LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन आज, ट्रंप ने दी बधाई....वैष्णो देवी यात्रा फिर स्थगित हुई

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है। वे 75 साल के हो गए हैं। इस मौके पर भाजपा ने 'सेवा पखवाड़ा' शुरू किया है। देश विदेश से मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं मिल रही हैं। वहीं,अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें फोन किया। इसके अलावा 22 दिनों बाद आज से वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा फिर से शुरू हो गई है। दूसरी तरफ बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने मोदी, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की तुलना 'एक्सपायरी' दवा से की।

NITIN ARORAUpdated Sep 17, 2025, 20:08 IST
Follow on Google News
Aaj Ki Taza Khabar: पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन आज, ट्रंप ने दी बधाई....वैष्णो देवी यात्रा फिर स्थगित हुई

Aaj Ki Taza Khabar: पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन आज, ट्रंप ने दी बधाई....वैष्णो देवी यात्रा फिर स्थगित हुई

प्रधानमंत्री मोदी 75 वर्ष के हुए

22 दिनों तक अस्थायी रोक के बाद वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हुई

प्रशांत किशोर का मोदी, गांधी पर हमला

अमित शाह जा रहे पटना

राजनाथ सिंह 'हैदराबाद मुक्ति दिवस' समारोह में होंगे शामिल

ट्रंप ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

SEPT 17, 2025 20:08 IST

वैष्णो देवी यात्रा फिर स्थगित हुई

जम्मू-कश्मीर में 22 दिनों के अंतराल के बाद बुधवार को वैष्णो देवी यात्रा शुरू हुई थी, लेकिन खराब मौसम के चलते यात्रा को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया।
SEPT 17, 2025 19:24 IST

पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पाकिस्तान की मांग खारिज

पाकिस्तान की क्रिकेट टीम एशिया कप में यूएई के खिलाफ ‘करो या मरो’ का मुकाबला खेलने अभी तक होटल से नहीं निकली है जबकि एंडी पाइक्रॉफ्ट को मैच रैफरी के तौर पर हटाने की उसकी मांग दूसरी बार आईसीसी ने खारिज कर दी । भारत के खिलाफ रविवार के मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने पर हुई शर्मिंदगी के लिये पाकिस्तान ने पाइक्रॉफ्ट को जिम्मेदार ठहराया था ।
एक जानकार सूत्र ने पीटीआई को बताया ,‘‘ पाइक्रॉफ्ट बुधवार के मैच में मैच रैफरी रहेंगे और अगर पाकिस्तान नहीं खेलता है तो यूएई को पूरे अंक मिलेंगे ।’’ पीसीबी के एक सूत्र ने बताया कि खिलाड़ियों को अपने कमरों में रहने और आगे के निर्देशों का इंतजार करने के लिये कहा गया है ।
SEPT 17, 2025 17:25 IST

मुंबई में उद्धव की मां के पुतले पर फेंकी गई स्याही

Meentai Thackeray Statue: मुंबई के शिवाजी पार्क में बुधवार को शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की दिवंगत पत्नी मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई। दरअसल, अज्ञात लोगों ने तड़के मीनाताई की प्रतिमा पर लाल रंग फेंका। जिसके बाद से महाराष्ट्र की सियासत गर्मायी हुई है। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

क्या है पूरा मामला?

सुबह करीब 6.30 बजे एक राहगीर ने मिनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर लाल रंग देखा। इसकी जानकारी मिलने के बाद, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और परिसर की सफाई शुरू कर दी।
SEPT 17, 2025 15:54 IST

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में दो महिला नक्सली ढ़ेर

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बुधवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो महिला नक्सली मारी गईं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह पक्की खबर मिली थी कि माओवादियों के गट्टा एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ता) के कुछ सदस्य एटापल्ली तालुका के मोदास्के गांव से सटे जंगल में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस के विशेष नक्सल-विरोधी कमांडो दस्ते सी-60 की पांच इकाइयों के साथ पुलिस ने अहेरी से तत्काल एक अभियान शुरू किया।
SEPT 17, 2025 15:22 IST

गुरुग्राम : चिंटेल्स पैराडाइसो में तीन टावर ढहाए गए

गुरुग्राम जिला प्रशासन ने सेक्टर 109 में स्थित चिंटेल्स पैराडाइसो में तोड़फोड़ कार्य के संबंध में एक बैठक निर्धारित की है। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (डीटीसीपी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। डीटीसीपी अधिकारियों ने बताया कि तीन टावर ढहाए जा चुके हैं, जिन्हें ढहाने का कार्य जनवरी में शुरू हुआ था। इसके अलावा चौथे टावर को ढहाए जाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है।
SEPT 17, 2025 14:50 IST

