LIVE

आज की ताजा खबर, 27 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा

आज की ताजा खबर, 27 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव:अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों तथा तटीय रडार चौकियों पर हमले किए। इजरायल और हिजबुल्ला लड़ाकों के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए कई दिनों तक चली बातचीत के बाद शुक्रवार को वाशिंगटन में इजरायल और लेबनान ने शांति समझौते की रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के हैदराबाद में एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखे जाने के लिए आभार जताते हुए कहा कि वो इस तरह से सम्मानित होने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं।

Piyush KumarUpdated Jun 27, 2026, 21:33 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 27 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा

आज की ताजा खबर, 27 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव: दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा

आज की ताजा खबर, 27 जून 2026 हिंदी न्यूज लाइव:अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों तथा तटीय रडार चौकियों पर हमले किए। इजरायल और हिजबुल्ला लड़ाकों के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए कई दिनों तक चली बातचीत के बाद शुक्रवार को वाशिंगटन में इजरायल और लेबनान ने शांति समझौते की रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के हैदराबाद में एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखे जाने के लिए आभार जताते हुए कहा कि वो इस तरह से सम्मानित होने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं।

वेनेजुएला में आए विनाशकारी दोहरे भूकंप के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में लोग अपने परिजनों की तलाश में भटक रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक मरने वालों की संख्या 920 से ऊपर पहुंच चुकी है, जबकि 3,360 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 172 लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो भूकंपों ने राजधानी कराकास और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई इमारतें ढह गईं और बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सेशेल्स के तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर ,राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में होंगे शामिल , राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता, नेशनल असेंबली को भी करेंगे संबोधित , स्वर्ण जयंती समारोह में दिखेगी भारत की धमक ,पीएम मोदी की मौजूदगी के बीच भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ी और नौसेना के दो युद्धपोत भी होंगे शामिल।

JUN 27, 2026 21:33 IST

पुरी का जगन्नाथ मंदिर रविवार दोपहर एक बजे तक श्रद्धालुओं के लिए रहेगा बंद

ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों के मद्देनजर शनिवार रात 10:30 बजे से रविवार दोपहर करीब एक बजे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के जन्मोत्सव के रूप में भी मनाई जाने वाली वार्षिक ’स्नान यात्रा’ 29 जून को आयोजित होगी। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया है, ’’सोमवार, 29 जून 2026 को ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर महाप्रभु की स्नान यात्रा आयोजित की जाएगी। श्रीमंदिर में विशेष अनुष्ठानों और अग्रिम तैयारियों के मद्देनजर शनिवार रात 10:30 बजे से रविवार अपराह्न करीब एक बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के गर्भगृह के कपाट बंद रहेंगे।’’
’स्नान यात्रा’ के दौरान भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को गर्भगृह से बाहर लाकर मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पवित्र स्नान कराया जाता है।एसजेटीए के मुख्य प्रशासक अरविंद पाधी ने संवाददाताओं को बताया कि इस उत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी पुलिस संभाल रही है। इस बीच, परंपरा के अनुसार ’ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी’ के शुभ अवसर पर ’दैतापति’ सेवक मंदिर में प्रवेश कर गए। इसके साथ ही ’स्नान पूर्णिमा’ से लेकर ’नीलाद्रि बीजे’ (रथ यात्रा के बाद देवताओं की मंदिर में वापसी) तक चलने वाले उनके एक माह लंबे धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई।
JUN 27, 2026 21:29 IST

दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान में था केंद्र

अफगानिस्तान में शनिवार शाम आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के कारण दिल्ली-एनसीआर और जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटकों से कश्मीर घाटी के निवासियों में दहशत फैल गई, लेकिन अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, अफगानिस्तान में शाम सात बजकर चार मिनट पर भूकंप आया, जिसका केंद्र जमीन की सतह से 215 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। अमेरिकी भूविज्ञान सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर क्षेत्र में जोर्म से 43 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
JUN 27, 2026 21:27 IST

पाकिस्तान और अफगानिस्तान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, किसी नुकसान की खबर नहीं

