LIVE

आज की ताजा खबर, 13 जून 2025 : अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 265 की मौत, ईरान पर इजरायल का हमला, UNSC ने आपात बैठक बुलाई

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 13 जून 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 13 जून (शुक्रवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

शिशुपाल कुमारUpdated Jun 13, 2025, 23:42 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 13 जून 2025 : अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 265 की मौत, ईरान पर इजरायल का हमला, UNSC ने आपात बैठक बुलाई

आज की ताजा खबर, 13 जून 2025 : अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 265 की मौत, ईरान पर इजरायल का हमला, UNSC ने आपात बैठक बुलाई

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today : आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 13 जून 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें 241 वो लोग हैं जो प्लेन में सवार थे। एयर इंडिया के AI-171 में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें से सिर्फ एक जिंदा बच पाया है। मरने वालों में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य भी शामिल हैं। एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर दुनिया भर के नेताओं ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को अहमदाबाद में उस जगह पहुंचे जहां बृहस्पतिवार को एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस दुर्घटना में 265 लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री ने विमान हादसे में घायल हुए लोगों से भी मुलाकात की। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री यहां सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे पर पहुंचे और वहां से सीधे मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने करीब 20 मिनट दुर्घटना स्थल का मुआयना करते हुए बिताए। नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू और गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने प्रधानमंत्री को विमान के मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त होने के बारे में जानकारी दी। इजराइल ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाते हुए शुक्रवार को सुबह देश की राजधानी पर हमले किए जिनमें कम से कम दो शीर्ष सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई। इन हमलों से पश्चिम एशिया के दो कट्टर विरोधी मुल्कों के बीच व्यापक युद्ध की आशंका बढ़ गई है। इसे 1980 के दशक में इराक के साथ युद्ध के बाद ईरान पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। यह हमला ईरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम को लेकर पैदा तनाव के मध्य हुआ है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने हमले के बाद कहा कि इजराइल को "कड़ी सजा" दी जाएगी। इजराइल की सेना ने कहा है कि ईरान उस पर किए गए हमलों के जवाब में इजराइल पर ड्रोन दाग रहा है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

JUN 13, 2025 23:42 IST

घाटकोपर स्टेशन लोकल ट्रेन की चपेट में आने से शख्स की मौत


घाटकोपर स्टेशन पर जानलेवा हादसा हो गया। लोकल ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति मौत हो गई। हालांकि, घायल अवस्था में उसे नजदीकी राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
JUN 13, 2025 20:50 IST

UNSC ने आपात बैठक बुलाई

ईरान के परमाणु प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने कहा है कि इजरायल के हमले देश की न्यूक्लियर प्रोग्राम की रफ्तार नहीं रोक पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि नतांज़ फैसिलिटी पर हुए हमलों से कोई रेडिएशन लीक नहीं हुआ है जिससे जनता को घबराने की जरूरत हो। ईरान पर बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक बुलाई है, जो आज शाम 3 बजे (न्यूयॉर्क समय) होगी। इजरायल के हमलों और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा के लिए यह आपात बैठक बुलाई गई है।
JUN 13, 2025 17:10 IST

Operation Rising Lion पर बोले इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार

इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने ईरान के खिलाफ इजरायल डिफेंस फोर्स के ऑपरेशन राइजिंग लायन'शुरू करने के बाद दुनियाभर के अपने समकक्षों के साथ कॉल करना जारी रखा है। सार ने जर्मन विदेश मंत्री से कहा कि हमने यह फैसला अंतिम समय में लिया, जब सभी दूसरे रास्ते बंद हो चुके थे। पूरी दुनिया ने देखा और समझा कि ईरानी रुकने को तैयार नहीं थे, हमें उन्हें रोकना था। यहां पढ़ें पूरी खबर
JUN 13, 2025 16:27 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: न्यायालय ने अंबानी परिवार को सुरक्षा दिए जाने के खिलाफ याचिका खारिज की

उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को एक वादी द्वारा बार-बार याचिका दायर करने पर उसे फटकार लगाई और उद्योगपति मुकेश अंबानी तथा उनके परिवार के सदस्यों को प्रदान की गई ‘जेड प्लस’ सुरक्षा वापस लेने के अनुरोध वाली उसकी याचिका खारिज कर दी। न्यायालय ने कहा कि न्याय प्रक्रिया पर दबाव डालने की इजाजत नहीं दी जा सकती। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति मनमोहन की आंशिक कार्य दिवस वाली पीठ ने याचिकाकर्ता विकास साहा को इस मुद्दे पर एक के बाद एक तुच्छ और परेशान करने वाली याचिकाएं दायर करने के लिए चेतावनी दी और कहा कि यदि वह भविष्य में ऐसी याचिकाएं दायर करते हैं तो अदालत उन पर जुर्माना लगाने के लिए बाध्य होगी।
JUN 13, 2025 16:26 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक सड़क हादसे में दो की मौत, तीन घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक वाहन के 30 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि बृहस्पतिवार रात बेखाली रोड पर हुए इस सड़क हादसे में फगवाना गांव के बालकृष्ण (21) और आशीष (18) की मौत हो गयी जबकि मणिकरण क्षेत्र के साहिल, हिमांशु और रिपन घायल हो गये। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर उसकी एक टीम मौके पर पहुंची और उसने घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
JUN 13, 2025 16:09 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: इजरायल-ईरान के बीच संघर्ष से सोने की कीमत एक लाख रुपए के पार

