देश

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस से अमित शाह को किया फोन, दिल्ली में बाढ़ के हालात की जानकारी ली

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 14, 2023, 06:28 AM IST

अमित शाह ने पीएम मोदी को बताया कि अगले 24 घंटों में जल स्तर में कमी आने की संभावना है और वह दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

Image

PM Modi Amit Shah

Photo : PTI

PM Modi in France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन किया और दिल्ली के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ के बारे में जानकारी ली। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, शाह ने मोदी को बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी दी और उन्हें बताया कि अगले 24 घंटों में यमुना में जलस्तर कम होने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण दिल्ली के कुछ हिस्सों में पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की।’

अमित शाह ने कहा, यमुना में जलस्तर कम होने की संभावना

अमित शाह ने उन्हें बताया कि अगले 24 घंटों में जल स्तर में कमी आने की संभावना है और वह दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं। इसके अलावा बचाव और राहत अभियान चलाने और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम को तैनात किया गया है। प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर फ्रांस गए हैं। इस दौरान वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे।

दिल्ली में गैर जरूरी सेवाओं वाले सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज रविवार तक बंद

यमुना नदी में पानी के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के मद्देनजर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिल्ली में जरूरी सेवाएं देने वाले सरकारी कार्यालयों से इतर अन्य कार्यालय, स्कूल और कॉलेज रविवार तक बंद रखने के बृहस्पतिवार को निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यमुना का पानी दिल्ली के कई इलाकों में फैल जाने के मद्देनजर राहत कार्य तेज कर दिये गये हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शहर में निजी कार्यालयों को सलाह दी गई है कि वे कर्मचारियों को घरों से काम करने को कहें।

ये निर्णय गुरुवार को उप राज्यपाल सचिवालय में डीडीएमए की बैठक में लिए गए। बचाव कार्यों में प्रशासन की मदद के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 12 दल तैनात किए गए हैं जिनके पास नौकाएं, रस्सी और अन्य उपकरण हैं। उप राज्यपाल वी के सक्सेना की अध्यक्षता में हुई डीडीएमए की बैठक में भाग लेने के बाद केजरीवाल ने कहा कि अब तक 20,000 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। शहर में पेयजल की भी कमी हो गयी है क्योंकि दिल्ली सरकार ने यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला में तीन जल शोधन संयंत्रों को बंद करने का और आपूर्ति 25 प्रतिशत कम करने का फैसला किया है।

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीरी गेट के आस-पास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रविवार तक बंद रखने के लिए कहा गया है। आईएसबीटी तक आने वाली बसें सिंघू बॉर्डर पर ही रुकेंगी और डीटीसी की बसें यात्रियों को वहां से लाएंगी। यमुना का जल स्तर बढ़ने से गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में पानी भर गया, जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल और अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों के कार्यालय हैं। (Bhasha Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article