LIVE

आज की ताजा खबर, 14 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा का दूसरा फेज स्थगित, बलिया में तालाब से बरामद हुआ पुलिसकर्मी का शव

आज की ताजा खबर लाइव, 14 सितंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [राजस्थान निकाय चुनाव मतगणना], [गंगा आरती], [हिंदी दिवस] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: लंदन में टेम्स नदी के तट पर रविवार को पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, प्रशांत द्वीपीय देश वानुआतु के तट से दूर समुद्र में एक नौका के डूब जाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 से अधिक लापता हैं। इसके अलावा, राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के लिए मतगणना जारी है। इधर, राष्ट्रपति मुर्मू ने महिला टी20 एशिया कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी। उधर, जी20 देशों के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ह्यूस्टन आए केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए प्रवासी भारतीय समुदाय की सराहना की। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें

nitin aroraUpdated Sep 14, 2026, 16:33 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 14 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा का दूसरा फेज स्थगित, बलिया में तालाब से बरामद हुआ पुलिसकर्मी का शव

आज की ताजा खबर, 14 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा का दूसरा फेज स्थगित, बलिया में तालाब से बरामद हुआ पुलिसकर्मी का शव

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [राजस्थान निकाय चुनाव मतगणना], [गंगा आरती], [हिंदी दिवस] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद सोमवार को मतगणना जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और इसके लिए व्यापक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी मालवाहक पोत पर हमले के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के अपने प्रयासों के बारे में पड़ोसी देशों को जानकारी देने की योजना स्थगित कर दी। वहीं, लंदन में टेम्स नदी के तट पर रविवार को पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। ’टेम्स तट पर गंगा आरती : प्रकाश उत्सव’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन ’चिन्मय मिशन यूके’ ने ’टोटली टेम्स’ के वार्षिक उत्सव के सहयोग से किया। यह आयोजन ’चिन्मय मिशन’ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनियाभर में हो रहे कार्यक्रमों का हिस्सा था। उधर, प्रशांत द्वीपीय देश वानुआतु के तट से दूर समुद्र में एक नौका के डूब जाने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 से अधिक लापता हैं। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, ’एमवी मातुई’ नाम की नौका शुक्रवार को अम्बाए और सैंटो द्वीपों के बीच यात्रा के दौरान डूब गई। उस समय नौका पर 47 लोग सवार थे। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें

SEPT 14, 2026 16:30 IST

पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा का दूसरा चरण 20 सितंबर तक के लिए स्थगित

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित आदि कैलाश की यात्रा के 15 सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे चरण को प्रतिकूल मौसम और सड़कें बंद होने के कारण फिलहाल 20 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। धारचूला के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष जोशी ने बताया कि आदि कैलाश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ’इनरलाइन परमिट’ जारी करने का काम 20 सितंबर से शुरू होगा लेकिन यह भी संभावित तारीख ही है। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र में मौसम तथा यात्रा की स्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 सितंबर से दूसरे चरण की यात्रा के लिए ’इनरलाइन परमिट’ जारी किए जाएंगे। ’इनरलाइन परमिट’ एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है जो भारतीय नागरिकों को विभिन्न राज्यों के कुछ संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्रों में सीमित अवधि के लिए प्रवेश करने या रहने की अनुमति देता है। अधिकारी के अनुसार, धारचूला-गुंजी मार्ग पर कुलागाड़ के पास बेली पुल के दो हफ़्तों में दूसरी बार बह जाने के कारण यात्रा के दूसरे चरण को शुरू करने की तारीख आगे बढ़ाई गयी है।
जोशी ने कहा, ’’सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पुल का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया है जबकि सेना ने ऊंची घाटियों की ओर जाने के लिए एक वैकल्पिक रास्ता तैयार कर दिया है। इसलिए मौसम और परिवहन, दोनों स्थितियों से सुरक्षित यात्रा के संकेत मिलने के बाद हम यात्रा शुरू करेंगे।’’ मानसून के मद्देनजर रास्तों में संभावित भूस्खलन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने दो जुलाई से आदि कैलाश यात्रा के लिए ’इनरलाइन परमिट’ जारी करने पर रोक लगा दी थी।
इस साल एक मई को यात्रा शुरू होने के बाद दो महीने में रिकॉर्ड 52,441 श्रद्धालुओं ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश तीर्थयात्रा, तिब्बत में कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ ही 1981 में शुरू हुई थीं लेकिन इसे व्यापक लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 अक्टूबर 2023 के दौरे के बाद मिली।
SEPT 14, 2026 16:20 IST