सोने के दाम मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को करीब दो प्रतिशत बढ़कर एक लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गए हैं। सोने में तेजी की वजह मध्य-पूर्व में इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष का बढ़ना है। सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है। एमसीएक्स पर सोना 1,108 रुपए या 1.12 प्रतिशत बढ़कर 99,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। गुरुवार को सोना 98,392 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके बाद शुरुआती कारोबार में ही एमसीएक्स पर सोना 1 लाख रुपए के स्तर को पार कर 1,00,403 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। दोपहर 2:35 पर सोना 1.71 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,00,079 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। चांदी 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,06,639 रुपए प्रति किलो पर थी। वायदा बाजार के साथ-साथ स्पॉट पर भी सोने और चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम बढ़कर 99,170 रुपए हो गया है, जो कि पहले 97,455 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।
JUN 13, 2025 15:46 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: केनरा बैंक ने कर्ज पर ब्याज दर 0.5 प्रतिशत घटाई

सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक ने रेपो दर से जुड़े कर्ज पर ब्याज में 0.50 प्रतिशत की कटौती की है। इससे संशोधित रेपो आधारित ब्याज दर 8.75 प्रतिशत से 8.25 प्रतिशत पर आ गई है। नई दरें 12 जून, 2025 से लागू हो गई हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पिछले सप्ताह प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 0.5 प्रतिशत की कटौती के बाद केनरा बैंक ने यह कदम उठाया है। इस कटौती से केनरा बैंक आरबीआई के कदम के बाद अपने ग्राहकों को ब्याज दर में 0.50 प्रतिशत की पूरी कटौती का लाभ दे रहा है।
JUN 13, 2025 15:19 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: श्रीलंकाई सेना के कमांडर रोड्रिगो ने जयपुर का दौरा किया

श्रीलंकाई सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बी के जी एम एल रोड्रिगो भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के दो दिवसीय दौरे पर यहां आए और सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की। एक सैन्य प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल रोड्रिगो 12-13 जून को जयपुर स्थित सप्त शक्ति कमान के दो दिवसीय दौरे पर थे। दक्षिण पश्चिमी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने यहां उनका स्वागत किया।
JUN 13, 2025 13:35 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: ईरान ने ड्रोन दागे, जॉर्डन में बजे सायरन

इजराइल के ईरान पर हमलों और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बीच जॉर्डन की राजधानी में शुक्रवार को हवाई हमले के सायरन बजने लगे। जॉर्डन के सरकारी मीडिया ने अपनी खबर में कहा कि देश की वायु सेना अपने हवाई क्षेत्र में आने वाले ड्रोन और मिसाइलों को रोक रही है। सरकारी समाचार एजेंसी ने एक शीर्ष सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा कि सैन्य आकलन था कि ये मिसाइल और ड्रोन जॉर्डन के क्षेत्र में गिर सकते हैं जिसमें आबादी वाले क्षेत्र भी शामिल हैं। खबर में कहा गया कि इससे नागरिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरा पैदा हो सकता था और इसी के मद्देनजर यह कदम उठाया गया।
JUN 13, 2025 13:34 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: पश्चिमी ईरान में हवाई सुरक्षा पर व्यापक हमला किया : इजराइल

इजराइल की सेना ने कहा है कि उसने पश्चिमी ईरान में हवाई सुरक्षा पर व्यापक हमला किया तथा उसे पूरा कर लिया है। इजराइल की सेना ने शुक्रवार को कहा कि उसने दर्जनों रडार प्रतिष्ठानों और सतह से हवा में मार करने वाले मिसाइल प्रक्षेपकों को नष्ट कर दिया है।
JUN 13, 2025 12:24 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: राजस्थान में शनिवार से शुरू हो सकती है मानसून पूर्व बारिश

