LIVE

आज की ताजा खबर, 22 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: IRS अफसर की बेटी का हत्यारा गिरफ्तार; अमित शाह कल भाजपा दफ्तर के वॉर रूम में रहेंगे मौजूद

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध, आईपीएल में आज का मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर को और आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है और शांति की कोशिशों को झटका लगा है, क्योंकि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की पाकिस्तान यात्रा टाल दी गई है। उधर, तमिलनाडु चुनाव के बीच मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर विवाद बढ़ गया है और बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। वहीं, आईपीएल 2026 में आज लखनऊ और राजस्थान के बीच मैच होगा, जिसमें राजस्थान मजबूत स्थिति में है। दूसरी तरफ देश में गर्मी तेज हो गई है, कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री पार है और लू चलने की संभावना है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

आज की ताजा खबर, 22 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: IRS अफसर की बेटी का हत्यारा गिरफ्तार; अमित शाह कल भाजपा दफ्तर के वॉर रूम में रहेंगे मौजूद

आज की ताजा खबर, 22 अप्रैल 2026 हिंदी न्यूज लाइव: IRS अफसर की बेटी का हत्यारा गिरफ्तार; अमित शाह कल भाजपा दफ्तर के वॉर रूम में रहेंगे मौजूद

  • आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News ब्रेकिंग हिंदी न्यूज बंगाल चुनाव, ईरान यूएस युद्ध आज का आईपीएल मैच, मौसम का ताजा के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने का ऐलान किया है। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ा रहे हैं, जबकि तेहरान से एक एकीकृत प्रस्ताव की प्रतीक्षा की जा रही है।
  • अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और सात हफ्तों से चल रहे संघर्ष के बीच कूटनीतिक कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस की पाकिस्तान यात्रा फिलहाल टाल दी गई है, जो इस्लामाबाद में प्रस्तावित शांति वार्ता के अगले दौर के लिए अहम मानी जा रही थी।
  • वेंस को मंगलवार सुबह इस्लामाबाद के लिए रवाना होना था, जहां बुधवार को बातचीत फिर से शुरू होनी थी, उसी दिन अमेरिका और ईरान के बीच नाजुक युद्धविराम की अवधि समाप्त होने वाली है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि ईरान ने अभी तक वार्ता को लेकर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
  • तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बीच मल्लिकार्जुन खरगे की पीएम मोदी को लेकर की गई टिप्पणी से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि मल्लिकार्जुन खरगे का बयान चुनावी आचार संहिता (Model Code of Conduct) का गंभीर उल्लंघन है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा न सिर्फ राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि चुनावी माहौल को भी प्रभावित कर सकती है।
  • आज आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स (LSG vs RR) की टीमों के बीच मुकाबला होने वाला है। ये सीजन का 32वां मैच होगा। एक तरफ है राजस्थान रॉयल्स की टीम जिसने अब तक अपने 6 मैचों में 4 मैच जीते हैं और 8 अंकों के साथ वे अंक तालिका में लगातार टॉप-4 में जगह बनाए हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ है आज के मैच की मेजबान टीम लखनऊ सुपर जायंट्स जिसने अब तक आईपीएल 2026 में 6 मैच खेले हैं और सिर्फ 2 मुकाबलों में उसे जीत मिल पाई है।
  • भीषण गर्मी के बीच हीटवेव की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। अप्रैल माह में ही अधिकांश राज्यों में सूरज की तपिश से पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। खासकर, उत्तर भारत के राज्यों में मौसम साफ रहेगा, जिसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में तेज धूल भरी सतही गर्म हवाएं यानी लू चलने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 24 मार्च से आंधी-पानी, ओलावृष्टि और ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होने का अनुमान जताया है।

APR 22, 2026 22:37 IST

अमित शाह कल भाजपा दफ्तर के वॉर रूम में रहेंगे मौजूद

पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास में पहली बार गृह मंत्री अमित शाह कल कोलकाता स्थित बीजेपी पार्टी दफ्तर के वॉर रूम में मौजूद रहेंगे और सिचुएशन मॉनिटर करेंगे।
APR 22, 2026 15:13 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: अरुणाचल में जेल से फरार हत्या के दोषी को कुछ ही घंटों में दोबारा गिरफ्तार किया गया

अरुणाचल प्रदेश में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण कुरुंग कुमे जिले की एक उप जेल से फरार हत्या के दोषी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। जेल अधीक्षक डेविड कोयू ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु का बिरजू भूमिज मंगलवार को कोलोरियांग उप जेल से फरार हो गया था जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

