
हिंदी समाचार, 19 मार्च 2024: कांग्रेस की CEC ने करीब 30 उम्मीदवारों के नाम पर लगाई मुहर, हरियाणा मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार
हिंदी न्यूज़ लाइव 19 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मंगलवार को विभिन्न राज्यों के करीब 30 संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी सूची जल्द जारी हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और चंडीगढ़ में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई तथा करीब 30 नामों को मंजूरी दी गई। सूत्रों ने बताया कि सीईसी ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी और मध्य हिस्से में आने वाली सीटों पर चर्चा की और विशेष रूप से वाम दलों के साथ गठबंधन की संभावना के मद्देनजर चर्चा की गई। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया, भाजपा विधायक कमल गुप्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार के तहत फरीदाबाद के बड़खल से विधायक सीमा त्रिखा, पानीपत ग्रामीण से विधायक महिपाल ढांडा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। इसके अलावा भाजपा विधायक असीम गोयल, अभय सिंह यादव और सुभाष सुधा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। वहीं भाजपा विधायक बिशम्बर सिंह वाल्मीकी और संजय सिंह ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 19 मार्च 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार, आज की बड़ी खबरों पर जानिए अपडेट।