LIVE

नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी को राहत, आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी, ओवैसी ने मुस्लिमों में काली पट्टी बांटी

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated Apr 25, 2025, 22:02 IST
Follow on Google News
नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी को राहत, आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी, ओवैसी ने मुस्लिमों में काली पट्टी बांटी

नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी को राहत, आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी, ओवैसी ने मुस्लिमों में काली पट्टी बांटी

दिल्ली के एक अदालत ने शुक्रवार को नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्य को नोटिस जारी करने से फिलहाल इनकार कर दिया। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) मध्य क्षेत्र में 'आक्रमण अभ्यास' कर रही है जिसमें उसके अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान भाग ले रहे हैं। भारत के अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों में राफेल, सुखोई-30 और अन्य विमान शामिल हैं। यह अभ्यास ऐसे समय हो रहा है जब मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की और पहलगाम आतंकवादी हमले पर भारत के साथ अपनी एकजुटता प्रकट की। सरकार ने बृहस्पतिवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कहा कि पहलगाम हमला माहौल खराब करने के लिए उस समय किया गया जब जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही थी और पर्यटन फलफूल रहा था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने संवाददाताओं को बताया कि सभी दलों ने कहा कि वे सरकार के साथ हैं और आतंकवाद के खिलाफ हैं। रीजीजू ने कहा कि पार्टी नेताओं को खुफिया ब्यूरो (आईबी) और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस सप्ताह वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मुर्मू शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर वेटिकन सिटी जाएंगी। दिल्ली में एमसीडी मेयर के लिए आज चुनाव होगा। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

  • सिंधु जल संधि स्थगित होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर आज अहम बैठक होगी
  • सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष आज श्रीनगर के दौरे पर जाएंगे
  • पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद दुनिया भर के देश भारत को अपना समर्थन दे रहे हैं
  • सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर में पहलगाम हमले के आरोपी दो आतंकियों के घर उड़ा दिए हैं
  • NEET पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड पटना से गिरफ्तार हुआ है, यह लंबे समय से फरार था
  • सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंच गए हैं, सेना के अधिकारी उन्हें हमले पर ब्रीफ दे रहे हैं
  • सिंधिया ने कहा कि अमानवीय तत्वों ने पहलगाम में देश की आत्मा पर हमला किया

APR 25, 2025 22:02 IST

सिद्धार्थनगर में राप्ती नदी में तीन युवक डूबे

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से होकर गुजरने वाली राप्ती नदी में शुक्रवार को तीन युवक डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य दो की तलाश की जा रही है। बांसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने बताया कि घटना उदयपुर जोगिया थाना क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया,‘‘खेतवार तिवारी गांव, टोला कान्हा कुसुम से हमें सूचना मिली कि रईस का बेटा जमाल, नादे पार गांव निवासी नत्थू का बेटा सद्दाम और कुर्बान का बेटा शहाब राप्ती नदी में डूब गए हैं। द्विवेदी ने बताया कि जोगिया पुलिस और गोताखोरों ने तलाशी अभियान चलाया और देर शाम तक सद्दाम का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
APR 25, 2025 21:22 IST

दिल्ली होम डिपार्टमेंट ने दिया पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा कैंसिल करने का आदेश

केंद्र सरकार के आदेश के बाद दिल्ली सरकार के होम डिपार्टमेंट ने भी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा कैंसल करने के संबंध में आदेश जारी किया।
APR 25, 2025 16:34 IST

नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी को राहत


दिल्ली के एक अदालत ने शुक्रवार को नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्य को नोटिस जारी करने से फिलहाल इनकार कर दिया। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे। ईडी ने दावा किया है कि कानून के नए प्रावधानों के अनुसार, शिकायत पर संज्ञान (ईडी के आरोपपत्र के समतुल्य) आरोपी को सुने बिना नहीं लिया जा सकता। ईडी ने अदालत से कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि यह आदेश लंबा चले। नोटिस जारी किया जाए। न्यायाधीश ने हालांकि कहा कि इससे पहले कि अदालत इस बात से जब तक संतुष्ट न हो जाए कि नोटिस की आवश्यकता है, तब तक वह ‘‘ऐसा आदेश पारित नहीं कर सकती।
APR 25, 2025 14:23 IST