कोयू ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे, कोलोरियांग कस्बे से लगभग तीन किलोमीटर दूर निकजा गांव में कुछ महिलाओं ने भूमिज को अपने खेतों की ओर जाते हुए देखा। भूमिज की पहचान उसकी एक आंख से की गई।
APR 22, 2026 14:54 IST

बंगाल चुनाव आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: दमदम में अमित शाह की रैली, ममता सरकार पर बरसे

अमित शाह ने कहा, 4 मई को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। 9 बजे पहला राउंड आएगा, 10 बजे दूसरा राउंड आएगा, और दोपहर 1 बजे तक गिनती समाप्त होते-होते ममता दीदी का टाटा-बाय-बाय हो जाएगा। 29 तारीख को आप सभी को वोट डालना है, लेकिन किसी को विधायक या भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाने के लिए वोट डालना है। ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को जवाब दिया। कांग्रेस और टीएमसी की सरकार ने आतंकवाद को यह लोग बिरयानी खिलाते थे।
APR 22, 2026 14:52 IST

जनता दल यूनाइटेड पदाधिकारी लिस्ट आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: जदयू ने जारी की नई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची

जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी की है। नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष और संजय कुमार झा को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अशोक चौधरी, मनीष वर्मा, श्याम रजक और अफक अहमद समेत 12 महासचिव और 7 सचिव बनाए गए हैं।
APR 22, 2026 14:49 IST

बिहार कैबिनेट पहली बैठक आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव : सम्राट चौधरी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज

सम्राट चौधरी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज शाम 6 बजे होगी। इसमें मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम शामिल होंगे। सम्राट चौधरी 2:50 की फ्लाइट से पटना पहुंच रहे हैं।
APR 22, 2026 13:55 IST

बिहार क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव : तेजस्वी ने राज्य सरकार पर लगाया वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि वित्तीय संकट से जूझ रही सरकार ने हाल के दिनों में दूसरी बार निधि निकासी एवं व्यय नियंत्रण से संबंधित पत्र जारी किया है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष यादव ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव से पहले अंतिम 30 दिनों में 41,000 करोड़ रुपये का वितरण किया, जिसके कारण अब सामाजिक पेंशन, छात्र क्रेडिट कार्ड योजना, छात्रवृत्ति तथा कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन भुगतान के लिए धनराशि की कमी हो गई है।
APR 22, 2026 13:54 IST

तमिलनाडु क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: राष्ट्रीय महिला आयोग ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर पांच दिन में रिपोर्ट मांगी

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने तमिलनाडु में 15 वर्षीय लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इस घटना को ’’भयावह’’ बताते हुए नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जतायी है।

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया राहटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि भारतीय न्याय संहिता और बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए, सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को पीड़िता और उसके परिवार को समुचित चिकित्सकीय सहायता, परामर्श, पुनर्वास और सुरक्षा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। आयोग ने राज्य पुलिस से पांच दिनों के भीतर इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
APR 22, 2026 13:53 IST

क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: रांची में मुठभेड़ के बाद कारोबारी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के रांची जिले में बुधवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद एक हथियारबंद व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उस पर एक जमीन कारोबारी की हत्या में शामिल होने का आरोप है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, इस मुठभेड़ में एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) भी घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पंडरा पुलिस चौकी क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी सत्यम पाठक (35) के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
APR 22, 2026 13:52 IST

आंध्र प्रदेश क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: नेल्लोर जिले में आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, 12 लोग गिरफ्तार

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में 12 लोगों को गिरफ्तारी कर, एक संगठित, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के रैकेट का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी 14 सदस्यीय गिरोह से जुड़े थे, जिनमें मुख्य आयोजकों की पहचान शेख फरियाज और सहयोगी कोंडुरु वासु के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य लोग अब भी फरार हैं।

नेल्लोर जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजिता वेजेंडला ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’हमने ऑनलाइन मंचों के माध्यम से संचालित हो रहे आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। शेष दो फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।’’

एसपी के अनुसार, आदतन अपराधियों पर निगरानी और लॉज पर निरीक्षण के बाद 19 अप्रैल को इस रैकेट का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद दरगामिट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मगुंटा लेआउट में एक निजी होटल पर छापा मारा गया।
APR 22, 2026 13:51 IST

कर्नाटक क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: होमस्टे में अमेरिकी महिला का यौन उत्पीड़न, दो गिरफ्तार

कर्नाटक के कोदागु जिले के एक होमस्टे में अमेरिकी महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना एक सप्ताह पहले कोदागु के कुट्टा गांव स्थित एक होमस्टे में हुई थी।

पुलिस ने बताया कि झारखंड के मूल निवासी एक कर्मचारी को इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है। वह होमस्टे के आतिथ्य विभाग में काम करता था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि होमस्टे के मालिक को भी इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है क्योंकि महिला द्वारा कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत किए जाने पर उसने पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी थी।
APR 22, 2026 13:50 IST

