केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ अनशन करेंगे आम आदमी पार्टी के नेता
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सात अप्रैल को जंतर-मंतर पर अनशन करेंगे। पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने बुधवार को यह जानकारी दी। राय ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने फैसला किया है कि केजरीवाल की लड़ाई के लिए जनता से अधिकतम समर्थन हासिल करने की खातिर सात अप्रैल को देशव्यापी सामूहिक अनशन किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'जो लोग अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ हैं, जो देश में लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, अन्याय और तानाशाही को रोकना चाहते हैं, उनसे आग्रह है कि वे अपने घरों, गांवों, मोहल्लों, ब्लॉक मुख्यालयों, तहसीलों, जिलों और राज्य की राजधानियों में सामूहिक अनशन करें।' सात अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामूहिक अनशन किया जाएगा, जिसमें दिल्ली के सभी मंत्री, विधायक, सांसद, पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।