LIVE

आज की ताजा खबर : Aaj Ki Taza Khabar, 14 जुलाई 2023 की बड़ी खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, फ्रांस और भारत में कई मुद्दों पर बनी सहमति

आलोक कुमार रावUpdated Jul 14, 2023, 23:56 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर : Aaj Ki Taza Khabar, 14 जुलाई 2023 की बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर : Aaj Ki Taza Khabar, 14 जुलाई 2023 की बड़ी खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, फ्रांस और भारत में कई मुद्दों पर बनी सहमति

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 14 जुलाई 2023 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 14 जुलाई (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : फ्रांस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सबसे बड़े अवॉर्ड से सम्मानित किया है। भारत और फ्रांस के बीच आज रक्षी डील भी होगी। भारत नौसेना के लिए 26 राफेल एम और तीन पनडुब्बी खरीदेगा। दिल्ली में बाढ़ बेकाबू है। अच्छी बात यह है कि इसके जलस्तर में कमी आई है लेकिन खतरा बना हुआ है।

JUL 14, 2023 23:55 IST

एसबीआई ने कर्ज पर ब्याज दर 0.05 प्रतिशत बढ़ायी

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने कोष की सीमांत लागत आधारित ब्याज दर 0.05 प्रतिशत बढ़ा दी है। सभी अवधि के कर्ज के लिये की गयी इस वृद्धि से कर्जदारों के लिये मासिक किस्त बढ़ेगी। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 23:06 IST

दुनिया की सबसे बड़ी डायमंड लूट

World Biggest Diamond Robbery: दुनिया में एक से एक चोरी हुई है, लेकिन बेल्जियम में हीरों की चोरी की एक घटना ने सबको हिलाकर रख दिया है। जहां से चोरी करना लगभग नामुमकिन था, वहां से 5 चोरों ने दुनिया की सबसे बड़ी डायमंड लूट को अंजाम दे दिया। इन पांचों में से चार आजतक पकड़े नहीं जा सके हैं, हालांकि मास्टरमाइंड जरूर पकड़ा गया लेकिन पूरे हीरे कभी नहीं मिल पाए। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 21:58 IST

फ्रांस और भारत में कई मुद्दों पर बनी सहमति

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस के एलीसी पैलेस पहुंचे। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने उनका स्वागत किया और दोनों साझा बयान जारी किया। पीएम मोदी ने कहा कि फ्रांस के लोगों को राष्ट्रीय दिवस के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह दिवस विश्व में स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे मूल्यों का प्रतीक माना जाता है, यह मूल्य दोनों देशों के संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है। मुझे खुशी है कि इस अवसर की गरिमा बढ़ाने के लिए भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ियों ने भाग लिया। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 21:23 IST

बेटी के साथ करता था बलात्कार

मानवता को शर्मसार करने वाले बाप को मुंबई की एक विशेष अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। वह अपनी ही आठ साल की बेटी के साथ यौन शोषण करता था। सजा सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि यह मनुष्यता पर भरोसे का खून करने जैसा है। यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली अदालत ने कहा कि दोषी बाप का अपराध रक्षक के भक्षक बनने का स्पष्ट मामला है। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 20:05 IST

कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की हुई मौत

Kuno Cheetah Death: अफ्रीका से भारत लाए गए चीतों की मौतों का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की मौत हो गई है। अब तक आठ चीते मार चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 18:51 IST

फ्रांस में भी पीएम मोदी का बजा डंका

PM Modi France Visit: भारत को विश्व इतिहास में एक 'विशाल' और एक रणनीतिक साझेदार बताते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने बैस्टिल डे परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में देश का स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर सैन्य परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रपति मैक्रॉन ने ट्विटर पर ट्वीट किया कि पीएम मोदी को विश्व इतिहास में एक दिग्गज भविष्य में निर्णायक भूमिका निभाने वाला, एक रणनीतिक साझेदार, एक मित्र बताया। हमें 14 जुलाई की परेड में सम्मानित अतिथि के रूप में भारत का स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 18:50 IST