क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: बाड़मेर जिले में ट्रक ने स्कूल बस को टक्कर मारी, एक किशोर की मौत

राजस्थान के बाड़मेर जिले में बुधवार को सुबह एक स्कूल बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में एक किशोर की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
यह हादसा बायतू पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ। स्कूल बस बच्चों को लेकर जा रही थी और उसी दौरान एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।

बायतू के थानाधिकारी मनोहर विश्नोई ने बताया कि निजी स्कूल की इस बस में 36 बच्चे सवार थे। हादसे में घायल हुए आठ बच्चों को बायतू अस्पताल से बालोतरा रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल वीरधाराम (14), निवासी भीमरलाई को जोधपुर रेफर कर दिया गया। उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
APR 22, 2026 13:14 IST

क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: जबलपुर में नशे में व्यक्ति ने कार से तीन को कुचला, दो की मौत, एक गंभीर

मध्यप्रदेश के जबलपुर में मंगलवार रात शराब के नशे में चूर एक व्यक्ति ने सड़क के किनारे खड़े तीन लोगों को अपनी कार से कुचल दिया, जिनमें से दो की मौत हो गई जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया।‌ पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शहर के गढ़ा थानांतर्गत धनवंतरी नगर चौक के समीप देर रात हुई इस घटना के आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लेकर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) आशीष जैन ने बताया कि महाराजपुर निवासी गोपाल प्रसाद कुम्हार (38) अपने बेटे शुभम (15) के साथ एक विवाह समारोह में शिरकत करने धनवंतरी नगर आए हुए थे।

जैन ने बताया कि समारोह के बाद वापस लौटते समय उन्होंने पानी खरीदने के लिए धनवंतरी नगर चौक स्थित एक दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल रोकी थी।
APR 22, 2026 13:11 IST

महिला आरक्षण आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: मायावती ने कार्यकर्ताओं को महिला आरक्षण मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन से दूर रहने को कहा

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और इस संबंध में पार्टी के अनुशासन के तहत किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन नहीं किया जाना चाहिए।

मायावती ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा कि महिला आरक्षण के समर्थन में पार्टी का 15 अप्रैल का रुख यथावत है और कार्यकर्ताओं को बैठकों में इसकी जानकारी अवश्य देनी चाहिए, ताकि इस मुद्दे पर भ्रम की स्थिति न बने। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर पार्टी अनुशासन का पालन करते हुए कोई आंदोलन नहीं किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 15 अप्रैल को एक पत्रकार वार्ता में मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन करते हुए कहा था कि इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा था कि ऐसा नहीं होने पर महिला आरक्षण का उद्देश्य काफी हद तक निष्प्रभावी हो सकता है।
APR 22, 2026 12:49 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: गुजरी गांव में घुसा तेंदुआ, महिला सहित चार घायल

धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत, ग्राम गुजरी डेहरिया बस्ती में, उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ, अचानक बस्ती क्षेत्र में घुस आया। तेंदुए के हमले में , एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और विकास पिता गोकुल डावर निवासी बडवेल के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फॉरेस्ट विभाग और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल सभी घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरी में उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि, तेंदुआ अभी भी बस्ती के आसपास ही मौजूद है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।
APR 22, 2026 11:51 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: त्रिशूर पटाखा फैक्टरी विस्फोट, नौ शव, कई क्षत विक्षत अंग बरामद

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बुधवार को कहा कि त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड स्थित एक पटाखा फैक्टरी में एक दिन पहले हुए विस्फोट स्थल से नौ शव और कई क्षत विक्षत अंग बरामद किए गए हैं। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने एक बयान में कहा कि विस्फोट स्थल से 26 क्षत विक्षत अंग बरामद हुए हैं और उनकी पहचान के लिए डीएनए जांच करायी जाएगी। जांच के बाद मृतकों की संख्या में बदलाव हो सकता है।

मंगलवार रात तक केएसडीएमए के अनुसार, इस घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत होने की आशंका जताई गई थी। मंत्री ने कहा कि राजीव गांधी जैव प्रौद्योगिकी संस्थान के विशेषज्ञ बुधवार सुबह नमूने एकत्र करने पहुंचेंगे। वे डीएनए जांच के लिए शरीर के अंगों और शवों के नमूने लेंगे, जिनमें वे शव भी शामिल हैं जिनकी पहचान हो चुकी है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ’’इस घटना में पहचान करना मुश्किल है, क्योंकि कई शव और शरीर के अंग बुरी तरह झुलस गए हैं।" जॉर्ज ने बताया कि त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में 13 घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 10 आईसीयू में भर्ती हैं। इन 10 में से दो मरीज वेंटिलेटर पर हैं। मंत्री ने कहा कि हादसे में बचे लोगों को मनोवैज्ञानिक सहायता भी उपलब्ध करायी जा रही है।
APR 22, 2026 11:42 IST

