बंगाल की खाड़ी के देशों के विदेश मंत्रियों की पीएम मोदी के साथ बैठक
बंगाल की खाड़ी के देशों के विदेश मंत्रियों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में बिम्सटेक विदेश मंत्रियों के दूसरे सम्मेलन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की आरे से जारी एक बयान में कहा गया," प्रधानमंत्री ने विदेश मंत्रियों के साथ कनेक्टिविटी, ऊर्जा, व्यापार, स्वास्थ्य, कृषि, विज्ञान, सुरक्षा और लोगों के बीच आदान-प्रदान सहित विविध क्षेत्रों में क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने आर्थिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में बिम्सटेक की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।" प्रधानमंत्री मोदी ने शांत, समृद्ध और सुरक्षित बिम्सटेक के लिए भारत की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने भारत की पड़ोसी पहले और एक्ट ईस्ट नीतियों के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी के देशों में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के महत्व पर जोर दिया। बिम्सटेक तकनीकी और आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से गठित दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया के सात देशों को एक संगठन है।