आज की ताजा खबर, 27 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: तेलंगाना में विनिर्माण इकाई में क्रेन गिरने से तीन श्रमिकों की मौत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे किर्गिस्तान
आज की ताजा खबर लाइव, 27 अप्रैल 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान युद्ध लेटेस्ट खबर], [दिल्ली बारिश], [डोनाल्ड ट्रंप] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हाल ही में हमला होने से बच गया। इस बीच ट्रंप पर आरोपी ने कई आरोप लगाए हैं। इसपर ट्रंप ने कहा कि वे ना तो न तो बलात्कारी हैं और न ही बच्चों का यौन शोषण करने वाले। वहीं, IMD ने सोमवार के लिए अलग-अलग जगहों पर लू चलने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही, दोपहर के बाद कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी, हल्की बारिश होने की भी संभावना है। उधर, ईरान ने अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन परमाणु वार्ता टाल दी है। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर, 27 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: तेलंगाना में विनिर्माण इकाई में क्रेन गिरने से तीन श्रमिकों की मौत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे किर्गिस्तान
तेलंगाना में विनिर्माण इकाई में क्रेन गिरने से तीन श्रमिकों की मौत
सूरत में दिनदहाड़े SBI बैंक में बंदूक के दम पर डकैती, करीब 50 लाख की लूट
अफगानिस्तान में आया भूकंप
मुंबई में तरबूज खाने के बाद परिवार के चार लोगों की मौत, खाद्य विषाक्तता की आशंका
एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अब्दुल्ला (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और बेटियां जैनब (13) और आएशा (16) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को जेजे मार्ग स्थित अपने घर पर परिवार ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसके कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
अधिकारी ने बताया कि परिवार ने पांच मेहमानों के साथ मिलकर चिकन पुलाव खाया। मेहमानों के जाने के बाद परिवार ने तरबूज खाया और थोड़ी देर में ही सभी को उल्टियां होने लगीं और चक्कर आने लगे।
उन्होंने बताया कि पहले परिवार को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रविवार को चारों की मौत हो गई।
अधिकारी ने कहा कि पहली नजर में यह तरबूज खाने के कारण खाद्य विषाक्तता का मामला प्रतीत हो रहा है क्योंकि जिन मेहमानों ने केवल पुलाव खाया उन्हें कोई तकलीफ नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम हो चुका है और मौत की असल वजह जानने के लिए ’हिस्टोपैथोलॉजी’ रिपोर्ट का इंतजार है और फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अदालत ने रिया चक्रवर्ती के बैंक खाते से लेनदेन पर लगी रोक हटाने का आदेश दिया
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मादक पदार्थ मामले की अपनी जांच के तहत दोनों के खातों के लेनदेन पर रोक लगा दी थी।
रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक के वकील अयाज खान ने दलील दी कि एनसीबी ने स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 68एफ (संपत्ति की जब्ती या रोक के लिए) के तहत अनिवार्य प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं का पालन नहीं किया।
अभियोजन पक्ष ने चक्रवर्ती के कथित बयानों का हवाला देकर उनके मादक पदार्थ तस्करों के संपर्क में रहने वाले एक मादक पदार्थ सिंडिकेट की सक्रिय सदस्य होने के सबूत के तौर पर जिक्र करते हुए याचिका का विरोध किया। अभियोजन पक्ष ने कहा कि खाते के लेनदेन पर रोक लगाना जांच अधिकारी द्वारा की गई एक आवश्यक कार्रवाई थी।
गुजरात के पंचमहल में राजमार्ग पर कार ‘डिवाइडर' से टकराई, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
कलोल थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कलोल के पास चालक का कार पर से नियंत्रण खो गया, जिससे वाहन ’डिवाइडर’ से टकराने के बाद उसे पार कर राजमार्ग के दूसरी ओर चला गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद कुछ स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए गए।
अधिकारी ने बताया कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि मारे गए लोग वडोदरा निवासी एक ही परिवार के सदस्य थे और घटना के समय वह राजस्थान से लौट रहे थे।
उनकी पहचान साजिद इकबाल खिंजी (55), इलियास इकबाल खिंजी (50), इशाक इकबाल खिंजी (48) और रेहान अजगर खिंजी (35) के रूप में हुई है।
बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में लू का प्रकोप जारी