पाकिस्तान और पड़ोसी अफ़गानिस्तान के कुछ हिस्सों में शनिवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। इसमें अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफ़गानिस्तान का हिंदू कुश क्षेत्र था। इसके झटके इस्लामाबाद के साथ-साथ पूर्वी पंजाब प्रांत और उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में भी महसूस किए गए, जो अफ़गानिस्तान की सीमा से लगा हुआ है। पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर में भी इसके झटके महसूस किए गए। खैबर पख्तूनख्वा में आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि ज़िला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता अनवर शहज़ाद ने कहा कि शुरुआती खबरों में किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। पाकिस्तान एक सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है, जहां अक्सर भूकंप आता रहता है।
JUN 27, 2026 20:49 IST

केरल में शिगेला संक्रमण का प्रकोप, 10 नए मामले सामने आए

केरल में शनिवार को शिगेला संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही इस वर्ष राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 266 हो गई। स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, नए मामलों में मलप्पुरम से पांच, कोझिकोड से चार और वायनाड से एक मामला सामने आया है। ताजा मामलों के साथ ही जून महीने में राज्य में शिगेला संक्रमण के कुल 190 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसी महीने के दौरान शिगेला संक्रमण से छह लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, जून में कोझिकोड में शिगेला संक्रमण के सबसे अधिक 65 मामले सामने आए हैं। इसके बाद मलप्पुरम में 30, वायनाड में 26, तिरुवनंतपुरम में 18, त्रिशूर में 13, कोल्लम में 12, कन्नूर में 11, अलाप्पुझा में पांच, एर्नाकुलम में चार तथा इडुक्की और पलक्कड़ में तीन-तीन मामले दर्ज किए गए हैं। शिगेला एक अत्यधिक संक्रामक जीवाणु संक्रमण है, जो मुख्य रूप से दूषित भोजन, दूषित पानी या खराब स्वच्छता के कारण फैलता है। इससे दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन जैसी समस्याएं होती हैं।
इस बीच, निपाह वायरस के उच्च जोखिम वाले संपर्कों में शामिल दो और लोगों ने 21 दिन की अनिवार्य पृथकवास अवधि पूरी कर ली। इसके बाद उन्हें शुक्रवार को कोझिकोड में निगरानी से मुक्त कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कम जोखिम श्रेणी में शामिल एक व्यक्ति को भी किसी प्रकार के लक्षण नहीं मिलने के बाद निगरानी से मुक्त कर दिया गया। बयान में कहा गया है कि ये तीनों व्यक्ति कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन निपाह संक्रमित एकमात्र मरीज के सहकर्मी थे। मरीज की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
JUN 27, 2026 18:38 IST

चंबा में कार के खाई में गिरने से तीन की मौत, दो घायल

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सारनी पुल के पास शनिवार को एक कार के खाई में गिरकर पत्थरों से टकराने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय खबरों के अनुसार, यह हादसा अपराह्न उरई-समरा-रुणहकोठी मार्ग पर उस समय हुआ, जब मारुति ऑल्टो कार में सवार लोग एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसके अनुसार, मृतकों में शामिल दो महिलाएं उराई गांव की रहने वाली थीं जबकि वाहन चालक की पहचान रुणहकोठी निवासी अंकु के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहनों से इलाज के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना भरमौर थाने को दे दी गई है और घटनास्थल के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
JUN 27, 2026 18:35 IST

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में वाहन के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत, चार घायल

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शनिवार को एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा भद्रवाह के बस्ती गांव के पास हुआ, जहां एक तीव्र मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन गहरी खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि वाहन में छह लोग सवार थे जिनमें इमाम दीन (65), ज़ैतून बीबी (60), बशीर मोहम्मद (50), मासूम बी (45), बदर दीन (38) और यासीन (12) शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में ज़ैतून बीबी और इमाम दीन की मौत हो गई।