बलिया में तालाब से बरामद हुआ पुलिसकर्मी का शव

बलिया जिले के बांसडीह रोड थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी का शव सोमवार को संदिग्ध हालात में एक तालाब से बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि बांसडीह कोतवाली में तैनात आरक्षी परितोष मिश्रा का शव पूर्वाह्न करीब 10 बजे बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छाता मोड़ पर स्थित एक तालाब में मिला। उन्होंने बताया कि मिश्रा गत 13 सितंबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक जमानत याचिका के सिलसिले में पुलिस विभाग की तरफ से प्रति शपथ पत्र दाखिल करने जा रहे आरक्षी शिवगोपाल पाल को बलिया रेलवे स्टेशन पर छोड़ने के लिए अपने निजी मोटरसाइकिल से बलिया गये थे। सिंह ने बताया कि परितोष मिश्रा ने बलिया से वापसी के दौरान बांसडीह रोड थाने में तैनात कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया और अपने साथियों से कहकर मोटरसाइकिल से रवाना हुए कि रात में गश्त ड्यूटी पर जाना है। उन्होंने बताया कि मिश्रा रात में ड्यूटी के लिए निर्धारित समय पर बांसडीह थाने पर उपस्थित नहीं हुए जिसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी लेकिन आज एक तालाब में उनका शव मिला। पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
SEPT 14, 2026 16:18 IST

थाने में पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई, जांच के बाद दारोगा और सिपाही निलंबित

पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाने में तैनात दो पुलिसकर्मियों का आपसी मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रविवार देर शाम दारोगा सत्यपाल और सिपाही जसवंत को निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच में दोनों पुलिसकर्मियों को अनुशासनहीनता, लापरवाही और गलत व्यवहार का दोषी पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद था। थाने में दोनों के बीच बहस बढ़ गई और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे और दोनों पुलिसकर्मी आरोपों के दोषी पाए गए।
SEPT 14, 2026 14:09 IST

बाड़मेर नगर निकाय चुनाव परिणाम: 14 साल बाद BJP का वनवास खत्म, 29 वार्डों में जीत

बाड़मेर | 14 सितंबर। बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के चुनाव परिणाम सोमवार सुबह 10 बजे तक पूरी तरह घोषित हो गए। नतीजों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल कर लिया है। इसके साथ ही बाड़मेर में भाजपा का कथित 14 साल का वनवास खत्म हो गया और पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।

भाजपा के 29 पार्षद जीतने के साथ ही बोर्ड बनाने की तस्वीर भी लगभग साफ हो गई है। वहीं कांग्रेस 21 वार्डों में जीत दर्ज कर दूसरे स्थान पर रही, जबकि 5 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी।

वार्ड नंबर 1 से निर्दलीय प्रत्याशी सुरतान सिंह ने जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने इसे जनता की जीत बताया।

वहीं चौहटन नगर पालिका के चुनाव परिणामों में भी भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया। यहां 20 में से 11 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि 9 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। चौहटन में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी।

बाड़मेर नगर परिषद में 9 सितंबर को पहले चरण में मतदान हुआ था। नगर परिषद में 81.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले मतदान के मुकाबले करीब 4 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं नवगठित चौहटन नगर पालिका में 85.27 फीसदी मतदान हुआ।

बाड़मेर में भाजपा की बहुमत वाली जीत ने करीब डेढ़ दशक बाद सत्ता में वापसी का रास्ता साफ कर दिया है। परिणाम सामने आने के बाद भाजपा खेमे में खुशी की लहर है, जबकि कांग्रेस को मिली 21 सीटों के बावजूद बोर्ड बनाने के लिए जरूरी बहुमत से काफी पीछे रहना पड़ा।
SEPT 14, 2026 14:08 IST

बाकल-रियासी रोड पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, चार घायल

बाकल से रियासी जा रही एक मेटाडोर (गाड़ी नंबर JK14B-2973) बटाला गाला टनल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

मृतकों की पहचान पौंसाली के रहने वाले पारस राम और सेरमेघा के रहने वाले मदन के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की मौत मौके पर ही हो गई।

हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उनकी हालत के बारे में और जानकारी का इंतज़ार है।

पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की जांच चल रही है।
SEPT 14, 2026 14:07 IST

गुरुग्राम में कार ने स्पोर्ट्स बाइक को मारी टक्कर, महिला सवार घायल

गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार कार ने कथित तौर पर एक स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार महिला सड़क पर गिर गई और बाइक कई मीटर तक घिसटती आगे चली गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार हो गये।

उन्होंने बताया कि बाइक सवार सिया को सड़क पर गिरने से चोटें आईं। बाद में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर इस घटना की जानकारी साझा की।

