LIVE

आज की ताजा खबर, 30 सितंबर 2023: RBI ने बढ़ाई 2000 रुपये जमा करने की डेडलाइन; ज्ञानवापी तहखाने के अधिकार मामले पर सुनवाई पूरी

आलोक कुमार रावUpdated Oct 1, 2023, 00:03 IST

Aaj Ki Taza Khabar 30th 2023 today latest hindi news
आज की ताजा खबर, 30 सितंबर 2023: RBI ने बढ़ाई 2000 रुपये जमा करने की डेडलाइन; ज्ञानवापी तहखाने के अधिकार मामले पर सुनवाई पूरी

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 30 सितंबर और बड़ी खबरें: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपये के नोट को बदलने और बैंक में जमा कराने की डेडलाइन बढ़ा दी है। रिजर्व बैंक ने कहा कि लोगों के लिए 2000 रुपये के नोट बदलने और जमा करने की समय सीमा को 30 सितंबर 2023 से बढ़ाकर 7 अक्टूबर 2023 कर दिया गया है। इसके अलावा रिजर्व बैंक ने कहा कि 7 अक्टूबर के बाद भी 2000 रुपये के नोट वैध रहेंगे। वहीं वाराणसी की जिला अदालत ने ज्ञानवापी परिसर स्थित व्यास जी के तहखाने की चाबी यहां के जिलाधिकारी को सौंपने का आग्रह करने वाली एक याचिका पर शनिवार को सुनवाई पूरी करते हुए आदेश चार अक्‍टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया। जिला शासकीय अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने बताया कि ज्ञानवापी स्थित व्यास जी के तहखाने को जिलाधिकारी को सौंपने संबंधित प्रकरण में दाखिल स्थानांतरण आवेदन पर शनिवार को जिला न्यायाधीश ए के विश्वेश ने सुनवाई पूरी करते हुए आदेश चार अक्टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं।

SEPT 30, 2023 22:16 IST

सपा विधायक जाहिद बेग ने सीएम योगी से की मुलाकात

समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को बुरी खबर मिल सकती है। उत्तर प्रदेश के भदोही से सपा विधायक जाहिद बेग ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की है। खास बात तो ये थी कि उनके साथ दारा सिंह चौहान भी मौजूद थे। आखिर यूपी की सियासत में क्या खिचड़ी पक रही है? पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 19:43 IST

राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग सख्त

राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। अधिकारियों को मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी गंभीरता और सावधानी से करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक की। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 18:53 IST

PoK में बड़ा बवाल, सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर यानि कि पीओके (PoK) में बड़ा बवाल चल रहा है। लोग पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हुए हैं। पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता, अब बिजली बिल में बेतहाशा वृद्धि को लेकर सड़कों पर उतर आई है। लोग सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे हैं। बिजली न देने की कसम खा रहे हैं। बिल को नदी में फेंक दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 18:52 IST

ज्ञानवापी परिसर मामला: तहखाने के अधिकार मामले पर सुनवाई पूरी

वाराणसी की जिला अदालत ने ज्ञानवापी परिसर स्थित व्यास जी के तहखाने की चाबी यहां के जिलाधिकारी को सौंपने का आग्रह करने वाली एक याचिका पर शनिवार को सुनवाई पूरी करते हुए आदेश चार अक्‍टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया। जिला शासकीय अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने बताया कि ज्ञानवापी स्थित व्यास जी के तहखाने को जिलाधिकारी को सौंपने संबंधित प्रकरण में दाखिल स्थानांतरण आवेदन पर शनिवार को जिला न्यायाधीश ए के विश्वेश ने सुनवाई पूरी करते हुए आदेश चार अक्टूबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 18:50 IST

RBI ने बढ़ाई 2000 रुपये जमा करने की डेडलाइन, जानें लास्ट डेट

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपये के नोट को बदलने और बैंक में जमा कराने की डेडलाइन बढ़ा दी है। रिजर्व बैंक ने कहा कि लोगों के लिए 2000 रुपये के नोट बदलने और जमा करने की समय सीमा को 30 सितंबर 2023 से बढ़ाकर 7 अक्टूबर 2023 कर दिया गया है। इसके अलावा रिजर्व बैंक ने कहा कि 7 अक्टूबर के बाद भी 2000 रुपये के नोट वैध रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 16:41 IST