मौसम विभाग ने कई दिन से प्रचंड गर्मी झेल रहे राजस्थान के कई इलाकों में शनिवार से मानसून पूर्व बारिश शुरू होने का पूर्वानुमान जताया है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार आज दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं सक्रिय हैं।
JUN 13, 2025 12:24 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: प्रधानमंत्री ने एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां विमान दुर्घटना स्थल का दौरा करने के बाद गुजरात सरकार के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक यहां हवाई अड्डे के पास गुजरात राज्य विमानन अवसंरचना कंपनी लिमिटेड (गुजसेल) के दफ्तर में आयोजित की गई थी। बैठक में मोदी को विमान दुर्घटना के बाद के घटनाक्रम की जानकारी दी गई। हादसे में 265 लोगों की जान चली गई। उन्होंने इससे पहले दुर्घटना स्थल और शहर के सिविल अस्पताल का दौरा किया।
JUN 13, 2025 12:23 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: असम के श्रीभूमि में 6.5 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद

असम के श्रीभूमि जिले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 6.5 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खुफिया सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वेटरबॉन्ड इलाके से याबा की 44,000 गोलियां जब्त की हैं। इस सिलसिले में पांच संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। शर्मा ने मादक द्रव्य के खिलाफ अभियान की सफलता पर पुलिस को बधाई दी।
JUN 13, 2025 11:31 IST

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से हम सब स्तब्ध हैं: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है और इतने आकस्मिक और हृदय विदारक तरीके से इतने अधिक लोगों की मौत शब्दों से परे है। मोदी ने ‘एक्स’ पर अपने शोक संदेश में यह बात कही।
JUN 13, 2025 10:35 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: अहमदाबाद: एयर इंडिया विमान हादसे वाली जगह पर पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद में एयर इंडिया के प्लेन क्रैश साइट पर पहुंचे। पीएम मोदी यहां से अस्पताल जाएंगे। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद में एक समीक्षा बैठक भी करेंगे। दूसरी ओर घटना स्थल पर स्निफर डॉग्स का स्क्वाड बुला लिया गया है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। हादसे की जगह को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है।
JUN 13, 2025 10:34 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: एयर इंडिया ने स्थापित किए ‘मित्र एवं सहायता केंद्र

एयर इंडिया ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और मित्रों की सहायता के लिए ‘मित्र एवं रिश्तेदार सहायता केंद्र’ स्थापित किए जाने की जानकारी दी है। यह ‘मित्र एवं रिश्तेदार सहायता केंद्र’ दिल्ली, मुंबई और गैटविक हवाई अड्डों पर स्थापित किए गए हैं। एयर इंडिया ने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया है।
एयर इंडिया के मुताबिक, इस 'मित्र एवं रिश्तेदार सहायता केंद्र' का उद्देश्य हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और रिश्तेदारों की मदद करना है। एयरलाइंस ने अपने पोस्ट में बताया, “एयर इंडिया ने उड़ान एआई171 के यात्रियों के परिवारों और प्रियजनों की मदद के लिए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक हवाई अड्डों पर सहायता केंद्र बनाए हैं। ये केंद्र परिवार वालों को अहमदाबाद की यात्रा में सहायता दे रहे हैं।”
JUN 13, 2025 10:33 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: भीषण गर्मी के बीच आईएमडी ने शुक्रवार को आंधी-तूफान, बारिश का अनुमान जताया

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को आंधी-तूफान, बारिश का पूर्वानुमान जताया है जिससे राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक है। आईएमडी ने कहा कि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई।
JUN 13, 2025 10:33 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE:- रुपया शुरुआती कारोबार में 56 पैसे टूटकर 86.08 प्रति डॉलर पर

रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 56 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.08 पर आ गया। इज़राइल के ईरान के परमाणु स्थलों पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच वैश्विक तेल कीमतों में तेजी और डॉलर के मजबूत होने का असर घरेलू मुद्रा पर दिखा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों की कमजोर शुरुआत और विदेशी पूंजी की भारी निकासी से भी स्थानीय मुद्रा में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 86.25 पर खुला। फिर 86.08 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 56 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
JUN 13, 2025 10:32 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: एम्सिओम-4 मिशन में देरी के बीच इसरो ने कहा: सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता

एक्सिओम-4 वाणिज्यिक मिशन के टलने के बीच भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार को कहा कि सुरक्षा और मिशन की संपूर्णता उसकी शीर्ष प्राथमिकता है और वह इस संबंध में नासा और एक्सिओम स्पेस के साथ मिलकर काम कर रहा है। भारत के शुभांशु शुक्ला तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ एक्सिओम-4 वाणिज्यिक मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा करने वाले हैं, जिसे फिलहाल अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है, क्योंकि अंतरिक्ष एजेंसियां ​​प्रक्षेपण से पहले उत्पन्न विभिन्न मुद्दों पर विचार कर रही हैं।
इसरो अध्यक्ष वी नारायणन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘सुरक्षा और मिशन की पूर्णता हमारी शीर्ष प्राथमिकताएं हैं।’’
JUN 13, 2025 10:18 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today LIVE: ठाणे में 13 साल की लड़की से दुष्कर्म के आरोप में आईआईटी छात्र गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 13 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसने बृहस्पतिवार को लड़की की मां की शिकायत के आधार पर 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।