अमानवीय तत्वों ने पहलगाम में देश की आत्मा पर हमला किया: सिंधिया

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि अमानवीय तत्वों ने बिना यह समझे भारत की आत्मा पर प्रहार किया कि चुनौती मिलने पर देश और तेजी से उठता है। क्वांटम टेक्नोलॉजी विषय पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकियों और उनके आकाओं को जवाब देगा।
APR 25, 2025 13:41 IST

हैदराबाद में मुस्लिमों में काली पट्टी बांटते दिखे ओवैसी

APR 25, 2025 12:55 IST

जुमे की नमाज में पहलगाम हमले में जान गंवाने वालों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन (AIIO) के प्रमुख डॉ इमाम उमर अहमद इलियासी ने पहलगाम आतंकवादी हमले पर कहा, "बहुत ही दुखद हमला है। इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। हम सब को एक होकर इसका मुकाबला करना होगा। हमने तमाम मस्जिदों से खास तौर पर जामा मस्जिदों से, मदरसों से गुजारिश कर दी है कि जुमे की नमाज में उन शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी जो लोग इस हमले में शहीद हो गए। उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ की जाएगी। तमाम इमाम आतंकवाद के खिलाफ खड़े होकर ऐलान करेंगे। आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता है। आतंकवादी शैतान होता है... पाकिस्तान भारत में जिस तरह आतंकवाद फैलाते है, उसे जवाब देने के लिए भारत तैयार है। जवाब जरूर दिया जाएगा। देश को एक होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना होगा।"
APR 25, 2025 11:50 IST

श्रीनगर पहुंचे सेना प्रमुख, सुरक्षा हालात का ले रहे जायजा

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंच गए हैं। 15वीं कोर कमांडर उन्हें जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात से अवगत करा रहे हैं। साथ ही उन्हें घाटी में चल रहे आतंक विरोधी अभियानों से भी अवगत कराया गया है। उन्हें बताया गया है कि पाकिस्तानी सेना एलओसी पर संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही है।
APR 25, 2025 11:18 IST

भारत पाकिस्तान बॉर्डर पर IAF ने दिखाए करतब

भारत-पाकिस्तान सीमा पर भारतीय वायु सेना ने करतब दिखाए हैं। सीमा पर भारतीय फाइटर जेट्स ने अपने इस अभ्यास से पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। इस बीच, पेशावर, कराची में पाकिस्तानी वायुसेना की गतिविधि देखी गई है। पाकिस्तानी सेना के टैंक भी आगे बढ़ रहे हैं।
APR 25, 2025 10:53 IST

पहलगाम आतंकी हमले के पीछे हमास का दिमाग!

पहलगाम आतंकी हमले में सूत्रों के हवाले से बहुत बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों ने दावा किया है कि पहलगाम आतंकी हमले के पीछे, हमास का दिमाग हो सकता है। उसी का पैटर्न आतंकियों ने फॉलो किया है। पीओके में बकायदा हमास के साथ लश्कर ने मीटिंग की थी।
APR 25, 2025 09:53 IST

अस्पताल में घायलों से मिलेंगे राहुल

लोक सभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी आज शाम चार बजे जम्मू कश्मीर के एल जी मनोज सिन्हा से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी आज पहलगाम के दौरे पर हैं, वह अस्पताल में घायलों से मिलेंगे।
APR 25, 2025 09:17 IST

पहलगाम हमला : व्हाइट हाउस ने फिर दोहराया समर्थन

पहलगाम में आतंकवादी हमला होने के बाद दुनिया के देश भारत के साथ अपनी एकजुटता प्रदर्शित कर रहे हैं। आतंक के खिलाफ भारत के अभियान को उन्होंने अपना समर्थन दिया है। इस बीच, दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका ने एक बार फिर भारत को अपना समर्थन दोहराते हुए इस जघन्य हमले के दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को न्याय के कठघरे में लाने की बात कही है।
APR 25, 2025 08:42 IST

दक्षिण कश्मीर में आतंकियों के घर उड़ाए

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और पुलवामा में सुरक्षाबलों ने यह कार्रवाई की है। गुरी इलाके में लश्कर ए तैयबा के आतंकवादी आदिल ठोकर का घर था, उसे विस्फोट से उड़ा दिया गया है। अनंतनाग पुलिस ने गुरुवार को आदिल का स्केच औपचारिक रूप से जारी किया था। आदिल के बारे में कहा जाता है कि वह 2018 में पाकिस्तान चला गया था।
APR 25, 2025 07:26 IST