छत्तीसगढ़ के चुनावी मैदान पर पीएम मोदी ने कांग्रेस को कोसा

पीएम मोदी ने दावा किया है कि कांग्रेस सरकार के अत्याचारों से त्रस्त छत्तीसगढ़ की जनता कह रही है कि अब और नहीं सहेंगे बदल के रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज मैं आपको ये गारंटी देने के लिए आया हूं कि आपके हर सपने को साकार करने के लिए मोदी कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा। आपका सपना मोदी का संकल्प है। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 15:46 IST

ओबीसी वोटर्स की गोलबंदी, किसको-कितना होगा फायदा

संसद में महिला आरक्षण बिल के पास होने के बाद ओबीसी वोटर्स का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा था। इसके बाद पूरा विपक्ष इस वोटर्स के इस समुदाय की गोलबंदी करने में जुट गया है। विपक्ष अपनी रैलियों में जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाकर इस मौके को लुभाने की कोशिश कर रहा है, तो भाजपा भी पूरी तरह से अटैकिंग मोड में आ गई है। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 15:44 IST

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश को बताया भ्रष्टाचार का मुख्य केंद्र

राहुल गांधी ने दावा किया है कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहले देश में ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए हम जाति जनगणना कराएंगे। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है कि हमें हिंदूस्तान का एक्स-रे करना है। राहुल ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। पढ़ें पूरी खबर
SEPT 30, 2023 14:41 IST

6 दिन में 8 रैलियां करेंगे पीएम मोदी

इस साल के अंत तक चार राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। चारों राज्यों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार की कमान खुद अपने हाथ में ले ली है। शनिवार (आज ) से वह इन राज्यों में ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार शुरू करने वाले हैं। अगर प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम को देखा जाए तो वे अगले छह दिनों में चार चुनावी राज्यों में आठ रैलियां करने वाले हैं।
SEPT 30, 2023 13:40 IST

इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने जीता टॉस

भारत और इंग्लैंड के बीच आज यानी शनिवार को वॉर्मअप मैच खेला जा रहा है। गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
SEPT 30, 2023 13:27 IST

'वोट देना है तो दो, देसी-विदेशी नहीं मिलेगी'

लोकसभा चुनाव से पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने साफ कर दिया है कि वह इस बार वोटर्स को लुभाने के लिए कोई खास इंतजाम नहीं करने वाले हैं। गडकरी ने कहा है कि वह सिर्फ लोगों की ईमानदारी से सेवा करेंगे और ना खाऊंगा और ना खाने दूंगा की तर्ज पर काम करेंगे। इसके अलावा वे अपने इलाके में किसी प्रकार का बैनर व पोस्टर भी नहीं लगाएंगे।
SEPT 30, 2023 13:26 IST

राजस्थान: सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत

राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार तड़के एक सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल के ट्रक से टकरा जाने और उसमें आग लग जाने के कारण हुआ। पुलिस ने बताया कि विजय और उसका भाई आकाश तड़के चार बजे गंगापुर सिटी जाने के लिए अपने घर से निकले थे।उसने बताया कि आकाश बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया, जिससे वाहन में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में आकाश जलने से मौत हो गई, जबकि विजय ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है।
SEPT 30, 2023 12:59 IST

आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2023 LIVE: मालदीव में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी

मालदीव में राष्ट्रपति चुनाव के निर्णायक दौर के लिए शनिवार को लोग मतदान कर रहे हैं। इस चुनाव को एक तरीके के वस्तुत: इसको लेकर एक जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है कि देश में भारत या फिर चीन में से किस क्षेत्रीय शक्ति का अधिक प्रभाव रहेगा।
SEPT 30, 2023 12:23 IST

आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2023 LIVE: अब्दुल बारी सिद्दिकी का विवादित बयान

