
आज की ताजा खबर: वडोदरा में छात्रों से भरी नाव नदी में डूबी, 14 छात्रों और दो शिक्षकों की मौत; 22 जनवरी को देश में आधे दिन की छुट्टी
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 18 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: गुजरात में वडोदरा शहर के बाहरी क्षेत्र में एक झील में बृहस्पतिवार को एक नौका के पलट जाने से 14 स्कूली बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। ये लोग पिकनिक मनाने आए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दर्जन छात्र और चार शिक्षक पिकनिक मनाने आए थे और हरनी झील में नाव की सवारी कर रहे थे तभी दोपहर में यह हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। हरनी थाने के एक अधिकारी ने बताया, 'इस त्रासदी में अब तक 14 बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई। बचाए गए एक छात्र का एसएसजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।' वहीं केंद्रीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार की ओर से बड़ा तोहफा दिया गया है। सरकार ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन पूरे देश में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। सरकार की ओर से इस संबंध में एक पत्र भी जारी किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों की भावना और उनके अनुरोध के कारण केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में सभी केंद्र सरकारी कार्यालयों, संस्थानों व औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन की छुट्टी रहेगी। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 18 जनवरी की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।