें, यहां: