LIVE

आज की ताजा खबर 11 मार्च 2026 LIVE: जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से की बात, अमेरिका-ईरान युद्ध पर हुई बात

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar 11 March), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज), [पीएम मोदी] [डोनाल्ड ट्रंप] [ईरान, इजराइल-अमेरिका युद्ध] [ईरान युद्ध] [ईरान के मिसाइल हमले] [संसद का बजट सत्र] [एलपीजी गैस किल्लत ] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष और वैश्विक बाजार में अनिश्चितता के बावजूद देश में ईंधन की किल्लत नहीं है। इस संघर्ष के बाद आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं पर चिंता जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उभर रहे हालात पर सरकार की करीबी नजर है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वह तिरुचिरापल्ली से दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस रेलगाड़ियों, एक पैसेंजर ट्रेन एवं केरल के एर्णाकुलम से एक और यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उधर, ईरान की सेना ने इजरायली ऊर्जा सुविधाओं पर बड़े जवाबी हमले की घोषणा की है। ईरान की वायु सेना ने हाल ही में इजरायल द्वारा ईरानी तेल डिपो पर की गई बमबारी के जवाब में उत्तरी बंदरगाह शहर हाइफा में महत्वपूर्ण ऊर्जा सुविधाओं पर ड्रोन हमले किए। साथ ही ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने एक बार फिर अमेरिका, इजराइल और डोनाल्ड ट्रंप को निशाने पर लेते हुए दावा किया कि ईरान के जवाबी हमले तेज हो रहे हैं। अराघची ने कहा कि नेतन्याहू नहीं चाहते कि आप देखें कि ईरान की शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं इजरायल को उसकी आक्रामकता के लिए कैसे दंडित कर रही हैं। स्विस राजधानी बर्न के केरजर्स कस्बे में बस में आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। जानिए देश-दुनिया की हर खबरों पर अपडेट।

Amit Kumar MandalUpdated Mar 11, 2026, 18:52 IST
आज की ताजा खबर 11 मार्च 2026 LIVE: जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से की बात, अमेरिका-ईरान युद्ध पर हुई बात

आज की ताजा खबर 11 मार्च 2026 LIVE: जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से की बात, अमेरिका-ईरान युद्ध पर हुई बात

  • पीयूष गोयल बोले, देश में ईंधन की किल्लत नहीं
  • पीएम मोदी तिरुचिरापल्ली में 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की देंगे सौगात
  • ईरान ने किया इजरायली ऊर्जा सुविधाओं पर हमले का ऐलान
  • सैयद अब्बास अराघची के निशाने पर ट्रंप-नेतन्याहू
  • इजराइल ने कहा, ईरान कर रहा घातक क्लस्टर बमों का इस्तेमाल

MAR 11, 2026 18:52 IST

जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से की बात, अमेरिका-ईरान युद्ध पर हुई बात

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया संघर्ष पर अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से बातचीत की। विदेश मंत्री ने कहा, "रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ अच्छी बातचीत हुई। हमने पश्चिम एशिया संघर्ष और संबंधित राजनयिक प्रयासों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही, हमने द्विपक्षीय सहयोग के एजेंडे की भी समीक्षा की।"
MAR 11, 2026 18:19 IST

लाल किला विस्फोट मामले में अदालत ने 2 आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाई

दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को लाल किला क्षेत्र विस्फोट की साजिश में कथित तौर पर शामिल दो आतंकी आतंकवादियों से पूछताछ पांच दिन के लिए बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश पीतांबर दत्त ने बंद कमरे में कार्यवाही करने के बाद ज़मीर अहमद अहनगर और तुफैल अहमद भट की एनआईए हिरासत बढ़ा दी। गांदरबल के अहनगर और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के भट को दिल्ली विस्फोट से संबंधित साजिश में सक्रिय संलिप्तता के आरोप में फरवरी में एनआईए ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया था। 25 फरवरी को उन्हें 10 दिनों के लिए एनआईए हिरासत में भेजा गया था, जिसके बाद 6 मार्च को उनकी पूछताछ पांच दिन के लिए बढ़ा दी गई। मंगलवार को एनआईए ने मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष अन्य साक्ष्यों के साथ उनके रक्त के नमूने लिए। अब तक आतंकवाद विरोधी एजेंसी ने इस मामले में 11 गिरफ्तारियां की हैं।
MAR 11, 2026 17:07 IST

किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं?

MAR 11, 2026 16:21 IST

राहुल गांधी 'लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा', सदन के नियम तोड़ते हैं : अनुराग ठाकुर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष (एलओपी) के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा' बताया।


अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में भारत और भारतीय लोकतंत्र की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं और सदन के नियमों का भी पालन नहीं करते। सदन में बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, "कुछ लोग इस सदन में माइनस ट्रिपल सी के साथ आते हैं- न सिविक सेंस, न कॉमन सेंस और न ही कॉन्स्टिट्यूशनल सेंस। जब हम लोकसभा के सदस्य बने थे, तब हमें बताया गया था कि सदन के अंदर कैसे व्यवहार करना चाहिए। लेकिन एक व्यक्ति है जो इन सभी नियमों को तोड़ता है, और वह है प्रोपेगेंडा का लीडर। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें 'फोमो गांधी' भी कहा। अनुराग ठाकुर ने कहा, "यह फोमो गांधी हैं। इन्हें डर रहता है कि कहीं वे सुर्खियों से बाहर न हो जाएं।
MAR 11, 2026 15:38 IST

पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली

पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू ने लोक निवास में बुधवार को आयोजित समारोह में दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में संधू को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। संधू के पूर्ववर्ती, विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1988 बैच के अधिकारी संधू अमेरिकी मामलों में अनुभवी भारतीय राजनयिकों में शुमार हैं। उन्होंने वाशिंगटन में भारतीय दूतावास में कई बार अपनी सेवाएं दी हैं। वह फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत रहे। इसके अलावा 63 वर्षीय संधू जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी कार्यरत रहे। संधू ने 2024 में पंजाब के अमृतसर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन चुनाव नहीं जीत पाए।
MAR 11, 2026 14:54 IST

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव किसी नेता के अहंकार की संतुष्टि के लिए लाया गया है: रविशंकर प्रसाद

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा लाया गया प्रस्ताव उनके खिलाफ अविश्वास के लिए नहीं, बल्कि किसी के अहंकार की संतुष्टि के लिए लाया गया है। विपक्ष द्वारा बिरला के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए प्रसाद ने कहा, लोकसभा अध्यक्ष के पद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को किसी के अहंकार की संतुष्टि का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता मोहम्मद जावेद ने मंगलवार को संकल्प प्रस्तुत किया था और सदन में इस पर चर्चा शुरू हुई। प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा, यह प्रस्ताव बिरला के खिलाफ अविश्वास के लिए नहीं, बल्कि किसी के अहं की संतुष्टि के लिए लाया गया है।

उन्होंने कहा कि संसदीय प्रणाली पर 'कॉल और शकधर' की लिखी किताब में कहा गया है कि नेता प्रतिपक्ष छाया प्रधानमंत्री की तरह हैं, लेकिन इसमें यह भी लिखा है कि उन्हें राष्ट्रहित के मुद्दों पर अपने शब्दों का ध्यान से चयन करना चाहिए। प्रसाद ने कहा कि इसमें कहा गया है कि नेता प्रतिपक्ष संसद के अंदर और बाहर सरकार की आलोचना कर सकते हैं, लेकिन विदेश की धरती पर उन्हें दलीय राजनीति नहीं करनी चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी को इसे पढ़ना चाहिए। इस पर कांग्रेस सदस्यों ने टीका-टिप्पणी की और आसन के समीप आ गए। बाद में राहुल गांधी को बोलने की अनुमति मिलने पर हंगामा शांत हुआ।
MAR 11, 2026 14:18 IST