शिंदे-फडणवीस दोनों पर भारी पड़े अजित पवार

Maharashtra Minister Portfolio: महाराष्ट्र में शुक्रवार को एकनाथ शिंदे सरकार के मंत्रालयों का बंटवारा हो गया। मंत्रालय के इस बंटवारे में शिंदे और फडणवीस दोनों पर अजित पवार भारी पड़ते दिखे हैं। वित्त विभाग जैसा महत्वपूर्ण मंत्रालय जो पहले देवेंद्र फडणवीस के पास था, उस पर अब अजित पवार का कब्जा हो गया है। महाराष्ट्र के नए वित्त मंत्री अजित पवार बन गए हैं। पढ़ें पूरी खबर
JUL 14, 2023 15:12 IST

चंद्रयान-3 की हुई सफल लॉन्चिंग

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का चंद्रयान-3 शुक्रवार को चंद्रमा की तरफ रवाना हो गया। अंतरिक्ष यान का आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दोपहर बाद दो बजकर 35 मिनट पर सफल प्रक्षेपण हुआ। इसे एलवीएम3एम4 रॉकेट के जरिए छोड़ा गया है। यह रॉकेट भारी उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करेगा। रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के बाद इसरो केंद्र के वैज्ञानिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। करीब 40 दिनों के बाद चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने कहा कि अपनी अंतरिक्ष यात्रा में भारत ने एक नया अध्याय लिखा है।
JUL 14, 2023 13:43 IST

आज की ताजा खबर 13 जुलाई 2023 LIVE: पेरस में बैस्टिल डे परेड की रंगारंग शुरुआत

फ्रांस की राजधानी पेरिस में बैस्टिल डे परेड की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी यहां मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद है। परेड स्थल पहुंचने पर पीएम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। परेड समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, उनकी पत्नी सहित विशिष्ट अतिथि एवं गणमान्य लोग उपस्थित हैं।
JUL 14, 2023 13:38 IST

निर्मला सीतारमण ने उडुपी मठ का दौरा किया

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कर्नाटक के उडुपी में श्रीकृष्ण मठ का दौरा किया। श्रीकृष्ण मठ में भगवान कृष्ण के दर्शन के बाद सीतारमण अदामारू मठ पहुंचीं और मठ प्रमुख श्री विश्वप्रिय तीर्थ के साथ चर्चा की। सीतारमण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों की एक बैठक में हिस्सा लेने के लिए उडुपी में हैं। यह बैठक एक होटल में होने वाली है जिसमे सीतारमण केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर भी चर्चा करेंगी।
JUL 14, 2023 12:56 IST

आज की ताजा खबर 13 जुलाई 2023 LIVE: दिल्ली: एनडीआरएफ, सेना से मांगी मदद

उफान पर बह रही यमुना नदी का पानी शुक्रवार को मध्य दिल्ली में उच्चतम न्यायालय के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया जबकि दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण व्यस्त आईटीओ चौक और राजघाट जलमग्न हो गए जिससे हालात और बदतर हो गए हैं। यमुना में जल स्तर घटने लगा है लेकिन इंद्रप्रस्थ के समीप रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण आईटीओ और आसपास के इलाकों में पानी भर गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राजस्व मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण दिल्ली में बाढ़ आने के खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा सेना से मदद मांगने के निर्देश दिए हैं।
JUL 14, 2023 11:58 IST

मणिपुर में एक और बैंक लूटा गया

मणिपुर के चुराचांदपुर में कुछ दिन पहले एक्सिस बैंक से 2.25 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और नकदी गायब होने की घटना के बाद अपराधियों ने कांगपोकपी जिले के एक अन्य बैंक को निशाना बनाया और करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के कम्प्यूटर तका इलेक्ट्रॉनिक्स सामान लूट लिया।
JUL 14, 2023 11:46 IST

आज की ताजा खबर 13 जुलाई 2023 LIVE: दिल्ली में हर तरफ पानी ही पानी

तीन दिन हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यमुना नदी का स्तर खतरे से ऊपर चला गया और पानी घरों, बाजारों, सड़कों, पर्यटक स्थलों और यहां तक कि सरकारी दफ्तरों में भी घुस गया। बाढ़ जैसी स्थिति के कारण अधिकारियों ने राजधानी में स्कूलों और कॉलेजों को 16 जुलाई तक बंद कर दिया है। वहीं, केंद्रीय जल आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यमुना का जल स्तर स्थिर हो गया है और गुरुवार रात को घटना शुरू हो गया। पूरी खबर पढ़ें
JUL 14, 2023 10:14 IST