क्राइम आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: पैसे 'बर्बाद' होने के डर से परिवार ने ही कर दी व्यक्ति की हत्या, छह लोग गिरफ्तार

महोबा में एक सनसनीखेज मामले में एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में उसकी पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे समेत छह लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस को 14 अप्रैल को महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित हैवतपुरा ब्राह्मणन गांव के पास नाले में हर नारायण प्रजापति नामक 36 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था।

मंगलवार को अधिकारियों ने बताया कि संदेह की सूई दूसरी तरफ घुमाने के प्रयास में, मृतक के परिवार ने पहले पुलिस से संपर्क किया और एक पड़ोसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके साथ व्यक्ति का अक्सर झगड़ा होता था।

पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया, ’’ हैबतपुरा गांव में नाले में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच की। मृतक की पहचान हरनारायण प्रजापति के रूप में हुई।’’
APR 22, 2026 11:41 IST

आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: चंडीगढ़ में पुलिस से मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

चंडीगढ़ के सेक्टर 25 के पास बुधवार को पुलिस से मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकेश उर्फ ​​गोलू गोहाना को गोली लग गई और उसे यहां सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चंडीगढ़ पुलिस के ’ऑपरेशन सेल’ की एक टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर रैली ग्राउंड के पास गोलू को रोक लिया। पुलिस ने बताया कि गोलू ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लग गई। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना निवासी गोलू कई आपराधिक मामलों में वांछित है।
APR 22, 2026 11:40 IST

पहलगाम हमले की बरसी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: आतंकवाद के हर कृत्य के खिलाफ भारत एकजुट: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर इसमें मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि आतंकवाद के हर कृत्य के खिलाफ भारत दृढ़ एवं एकजुट है।
उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भारतीय जवानों द्वारा दिखाए गए पराक्रम और शौर्य को भी याद किया।

पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष इसी दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकांश पर्यटक थे। खरगे ने ’एक्स’ पर पोस्ट किया, "2025 में आज के ही दिन पहलगाम आतंकी हमले के दौरान अपनी जान गंवाने वाले 26 नागरिकों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। देश निर्दोष नागरिकों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और न ही माफ करेगा। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया।"
APR 22, 2026 11:39 IST

पहलगाम हमले की बरसी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले के एक साल पूरा होने पर इस घटना में जान गंवाने वालों को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पिछले साल 22 अप्रैल को बैसरन घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों के हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों (25 पर्यटक और एक स्थानीय व्यक्ति) को याद किया।

उपराज्यपाल ने कहा कि इस आतंकी हमले को न तो भुलाया जाएगा और न ही माफ किया जाएगा। सिन्हा ने हमले की पहली बरसी पर अपने संदेश में कहा, ’’हम नहीं भूलेंगे। हम माफ नहीं करेंगे। यह हमारी दृढ़ प्रतिज्ञा है। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। हम जम्मू कश्मीर की धरती से आतंकवाद को जड़ से मिटाने के लिए अटूट प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प का वादा करते हैं।’’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और इस क्षेत्र को पीड़ा और बेगुनाह लोगों की मौतों से मुक्त करने की अपनी इच्छा के प्रति दृढ़ हैं।
APR 22, 2026 11:21 IST

पहलगाम बरसी आज की ताजा खबर, हिंदी न्यूज लाइव: पहलगाम हमले की बरसी पर राहुल गांधी ने लिखा भावुक पोस्ट

पहलगाम हमले की बरसी पर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने एक्स पर लिखा: "पहलगाम में पिछले वर्ष हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी वीरों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत उनका बलिदान और उनके परिवारों की पीड़ा को न कभी भूलेगा, और न ही इस कायराना कृत्य के दोषियों को कभी माफ करेगा।
बेरहमी से छीने गए मासूम जिंदगियों की याद आज भी हमारे दिलों को झकझोरती है। शहीदों के परिवारों का दुःख हम सब का दुःख है। देश के उन बेटों की शहादत भारत की आत्मा में सदा अमिट रहेगी। आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ पूरा देश एकजुट था, है और हमेशा रहेगा।
नफरत और डर फैलाने वाली ताकतों के सामने भारत कभी नहीं झुकेगा - हम और अधिक मजबूती, एकता और संकल्प के साथ इसके विरुद्ध खड़े रहेंगे।"
जय हिंद।