JUN 27, 2026 18:33 IST

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर को प्राप्त दान से जुड़े कथित गबन के मामले के बाद अपना इस्तीफा दे दिया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। मंदिर ट्रस्ट की ओर से इसके कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि द्वारा प्रेस को दिए गए एक बयान में कहा गया है कि मंदिर ट्रस्ट अपनी अगली बैठक में इस मामले में निर्णय लेगा। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राम मंदिर दान के गबन से जुड़े विवाद की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्ट के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद, जिसके राय उपाध्यक्ष हैं, ने भी इस खबर की पुष्टि की। विहिप के दिल्ली स्थित प्रवक्ता विनोद बंसल ने राय और अन्य ट्रस्टी अनिल मिश्रा दोनों के इस्तीफे के बारे में गिरि का पत्र पोस्ट किया, हालांकि राम मंदिर ट्रस्ट अपनी अगली बैठक में इस्तीफों पर फैसला करेगा। ट्रस्ट के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफे के बारे में बंसल ने ’पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ’’हां, इसकी पुष्टि हो गई है।’’ शनिवार को गिरि के इस्तीफों की पुष्टि करने वाले अहस्ताक्षरित पत्र से आखिरकार ट्रस्ट पदाधिकारियों के इस्तीफे के रहस्य को लेकर चल रही उहापोह की स्थिति अब खत्म हो गयी। यह पुष्टि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा दान के गबन और कुप्रबंधन के बारे में चौंकाने वाले निष्कर्षों के बाद ट्रस्ट द्वारा दायर कराई गई प्राथमिकी में नामित आठ लोगों की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई। गिरफ्तार किए गए लोगों में राय का एक पूर्व चालक भी शामिल है जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि आठ नामित आरोपियों में से कुछ के पास से लगभग 80 लाख रुपये के अलावा कुछ विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई है।
JUN 27, 2026 17:23 IST

हापुड़ में छुट्टी के दिन स्कूल में बच्चों से श्रम कराने का वीडियो वायरल,जांच के आदेश

हापुड़ जिले के देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में छुट्टी के दिन बच्चों से स्कूल साफ कराने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो 24 जून का बताया जा रहा है। छुट्टी के दिन छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल बुलाकर उनसे खिड़कियां और दीवारों पर लगे जाले साफ कराए जा रहे थे। वीडियो में बच्चे हाथ में कपड़ा और झाड़ू लिए दिख रहे हैं, जबकि बाहर खड़ा एक शिक्षक मोबाइल पर व्यस्त नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। अभिभावकों का कहना है कि यह बच्चों के अधिकारों का हनन है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने दोषी शिक्षक और प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बीएसए दीपा भाटी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसमें बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) को भी शामिल किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
JUN 27, 2026 16:21 IST

प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ बातचीत करेंगे और इस द्वीपीय देश के ’राष्ट्रीय दिवस’ के स्वर्णजयंती समारोह में शामिल होंगे। सेशेल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हर्मिनी और एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री को औपचारिक ’गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया। राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर राजकीय यात्रा पर आए मोदी ’विशिष्ट अतिथि’ के तौर पर राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की संसद नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।
JUN 27, 2026 16:20 IST

होर्मुज जलडमरूमध्य में एक टैंकर पर हमला

होर्मुज जलडमरूमध्य में शनिवार को एक टैंकर पर हमला हुआ। यह घटना उस समय हुई है जब बहरीन ने कहा कि ईरान ने उसे निशाना बनाकर हमला किया है। ब्रिटेन की सेना के ’यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ केंद्र ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि जहाज का पूरा चालक दल सुरक्षित है और इस घटना से पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, बृहस्पतिवार को ईरान ने ओमान के तट के पास फारस की खाड़ी से बाहर निकलने की कोशिश करते समय एक जहाज पर हमला किया था। ये हमले इस बात का संकेत हैं कि ईरान युद्ध के फिर से नियंत्रण से बाहर होने का खतरा बना हुआ है, जबकि ईरान और अमेरिका संघर्ष समाप्त करने के लिए अंतिम समझौते तक पहुंचने के उद्देश्य से एक अंतरिम समझौते पर पहले ही सहमत हो चुके हैं।
JUN 27, 2026 13:48 IST

दिल्ली के न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम विभाग द्वारा हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है लेकिन एक दिन पहले की तुलना में इसमें 2.1 डिग्री की वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय राजधानी के अन्य मौसम केंद्रों पर भी शनिवार को न्यूनतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पालम में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं, लोधी रोड में यह 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार की तुलना में 2.4 डिग्री अधिक है।
इसके अलावा, रिज में यह 26.8 डिग्री और आयानगर में 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार तड़के दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत कम मात्रा की बारिश रिकार्ड की गई। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, "अपराह्न और शाम के समय गरज, चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"
JUN 27, 2026 13:47 IST

बदायूं में चार साल की बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म, आरोपी फरार