सिया के अनुसार, वह रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर कुछ अन्य बाइक सवारों के साथ अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक चला रही थीं, तभी एक कार कथित तौर पर उनका पीछा करने लगी।
SEPT 14, 2026 14:06 IST

खबर गोवा नाइटक्लब आग आत्मसमर्पण

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में जमानत याचिका रद्द किए जाने के विरोध में की गई अपील उच्चतम न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद लूथरा बंधुओं समेत तीन आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण ।
SEPT 14, 2026 14:06 IST

दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी में जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या

दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में सोमवार को सुबह बाइक सवार दो हमलावरों ने एक जिम ट्रेनर की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि इलाके में करीब 15 गोलियां चलाई गईं।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10 बजे आया नगर गांव में हुई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान जिम ट्रेनर विजय (28) के रूप में हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि यह गोलीबारी आपसी रंजिश का नतीजा थी। पुलिस ने कहा कि इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया, जहां कुछ महीने पहले भी इसी तरह की गोलीबारी की खबर सामने आई थी। शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आया नगर गांव में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है।
SEPT 14, 2026 12:56 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने गणेश चतुर्थी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि ईश्वर के आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों एवं देश निरंतर प्रगति करता रहे।

अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कामना की कि ’विघ्नहर्ता’ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नयी ऊर्जा और उत्साह का संचार करे।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर लिखा, ’’देशवासियों को गणेश चतुर्थी की अनंत शुभकामनाएं। विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पावन पर्व सबके जीवन में नयी ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। उनके दिव्य आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही कामना है। गणपति बाप्पा मोरया।’’
SEPT 14, 2026 12:56 IST

बिहार के 15 जिलों में बाढ़ से 49.36 लाख लोग प्रभावित, कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

बिहार में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में 49.36 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, और कई नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतों के 49.36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि लगातार वर्षा तथा नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण राज्य की कई नदियों और जलधाराओं का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है।

डीएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, सोमवार सुबह छह बजे भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर 36.21 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.71 मीटर ऊपर है। हालांकि यहां जलस्तर में गिरावट का रुख है।
SEPT 14, 2026 12:55 IST

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने 'हिंदी दिवस' पर दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ’हिंदी दिवस’ के अवसर पर सभी प्रदेश वासियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने ’एक्स’ पर की गयी एक पोस्ट में कहा, ’’हिंदी दिवस की सभी हिंदी प्रेमियों और प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’

उन्होंने इसी पोस्ट में आगे कहा, ’’हिंदी हमारी सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय एकता एवं भारतीय अस्मिता की सशक्त अभिव्यक्ति है। आइए, हम सब मिलकर हिंदी भाषा के सम्मान, संवर्धन एवं व्यापक प्रयोग के लिए संकल्पित हों।’’
SEPT 14, 2026 12:54 IST

राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा को बढ़त, कांग्रेस भी कड़ी टक्कर में

राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाए हुए है और कांग्रेस भी कड़ी टक्कर दे रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और इसके लिए व्यापक सुरक्षा इंतजामों के साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
पूर्वाह्न 11 बजकर 45 मिनट तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 10,245 वार्डों के घोषित परिणामों में भाजपा ने 1,937, कांग्रेस ने 1,646 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 1,040 वार्डों में जीत दर्ज की है।

इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 42, भारत आदिवासी पार्टी ने आठ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने छह, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने छह और आम आदमी पार्टी (आप) ने पांच वार्डों में जीत हासिल की है। इन आंकड़ों में निर्विरोध चुने गए 77 उम्मीदवार भी शामिल हैं।

राज्य में जिन 309 नगरीय निकायों के चुनाव की घोषणा की गई है, उनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 200 से अधिक नगरपालिकाएं शामिल हैं। इन सभी निकायों में कुल 10,245 वार्ड हैं।
SEPT 14, 2026 12:54 IST

गणेश चतुर्थी पर नितिन नवीन ने भाजपा मुख्यालय में पूजा-अर्चना की

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।

नवीन ने पूजा-अर्चना के बाद संवाददाताओं से कहा, ’’मैं प्रार्थना करता हूं कि हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति करे और प्रसिद्धि हासिल करे तथा हर व्यक्ति के जीवन में खुशी, उत्साह और उत्सव बना रहे।’’

राजस्थान नगर निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा कि पार्टी को राज्य से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य तरुण चुग सहित भाजपा के कई अन्य नेता भी उपस्थित थे।