चक्रवर्ती ICC T20 गेंदबाजों की रैंकिंग में पहली बार टॉप पर

स्पिनर वरूण चक्रवर्ती पहली बार आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं और यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय बने। आईसीसी ने एक बयान में कहा , 'भारतीय स्पिनर वरूण चक्रवर्ती को 2025 में लगातार अच्छे प्रदर्शन का ईनाम मिला है और वह आईसीसी पुरूष टी20 खिलाड़ियों की रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हो गए हैं ।'
SEPT 17, 2025 14:49 IST

दुनियाभर के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को 75वें जन्मदिन पर बधाई दी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित कई विश्व नेताओं ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी।
SEPT 17, 2025 14:49 IST

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी घाट पर गंगा में दुग्ध अर्पण किया गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन बुधवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में वैदिक रीति-रिवाजों, गंगा में विशेष दुग्धाभिषेक, काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना, स्वच्छता अभियान की शुरुआत के साथ धूमधाम से मनाया गया।
SEPT 17, 2025 14:49 IST

गौरांगलाल दास होंगे दक्षिण कोरिया में भारत के नए राजदूत

वरिष्ठ राजनयिक गौरांगलाल दास को बुधवार को दक्षिण कोरिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया। 1999 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी दास वर्तमान में नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में पूर्वी एशिया प्रभाग का कार्यभार संभाल रहे हैं।
SEPT 17, 2025 10:42 IST

पुणे हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच में 'विलंब' के कारण छह निशानेबाजों की उड़ान छूटी

चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए गोवा जा रहे पुणे के छह राइफल और पिस्टल निशानेबाज हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान उनके हथियारों और कारतूस को स्वीकृति देने में देरी के कारण अपनी उड़ान से चूक गए। सभी निशानेबाजों की उम्र 18 साल से कम है और उन्हें बुधवार सुबह गोवा में होने वाली 12वीं पश्चिम क्षेत्र निशानेबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को अकासा एयर के विमान से उड़ान भरनी थी।
SEPT 17, 2025 10:07 IST

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम पटना पहुंचेंगे

अमित शाह कल बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दो जिले में बड़ी बैठक करेंगे। इसको लेकर वे आज पटना पहुंचेंगे। वे डेहरी और बेगूसराय जिले में पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

इस बैठक में कई जिलों के सभी बड़े नेता सभी विधायक सभी सांसद और सभी मंत्री मौजूद रहेंगे। बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होगी और फैसले लिए जाएंगे। दूसरी बैठक बेगूसराय में होगी इस बैठक में पटना सहित आस पास के सभी जिलों के सांसद विधायक पार्टी पदाधिकारी सहित सभी नेता शामिल होंगे।
SEPT 17, 2025 10:07 IST

प्रधानमंत्री मोदी 75 वर्ष के हुए, BJP ने 'सेवा पखवाड़ा' शुरू किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 75 वर्ष के हो गए। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए 'सेवा पखवाड़ा' शुरू किया है।

केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देश भर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
SEPT 17, 2025 10:07 IST

राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को 75वें जन्मदिन पर बधाई दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बुधवार को बधाई दी और देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार करने के लिए उनकी प्रशंसा की। मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, 'आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है।'
SEPT 17, 2025 10:07 IST

22 दिनों तक अस्थायी रोक के बाद वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हुई

'जय माता दी' के नारों के बीच जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा बुधवार को फिर से शुरू हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि विनाशकारी भूस्खलन के कारण 22 दिनों तक यात्रा स्थगित रही थी। इस भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 घायल हो गए थे।
SEPT 17, 2025 10:07 IST

राजनाथ सिंह आज 'हैदराबाद मुक्ति दिवस' के समारोह में शामिल होंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को यहां परेड मैदान में केंद्र सरकार द्वारा आयोजित 'हैदराबाद मुक्ति दिवस' समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। यह आयोजन 1948 में निजाम शासन के तहत पूर्ववर्ती हैदराबाद रियासत के भारतीय संघ में (17 सितंबर को) विलय की सालगिरह मनाने के लिए आयोजित किया जाता है।
SEPT 17, 2025 10:07 IST

ट्रंप ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी फोन पर बातचीत 'बहुत अच्छी' रही और इस दौरान उन्होंने अपने 'मित्र' को जन्मदिन की बधाई दी और रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने में सहयोग के लिए भारतीय नेता का आभार जताया। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, 'अभी-अभी अपने मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। नरेंद्र: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद।'
SEPT 17, 2025 10:06 IST

मोदी ने ट्रंप से हुई बात पर कही ये बात

मोदी ने X पर पोस्ट करते हुए अपने 75वें जन्मदिन पर ट्रंप के फोन कॉल और बधाई के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, 'मेरे मित्र, राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और हार्दिक बधाई के लिए धन्यवाद।'
SEPT 17, 2025 10:06 IST

प्रशांत किशोर का मोदी, गांधी पर हमला

बिहार चुनाव नजदीक है। जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की तुलना 'एक्सपायरी' दवा से की। कहा कि ये नेता भ्रष्टाचार और बेरोजगारी खत्म नहीं कर सकते।