इसने बताया कि 13 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने तथा ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल जिलों में अगले 48 घंटे में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है।
वहीं, इसके विपरीत राज्य के 25 अन्य जिलों, खास तौर पर दक्षिण-पश्चिम के हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रोहतास जिले के डेहरी में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। राज्य के आठ जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
भोजपुर जिले में गर्मी के कारण एक महिला की मौत की भी सूचना है। आईएमडी के अनुसार दक्षिण बिहार में अगले दो से तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और भीषण गर्मी का दौर जारी रह सकता है।
बुलंदशहर में तिहरे हत्याकांड में गिरफ्तार एक आरोपी मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल
तिहरे हत्याकांड की घटना शनिवार रात एक जिम में हुई, जहां जीतू के जन्मदिन की पार्टी हो रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, कहासुनी के बाद अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर तीन आरोपियों-रूपेश, मयंक और नरेश को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी मयंक ने बताया कि उसने एक अवैध हथियार एक फ्लाईओवर के नीचे छिपाया है। खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने वहां पहुंची।
खुर्जा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोभित कुमार ने बताया कि इसी दौरान मयंक ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर गोली चला दी, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मयंक के पैर में गोली लग गई।
पांचों आतंकवादियों को जम्मू स्थित NIA कोर्ट में पेश किया गया
प्रधानमंत्री सिक्किम की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे
मोदी यहां करीब 4,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरूआत भी करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी के दौरे को देखते हुए राज्य की राजधानी और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री की यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, वह अपराह्न करीब तीन बजे गंगटोक पहुंचेंगे और लिबिंग हेलीपैड पर उतरने के तुरंत बाद यहां लोक भवन तक ’रोड शो’ करेंगे।
प्रधानमंत्री अगले दिन गंगटोक स्थित ’ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे।
प्रधानमंत्री राज्य भर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।
रुपया शुरुआती कारोबार में 11 पैसे टूटकर 94.27 प्रति डॉलर पर
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 94.25 पर खुला। फिर टूटकर शुरुआती कारोबार में 94.27 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 94.16 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.44 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 518.96 अंक या 0.68 प्रतिशत चढ़कर 77,183.17 अंक पर जबकि निफ्टी 131.30 अंक या 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,029.25 अंक पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.16 प्रतिशत चढ़कर 106.55 डॉलर प्रति बैरल रहा।
अदालत में व्यक्तिगत रूप से या वकील के माध्यम से पेश नहीं होऊंगा: केजरीवाल ने न्यायाधीश को पत्र लिखा
केजरीवाल ने पत्र में लिखा, ’’न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता से न्याय मिलने की मेरी उम्मीद टूट गई है। इसलिए, मैंने महात्मा गांधी के सत्याग्रह के मार्ग का अनुसरण करने का निर्णय लिया है।’’
’आप’ प्रमुख केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर लिया है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि वह न्यायमूर्ति शर्मा के फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए उच्चतम न्यायालय में अपील करने का अधिकार है।
घरेलू शेयर बाजारों में तीन सत्र की गिरावट के बाद शुरुआती कारोबार में तेजी
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 546.64 अंक चढ़कर 77,210.85 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 169.55 अंक की बढ़त के साथ 24,067.50 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से सन फार्मा के शेयर में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। कंपनी के अमेरिका स्थित ऑर्गनॉन एंड को. का अधिग्रहण करने की घोषणा के बाद इसके शेयर में यह उछाल आया।
अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी मुनाफे में रहे। वहीं एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में गिरावट रही।