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में लापता हुई चार साल की एक बच्ची को पुलिस ने सात घंटे बाद गंभीर हालत में ढूंढ निकाला और मेडिकल जांच में उससे दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात अलापुर थाने में एक व्यक्ति ने अपनी चार वर्षीय नातिन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई दी। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गयीं और रातभर चले सघन तलाशी अभियान के बाद शुक्रवार तड़के करीब चार बजे बच्ची को गंभीर हालत में बरामद किया गया। बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया कि बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे और उसे तुरंत महिला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
JUN 27, 2026 12:46 IST

बबीता उर्फ खदीजा की कोर्ट में हुई पेशी


जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी आरोपी बबीता उर्फ खदीजा को 7 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया। स्पेशल कोर्ट ने उसे 29 जून तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अब 29 जून को उसे फिर CJM कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां आगे का फैसला सुनाया जाएगा। बबीता पर प्रतिबंधित पाकिस्तानी संगठनों से जुड़े होने के गंभीर आरोप हैं। इस बीच, मीडिया के सवालों पर वह मुंह छिपाती नजर आई।
JUN 27, 2026 12:46 IST

गुजरात के खेड़ा की पटाखा फैक्ट्री में धमाका



खेड़ा जिले के कपड़वंज में डंपिंग स्टेशन के सामने स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार ब्लास्ट से इलाके में दहशत फैल गई। धमाके का असर आसपास के गांवों तक महसूस किया गया। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। धमाके की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री कथित रूप से अवैध रूप से संचालित की जा रही थी, जिसे लेकर अब जांच शुरू कर दी गई है।
JUN 27, 2026 08:52 IST

फैजल खान की गिरफ्तारी पर रोक को 30 जून तक बढ़ा दिया गया

कोर्ट ने खान सर उर्फ फैजल खान की गिरफ्तारी पर रोक को 30 जून तक बढ़ा दिया है हालांकि उन्हें आज भी नहीं मिली जमानत। कोर्ट अब 30 जून को पूरे मामले पर सुनवाई करेगा। कोर्ट के द्वारा मांगी गई पुलिस की अपडेट डायरी पुलिस के द्वारा कोर्ट को दे दी गई है अब इस डायरी के आधार पर कोर्ट 30 तारीख को फाइनली सुनवाई करेगा।
JUN 27, 2026 07:27 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सेशेल्स के तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सेशेल्स के तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर ,राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के रूप में होंगे शामिल , राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता, नेशनल असेंबली को भी करेंगे संबोधित , स्वर्ण जयंती समारोह में दिखेगी भारत की धमक ,पीएम मोदी की मौजूदगी के बीच भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ी और नौसेना के दो युद्धपोत भी होंगे शामिल।
JUN 27, 2026 07:14 IST

Venezuela Earthquake : वेनेजुएला में मौत का आंकड़ा 900 पार, मलबे में अब भी फंसे सैकड़ों लोग

वेनेजुएला में आए विनाशकारी दोहरे भूकंप के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि प्रभावित इलाकों में लोग अपने परिजनों की तलाश में भटक रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक मरने वालों की संख्या 920 से ऊपर पहुंच चुकी है, जबकि 3,360 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 172 लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के लगातार दो भूकंपों ने राजधानी कराकास और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई इमारतें ढह गईं और बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा।
JUN 27, 2026 06:25 IST

इजरायल और लेबनान के बीच शांति समझौते पर बनी सहमति

इजरायल और हिजबुल्ला लड़ाकों के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए कई दिनों तक चली बातचीत के बाद शुक्रवार को वाशिंगटन में इजरायल और लेबनान ने शांति समझौते की रूपरेखा पर हस्ताक्षर किए।
JUN 27, 2026 06:24 IST

अमेरिकी सेना ने ईरान के ड्रोन और मिसाइल ठिकानों पर किए हमले

अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों तथा तटीय रडार चौकियों पर हमले किए। यह कार्रवाई वाशिंगटन द्वारा तेहरान पर एक मालवाहक जहाज पर हमला करने का आरोप लगाने के बाद की गई, जिससे मध्य पूर्व में युद्धविराम को गंभीर झटका लगा है।
JUN 27, 2026 06:24 IST

Donald Trump Avenue: हैदराबाद में ट्रंप के नाम पर सड़क

हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास एक सड़क का नाम 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखा गया है। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर तेलंगाना सरकार का धन्यवाद किया। सरकार ने कहा कि यह नामकरण भारत-अमेरिका संबंधों और हैदराबाद की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रतीक है।