LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: एक्टर विजय की रैली में भगदड़, 39 लोगों की मौत; दादर रेलवे स्टेशन पर बम होने की धमकी

Aaj Ki Taza Khabar 28 Sep 2025 LIVE: तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई। अभिनेता से राजनेता बने विजय को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। इस हादसे में 39 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 50 से ज्यादा घायल हैं। वहीं, दूसरी ओर बरेली से शुरू हुआ 'I Love Muhammad' विवाद अब बाराबंकी और मऊ तक फैल गया है। बरेली में हिंसक झड़पों के बाद पुलिस ने रात भर छापेमारी कर 500 से ज्यादा उपद्रवियों की पहचान की और मौलाना तौकीर रजा को हिरासत में लिया। इसके साथ ही प्रशासन ने इंटरनेट पर बैन लगा दिया है। वहीं, आज एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का फाइनल मुकाबला है।

Piyush KumarUpdated Sep 28, 2025, 23:03 IST
Follow on Google News
Aaj Ki Taza Khabar

Aaj Ki Taza Khabar: एक्टर विजय की रैली में भगदड़, 39 लोगों की मौत; दादर रेलवे स्टेशन पर बम होने की धमकी

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख विजय की चुनावी रैली के दौरान मची भगदड़ पर तमिलनाडु सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आज रेल मंत्री मुजफ्फरपुर-चार्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा सकते हैं।

SEPT 28, 2025 23:03 IST

दादर रेलवे स्टेशन पर बम होने की धमकी

मुम्बई के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन को दादर रेलवे स्टेशन पर बम होने की धमकी मिली। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और तत्काल प्रभाव से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
शाम 6 बजे पुलिस स्टेशन में आया धमकी भरा कॉल आया। पुलिस ने GRP और बम निरोधक दस्ते के साथ स्टेशन और आसपास के इलाकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर कॉल करने वाले शख्स की तलाश में जुट गई हैं।
SEPT 28, 2025 18:01 IST

महिला क्रिकेट विश्व कप के उद्घाटन समारोह में जुबीन के सम्मान में संगीतमय श्रद्धांजलि

आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के यहां एसीए स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह में असम की सांस्कृतिक हस्ती जुबीन गर्ग को एक विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी और साथ ही मंगलवार को उद्घाटन मैच के लिए पांच हजार मुफ्त टिकट वितरित किए जाएंगे। असम क्रिकेट संघ (एसीए) के अधिकारियों ने बताया कि ‘शिलांग चैंबर क्वायर’ के अलावा अंगराग पापोन महंत और जोई बरुआ सहित राज्य के प्रमुख कलाकार संगीतमय श्रद्धांजलि प्रस्तुत करेंगे।
SEPT 28, 2025 18:00 IST

भाषाई विविधता के बावजूद धर्म ने भारत को एक रखा : राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने रविवार को कहा कि भारत की असली ताकत ‘‘धर्म’’ की वह अवधारणा है, जिसने भाषाई विविधता के बावजूद देश को एक सूत्र में पिरोए रखा है। राधाकृष्णन ने यह बात पटना में साहित्य अकादमी और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव ‘उन्मेष’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
SEPT 28, 2025 18:00 IST

वांगचुक की पत्नी ने ‘पाक संबंध' के आरोप को खारिज किया

जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने अपने पति के खिलाफ ‘पाकिस्तान से संबंध’ होने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
SEPT 28, 2025 15:55 IST

हिमंत ने भगत सिंह की जयंती पर उन्हें याद किया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की जयंती पर उन्हें याद किया।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'क्रांतिकारी संकल्प के प्रतीक, युवा शक्ति के प्रेरणास्रोत, मातृभूमि के अमर सपूत - शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर शत-शत नमन।'
SEPT 28, 2025 15:55 IST

इजराइल और हमास के बीच युद्ध में 66,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए

इजराइल और हमास के बीच लगभग तीन साल से जारी युद्ध में 66,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।
SEPT 28, 2025 15:55 IST

शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर युवक ने मां की हत्या की

सहारनपुर जिला मुख्यालय के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी मां की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
SEPT 28, 2025 15:55 IST

भारत में व्हिस्की बिक्री में दक्षिण भारत की 58 प्रतिशत हिस्सेदारी

भारत में बनी विदेशी शराब (आईएमएफएल) की बिक्री में दक्षिणी राज्यों का दबदबा है। उद्योग निकाय सीआईएबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2024-25 में देश कुल आईएमएफएल बिक्री में दक्षिण भारत की 58 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।
SEPT 28, 2025 15:23 IST

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए EC ने नियुक्त किए सेंट्रल आब्जर्वर

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक तैनात करने का ऐलान किया है। वहीं, आयोग ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, मिजोरम और ओडिशा में उपचुनावों के लिए विभिन्न राज्यों में सेवारत 470 अधिकारियों (320 आईएएस, 60 आईपीएस और 90 आईआरएस/आईआरएएस/आईसीएएस आदि) को केंद्रीय पर्यवेक्षकों (सामान्य, पुलिस और व्यय) के रूप में तैनात करने का फैसला लिया है।
SEPT 28, 2025 12:01 IST

PM राहत कोष से मृतक परिजनों को दो-दो लाख की राहत

तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
SEPT 28, 2025 07:20 IST

करूर पहुंचकर CM स्टालिन ने दी मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि

करूर भगदड़ में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और अस्पताल में घालयों से मुलाकात के बाद सरकारी मेडिकल कॉलेज में मीडिया से बात करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा, 'अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। हमारे राज्य के इतिहास में किसी राजनीतिक दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान कभी नहीं गई और भविष्य में भी ऐसी त्रासदी कभी नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में 51 लोगों का ICU में इलाज चल रहा है. मैं भारी मन से उन लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है।'
उन्होंने अनुग्रह राशि का ऐलान करते हुए कहा, 'मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। घायलों को 1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. मैंने एक सेवानिवृत्त हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक जांच आयोग के गठन का आदेश दिया है।'
SEPT 28, 2025 06:34 IST

स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार

छात्राओं के साथ यौन शोषण और धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे चैतन्यानंद सरस्वती की गिरफ्तारी हो गई है। उसे आगरा से गिरफ्तार किया गया।
SEPT 28, 2025 06:27 IST

एशिया कप के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्‍तान से

शिया कप 2025 समाप्ति पर है। भारत और पाकिस्‍तान ने फाइनल में जगह पक्‍की की। दोनों टीमें एशिया कप के इतिहास में पहली बार फाइनल खेलने उतरेंगी। ग्रुप स्‍टेज और सुपर-4 में जब यह टीमें टकराई थीं तो बाजी भारत ने मारी थी। ऐसे में टीम इंडिया फाइनल में तीसरी बार पाकिस्‍तान को हराकर खिताब पर कब्‍जा करना चाहेगी।
SEPT 28, 2025 06:25 IST

तमिलनाडु में भगदड़ पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख विजय की चुनावी रैली के दौरान मची भगदड़ पर तमिलनाडु सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अभिनेता से राजनेता बने विजय को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। इस हादसे में 38 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 50 से ज्यादा घायल हैं।