महिला आरक्षण विधेयक पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी ने विवादित बयान दिया है। मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान सिद्दिकी ने कहा कि आरक्षण के नाम पर लिपिस्टिक और बॉब कट वाली महिलाएं नौकरी में आ जाएंगी तो क्या आपकी महिलाओं को हक मिलेगा। राजद नेता ने कहा कि यदि महिलाओं को आरक्षण देना है तो पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ी महिलाओं को दें। सिद्दिकी ने महिला आरक्षण में कोटा तय करने की मांग की। सिद्दिकी के इस बयान पर भाजपा पलटवार कर सकती है। यही नहीं लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने लोकसभा चुनाव तक टीवी-सोशल मीडिया से दूर रहने की अपील भी की।
SEPT 30, 2023 10:34 IST

आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2023 LIVE: 156 प्रचंड हेलिकॉप्टर खरीदेगी वायु सेना

चीन और पाकिस्तान दोनों सीमा पर अपनी ताकत बढ़ाने में जुटी भारतीय वायु सेना (IAF) अपने मोर्चेबंदी को और धार देने जा रही है। वायु सेना हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (HAL) से 156 हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर खरीदने जा रही है। इसके लिए सरकार के पास वह ऑर्डर भेजने की तैयारी में है। यह रक्षा क्षेत्र में सबसे बड़ी खरीद में से एक होगी और इससे डिफेंस में 'मेक इन इंडिया' के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। इन हल्के हेलिकॉप्टरों को वायु सेना और थल सेना चीन एवं पाकिस्तान सीमा पर तैनात करेगी।
SEPT 30, 2023 10:34 IST

सरबजीत- दिव्या को एयर पिस्टल मिश्रित टीम में रजत

भारत के सरबजोत सिंह और दिव्या टीएस को एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में चीनी जोड़ी से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा । चीन के झांग बोवेन और जियांग रेंशिन की जोड़ी ने फाइनल 16 . 14 से जीता।
SEPT 30, 2023 10:34 IST

ट्रंप के जमानतदार को भी दोषी ठहराया गया

जॉर्जिया चुनाव में हस्तक्षेप करने के मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और 17 अन्य लोगों के साथ एक जमानतदार को भी शुक्रवार को खराब आचरण के आरोपों का दोषी ठहराया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से किसी जमानतदार पर मुकदमा चलाए जाने का यह पहला मामला है।
SEPT 30, 2023 09:08 IST

आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2023 LIVE: MP में आज चुनाव हुए तो BJP-कांग्रेस को कितनी सीटें

मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच है। दोनों ही पार्टियां अपनी जीत के दावे कर रही हैं। चुनाव के बारे में जनता क्या सोच रही है। इस बार वह किसे मौका देने की सोच रही है। ऐसे में टाइम्स नाउ नवभारत ने जनता का का मूड भांपने एवं उसकी नब्ज टटोलने की कोशिश की है। टाइम्स नाउ नवभारत और ETG के ओपिनियन पोल में कांग्रेस सरकार बनाते हुए दिख रही है। सर्वे अगर सच साबित हुआ तो भाजपा को सत्ता से बाहर जाना पड़ सकता है। यह सर्वे 20 सितंबर तक का है। कई इलाकों में भाजपा को नुकसान होता दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक इस बार चुनाव में भाजपा को 102 से 110 सीटें और कांग्रेस को 118 से 128 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।
SEPT 30, 2023 08:19 IST

ओडिशा में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

ओडिशा के क्योंझर जिले में शुक्रवार को एक मोटरसाइकिल और एक वैन की आमने-सामने की टक्कर में एक दंपति और उनके दामाद की मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना आनंदपुर इलाके में पद्मपुर गेट के पास हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सहदेव बहेरा (46), उनकी पत्नी चांदनी (40) और उनके 22 वर्षीय दामाद अभिराम बहेरा के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना दोपहर के आसपास हुई जब वे आनंदपुर जा रहे थे।
SEPT 30, 2023 08:17 IST

क्या कहता है राजस्थान पर ओपिनियन पोल?

साल के अंत में राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी बड़ी पार्टियां अपनी चुनावी रणनीति एवं उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप दे रही हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच है। इस बार जनता किसे मौका देने जा रही है, इसे लेकर टाइम्स नाउ नवभारत एवं ETG ने ओपिनियन पोल किया है। इस सर्वे के मुताबिक दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। इस बार चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों को करीब 42 फीसदी वोट मिल सकता है।