आज की ताजा खबर 13 जुलाई 2023 LIVE: दिल्ली में रात भर जागते हुए कटी रात

उफनाती यमुना दिल्लीवासियों के लिए भारी पड़ रही है। निचले इलाकों से बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं। घर-बार छोड़ चुके लोगों को दिल्ली की अलग-अलग जगहों पर रखा गया है। कुछ लोगों को दिल्ली में मयूर विहार के पास फ्लाई ओवर के नीचे रखा गया है। इन लोगों का कहना है कि मुश्किल भरे समय में दिल्ली सरकार ने उनकी सुध नहीं ली है। उन्हें किसी तरह की मदद नहीं पहुंचाई गई है। रात भर उन्हें जागना पड़ा है।पूरी खबर पढ़ें
JUL 14, 2023 10:09 IST

श्रीहरिकोटा में छाए हैं बादल, क्या चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर होगा असर

इसरो आज चंद्रयान-3 लॉन्च करने जा रहा है। इसलिए श्रीहरिकोटा के मौसम पूर्वानुमान पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, तटीय आंध्र क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, तिरुपति जिले में केवल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यहां भारी बारिश की संभावना नहीं है।
JUL 14, 2023 09:10 IST

PM ने रात्रिभोज के लिए आभार व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों का यहां एलिसी पैलेस में उनके सम्मान में निजी रात्रिभोज आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी के दो दिवसीय यात्रा पर पेरिस पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस में शुक्रवार को विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
JUL 14, 2023 08:14 IST

आज की ताजा खबर 13 जुलाई 2023 LIVE: अपनी फ्रांसीसी समकक्ष के साथ पीएम मोदी की बैठक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस की अपनी दो दिवसीय यात्रा की शुरुआत में बृहस्पतिवार को अपनी फ्रांसीसी समकक्ष एलिजाबेथ बोर्न और सीनेट अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर के साथ "सार्थक" बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने यूरोपीय देश के साथ भारत की दीर्घकालिक और समय पर खरी उतरी रणनीतिक साझेदारी को नयी गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की।इससे पहले, आज यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का हवाई अड्डे पर फ्रांसीसी प्रधानमंत्री बोर्न ने स्वागत किया। मोदी के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
JUL 14, 2023 07:37 IST

फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से पीएम मोदी सम्मानित

पीएम नरेंद्र मोदी को फ्रांस ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया है। यह सम्मान पाने वाले वो पहले भारतीय पीएम हैं।यह सैन्य या नागरिक आदेशों में सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान है। इसके साथ ही पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय पीएम बन गये हैं। पीएम मोदी ने भारत की जनता की ओर से इस सम्मान के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद दिया।पूरी खबर पढ़ें
JUL 14, 2023 07:35 IST

आज की ताजा खबर 13 जुलाई 2023 LIVE: प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस से अमित शाह को किया फोन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन किया और दिल्ली के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ के बारे में जानकारी ली। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, शाह ने मोदी को बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी दी और उन्हें बताया कि अगले 24 घंटों में यमुना में जलस्तर कम होने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण दिल्ली के कुछ हिस्सों में पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की।’पूरी खबर पढ़ें
JUL 14, 2023 07:33 IST

यहां देख पाएंगे चंद्रयान-3 की उड़ान LIVE

टाइम्स नाउ नवभारत चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग का लाइव प्रसारण करेगा। चंद्रयान-3 की लाइव लॉन्चिंग https://www.timesnowhindi.com/ पर देखा जा सकता है। टाइम्स नाउ नवभारत के ट्विटर एवं फेसबुक पेज से भी चंद्रयान-3 की उड़ान का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग (Live Streamimg) इसरो के यूट्यूब चैनल और डीडी नेशनल पर देखा जा सकेगा। पूरी खबर पढ़ें