अधिकारियों के अनुसार राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाए हुए है और कांग्रेस भी कड़ी टक्कर दे रही है।

पूर्वाह्न 11 बजकर 45 मिनट तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 10,245 वार्डों के घोषित परिणामों में भाजपा ने 1,937, कांग्रेस ने 1,646 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 1,040 वार्डों में जीत दर्ज की है।
SEPT 14, 2026 12:53 IST

कश्मीर के रियासी में गोलीबारी में लड़की की मौत, शुरुआती जांच में आत्महत्या का संदेह

जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में 18 वर्षीय लड़की की लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने के कारण मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, ठकराकोट इलाके के पनासा गांव की रहने वाली प्रियंका देवी ने रविवार देर रात अपने घर पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चलाई जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि लड़की ने आत्महत्या की है लेकिन यह कदम उसने क्यों उठाया इसका कारण तुरंत ज्ञात नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
SEPT 14, 2026 11:27 IST

तरुण तेजपाल आज मापुसा कोर्ट में सरेंडर करेंगे

गोवा यौन उत्पीड़न मामला: तरुण तेजपाल आज मापुसा कोर्ट में सरेंडर करेंगे, सुनवाई सुबह 11:30 बजे होगी।
SEPT 14, 2026 09:22 IST

मनोहर लाल ने भारत से सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखने के लिए अमेरिका में प्रवासी भारतीयों की सराहना की

जी20 देशों के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ह्यूस्टन आए केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए प्रवासी भारतीय समुदाय की सराहना की।

जी20 की यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ईरान और यूक्रेन में युद्धों के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की आपूर्ति बुरी तरह बाधित है।

ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी. सी. मंजूनाथ ने हवाई अड्डे पर मंत्री की अगवानी की।

अमेरिका की जी20 अध्यक्षता में ’ऊर्जा प्रचुरता’ विषय पर जी20 देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक सोमवार से बुधवार तक होगी। इसमें अमेरिका के गृह मंत्री डग बर्गम, ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट और ’व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के अधिकारी जारोड एजेन समेत दुनिया के कई प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे।

मंत्रिस्तरीय बैठक की पूर्व संध्या पर प्रवासी भारतीय समुदाय ने रविवार शाम ’इंडिया हाउस’ में मंत्री के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया और इस दौरान मनोहर लाल ने पेशेवरों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में ’हरियाणवी एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (हारिट), ’इंडिया कल्चर सेंटर’ (आईसीसी), ’इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ऑफ ग्रेटर ह्यूस्टन’ (आईएसीसीजीएच) और ’सेवा इंटरनेशनल’ समेत विभिन्न क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

मंत्री ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने और भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए समुदाय की सराहना की।
SEPT 14, 2026 09:22 IST

होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही पर ईरान और पड़ोसी देशों की वार्ता स्थगित

होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म द्वीप के पास रविवार तड़के एक ईरानी मालवाहक पोत पर हमले के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के अपने प्रयासों के बारे में पड़ोसी देशों को जानकारी देने की योजना स्थगित कर दी।

लाल सागर में पोतों की आवाजाही पर खतरा पिछले सप्ताह बढ़ने के बाद इस हमले ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। यमन में सरकारी बलों से लड़ रहे ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक द्वीप पर कब्जा कर लिया है जो होर्मुज जलडमरूमध्य के विकल्प के रूप में समुद्री परिवहन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ’इरना’ ने केश्म के गवर्नर के हवाले से रविवार के हमले के लिए एक ’’आतंकवादी दुश्मन’’ को जिम्मेदार ठहराया। एजेंसी की खबर के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।
इस संबंध में अमेरिकी सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई। अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के दौरान ईरान के झंडे वाले पोतों को निशाना बनाया है और अब उसे अपने युद्धपोतों पर दागी जा रही ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के नए खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

बंदर अब्बास बंदरगाह शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित केश्म द्वीप, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की ईरान की कोशिशों के लिए महत्वपूर्ण है।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ’’हमारे लोगों को धमका कर झुकाया नहीं जा सकता। ईरान आत्मसमर्पण नहीं करेगा।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे असहमति जताते हुए रविवार को कहा कि ईरान ’’समझौता करने के लिए इतना बेताब है’’ कि ’’वे लगातार फोन कर रहे हैं।’’

बाद में एक पत्रकार ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या रविवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी मालवाहक पोत पर अमेरिका ने हमला किया था, तो उन्होंने कहा, ’’मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।’’