सिंधु जल संधि पर गृह मंत्री शाह के आवास पर आज अहम बैठक

सिंधु जल संधि पर गृह मंत्री शाह के आवास पर शुक्रवार को अहम बैठक होगी। इस बैठक में गृह मंत्री के अलावा जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल सहित सरकार के वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे। सूत्रों का कहना है कि भारत ने पाकिस्तान को औपचारिक पत्र लिख कर सिंधु जल संधि को निलंबित करने की सूचना दे दी है। जल शक्ति मंत्रालय में सचिव देवश्री मुखर्जी ने पाकिस्तान के जल संसाधन मंत्रालय में सचिव सैय्यद अली मुर्तुजा को पत्र लिखकर भारत सरकार के इस फैसले की जानकारी दी है।
APR 25, 2025 06:58 IST

ब्रिटेन के सांसदों ने की पहलगाम आतंकी हमले की निंदा

ब्रिटेन के सांसदों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। इस हमले में 26 आतंकियों की मौत हुई है। ब्रिटेन के सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी ने उम्मीद जताई है कि इस हमले के गुनहगार जल्द ही न्याय के कठघरे में होंगे। यूके हाउस ऑफ कॉमन्स के नेता लूसी पॉवेल ने इस कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि वह इस हमले के पीड़ितों के साथ हैं।
APR 25, 2025 06:18 IST

मोहाली के एक विश्वविद्यालय में क्रिकेट मैच के दौरान छात्रों में झड़प

पंजाब के मोहाली जिले में स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में क्रिकेट मैच के दौरान कश्मीरी छात्रों समेत कुछ छात्रों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार को डेरा बस्सी इलाके में हुई। छात्रों के बीच हुई झड़प का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है।
APR 25, 2025 06:18 IST

टिहरी बांध के पंप स्टोरेज संयंत्र ने काम करना प्रारंभ किया

एचडीसी इंडिया लिमिटेड ने देश के पहले ‘वेरिएबल स्पीड’ 1000 मेगावाट पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) का संचालन करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है । टीएचडीसी इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बुधवार को टिहरी में देश की पहली ‘वेरिएबल स्पीड’ 1000 मेगावाट पंप स्टोरेज प्लांट(पीएसपी) की सफल ‘कमीशनिंग’ कर दी गयी।
APR 25, 2025 06:17 IST

सो रही महिला यात्री से दुर्व्यवहार

मंगलुरु-मुदिपु मार्ग पर बस में यात्रा के दौरान सो गई एक युवती के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने केएसआरटीसी के एक बस परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। राज्य के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने मामले की यथाशीघ्र जांच पूरी कर उक्त परिचालक को बर्खास्त करने के निर्देश दिये हैं।
APR 25, 2025 06:17 IST

तेज रफ्तार ट्रक का पहिया अलग होकर मोटरसाइकिल से टकराया

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर बृहस्पतिवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक का पहिया अलग होकर मोटरसाइकिल से टकरा गया जिससे वाहन सवार 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा के अनुसार, यह घटना आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर समृद्धि अस्पताल के पास हुई। मिश्रा ने बताया, "मोटरसाइकिल सवार पंकज यादव चौबिया थाने के हवेलिया गांव का निवासी था। वह काम खत्म कर घर लौट रहा था। वह एंबुलेंस चालक था।" प्रारंभिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक इलाके से गुजर रहा था, तभी उसका एक पहिया अचानक एक्सेल से अलग हो गया। पहिया उछलकर सड़क पर आ गया और यादव की मोटरसाइकिल से जा टकराया।
APR 25, 2025 06:17 IST

दिल्ली में न्यायाधीश को मिली जान से मारने की धमकी

दिल्ली की एक अदालत के न्यायाधीश को द्वारका के ककरोला इलाके में दो अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अप्रैल को जब न्यायाधीश टहल रहे थे तभी कथित तौर पर दो लोगों ने उनके सामने अपनी कार रोकी और उनका ध्यान खींचने के लिए कई बार हॉर्न बजाया। इसके बाद कार में बैठे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर न्यायाधीश को धमकाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 16 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
APR 25, 2025 06:17 IST

बागपत में हथियार तस्कर गिरफ्तार

त्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और बड़ौत पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को बागपत जिले के थाना बड़ौत क्षेत्र स्थित बावली जंगल में नहर के पास कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसटीएफ मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित कुमार, सनी, विनीत पंवार और मनीष कसाना उर्फ मनीष पंडित शामिल हैं, जो विभिन्न अपराधों में लिप्त थे।