ईरान ने कहा था कि क्षेत्र के देशों के विदेश मंत्री सोमवार को ओमान में बैठक करेंगे तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में पोतों की आवाजाही के प्रबंधन के लिए ईरान और जलडमरूमध्य के दूसरी ओर स्थित ओमान के प्रयासों पर चर्चा करेंगे।

हालांकि, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने रविवार देर रात सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर कहा कि ’’आम सहमति के हित में’’ बैठक स्थगित कर दी गई है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के अधिकारी मोहम्मद अली बाक ने कहा कि ईरान और ओमान ने ’’कुछ क्षेत्रीय देशों के अनुरोध पर’’ वार्ता स्थगित करने पर सहमति जताई। ’इरना’ ने ’एक्स’ पर उनके हवाले से यह जानकारी दी।
SEPT 14, 2026 09:21 IST

राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के लिए मतगणना जारी

राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद सोमवार को मतगणना जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और इसके लिए व्यापक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

राजस्थान के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को हुए थे। इन चुनावों में कुल 77 उम्मीदवार निर्विरोध पार्षद चुने गए, जिनमें 37 महिलाएं हैं। शेष सीट के लिए मतदान कराया गया था, जिनके मतों की गिनती सोमवार को की जा रही है।

राज्य में जिन 309 नगरीय निकायों के चुनाव की घोषणा की गई है, उनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 200 से अधिक नगरपालिकाएं शामिल हैं। इन सभी निकायों में कुल 10,245 वार्ड हैं।
SEPT 14, 2026 09:20 IST

लंदन में टेम्स नदी के तट पर पहली बार हुई गंगा आरती

लंदन में टेम्स नदी के तट पर रविवार को पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।

’टेम्स तट पर गंगा आरती : प्रकाश उत्सव’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन ’चिन्मय मिशन यूके’ ने ’टोटली टेम्स’ के वार्षिक उत्सव के सहयोग से किया। यह आयोजन ’चिन्मय मिशन’ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनियाभर में हो रहे कार्यक्रमों का हिस्सा था।

भारत में गंगा के तट पर होने वाली प्रसिद्ध आरती की परंपरा से प्रेरित इस आयोजन की परिकल्पना प्रकृति, ज्ञान और चेतना के जीवनदायी प्रवाह के प्रतीक के रूप में की गई थी।

’चिन्मय मिशन यूके’ की शिक्षिका ब्रह्मचारिणी श्रीप्रिया चैतन्य ने कहा, "पीढ़ियों से श्रद्धालु गंगा के तट पर दीप प्रज्वलित कर मां गंगा की आराधना करते और प्रकृति एवं जीवन को संवारने वाली दिव्य शक्तियों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता दर्शाते आए हैं।’’ उन्होंने कहा, "टेम्स नदी के तट पर गंगा आरती भी इसी भावना को आगे बढ़ाती है और कृतज्ञता, आशा तथा एकता के साझा भाव में लोगों को एक साथ लाती है।"

चैतन्य ने बताया कि चिन्मय मिशन के लिए गंगा ज्ञान के प्रवाह का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा, "हमारे संस्थापक स्वामी चिन्मयानंद ने अपना जीवन वेदांत के शाश्वत ज्ञान और आध्यात्मिक संदेश को हिमालय की पवित्र भूमि से जन-जन तक पहुंचाने और उसे उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए समर्पित कर दिया। हिंदू धर्म की महान दार्शनिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं में से एक वेदांत की इस दिव्य विरासत को आगे बढ़ाते हुए चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह समारोह ज्ञान, सेवा और कृतज्ञता की उस पवित्र धारा का उत्सव भी है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे निरंतर प्रवाहित हो रही है।’’

गंगा आरती हिंदू धर्म का एक प्राचीन धार्मिक अनुष्ठान है। इसमें बड़ी संख्या में दीयों को प्रज्वलित कर प्रार्थना, भजन-संगीत और मंत्रोच्चार के माध्यम से मां गंगा के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की जाती है।
SEPT 14, 2026 09:19 IST

राष्ट्रपति मुर्मू ने महिला टी20 एशिया कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी20 एशिया कप चैंपियनशिप जीतने पर बधाई देते हुए सोमवार को कहा कि टीम ने देश को गौरवान्वित किया है।
मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’वे हमारे युवाओं, खासकर हमारी बेटियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत हैं। मुझे विश्वास है कि वे सफलता और उत्कृष्टता के ऐसे कई और प्रेरणादायक अध्याय लिखेंगी।’’

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने दुबई में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीता।


राष्ट्रपति ने कहा, ’’महिला टी20 एशिया कप चैंपियनशिप 2026 जीतने पर टीम इंडिया की सभी सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और अपने सभी मैच जीते। उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है।’’