भारत के इतिहास में पहली बार विपक्ष के नेता को सदन में बोलने नहीं दिया गया: राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि सदन में उन्हें बोलने से कई बार रोका गया है और देश के इतिहास में पहली बार विपक्ष के नेता को सदन में बोलने नहीं दिया गया। सदन में अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए रविशंकर प्रसाद ने संसदीय प्रणाली पर 'कॉल एंड शकधर' की एक किताब को उद्धृत करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को राष्ट्रहित के मुद्दों पर बोलते समय ध्यानपूर्वक शब्दों का चयन करना चाहिए और विदेशी धरती पर दलीय राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह किताब पढ़ लेनी चाहिए।

इस पर कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा किया और आसन के समीप आ गए। वह नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति देने की मांग कर रहे थे। आसन से अनुमति मिलने पर राहुल गांधी ने कहा, कई बार मुझे (यहां) बोलने से रोका गया है। भारत के इतिहास में पहली बार नेता विपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा, यह सदन देश की जनता की अभिव्यक्ति के लिए है। यह एक पार्टी का नहीं है, यह पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। हम जब भी बोलने के लिए खड़े होते हैं तो हमें रोका जाता है।
MAR 11, 2026 13:06 IST

एनसीईआरटी पुस्तक विवाद

एनसीईआरटी पुस्तक विवाद: उच्चतम न्यायालय ने कहा कि अगर केंद्र एनसीईआरटी को पाठ्यक्रम की समीक्षा करने के लिए कहने के बजाय इसके लिए विशेषज्ञ समिति का गठन करे तो यह बेहतर होगा।
MAR 11, 2026 12:55 IST

मुंबई में विक्रेता की चाकू मारकर हत्या, मामला दर्ज

मुंबई में एक अज्ञात व्यक्ति ने 28 वर्षीय विक्रेता की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार शाम मानखुर्द के मंडला इलाके में एक होटल के पास हुई और इसकी सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान फालूदा बेचने वाले वाहिद शेख (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हमले के बाद उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
MAR 11, 2026 12:17 IST

उत्तर कोरिया ने किया मिसाइल परीक्षण

N. Korea Tests cruise Missiles : ईरान-अमेरिका, इजरायल युद्ध के बीच उत्तर कोरिया ने अपनी ताकत दिखाई है। उसने अपने नए युद्धपोत से समुद्र से सतह पर मार करने वाली अपनी नई क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया का एक सप्ताह में यह दूसरा मिसाइल परीक्षण है। यह परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब ईरान युद्ध के चलत मध्य पूर्व एवं पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ा हुआ है। रिपोर्ट यह भी है कि दक्षिण कोरिया में तैनात अपने एयर डिफेंस उपकरणों एवं हथियारों को अमेरिका वहां से निकालकर मध्य पूर्व की तरफ ले जा रहा है।
MAR 11, 2026 12:16 IST

प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे केरल के मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री

केरल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री पी ए मोहम्मद रियास को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक कार्यक्रम से कथित रूप से बाहर रखे जाने के बाद, राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और अन्य मंत्रियों ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का बुधवार को निर्णय लिया। प्रधानमंत्री कोच्चि में आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 66 का छह लेन तक विस्तार किए जाने के पहले खंड सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है, उनमें एनएच 66 का थलप्पडी-चेंगला खंड और कोझिकोड बाईपास का वेंगलम-रामनट्टुकारा खंड शामिल है जिन्हें छह लेन का बनाया गया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विजयन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, हालांकि कार्यक्रम सूची में उनका नाम शामिल है। कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के विजयन के फैसले का कोई खास कारण नहीं बताया गया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित राज्य के मंत्रियों एम बी राजेश और के कृष्णनकुट्टी ने भी कहा कि वे निजी कारणों से इसमें हिस्सा नहीं ले रहे।
मंत्री रियास ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करने संबंधी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतंत्र के अनुरूप नहीं है।
MAR 11, 2026 11:28 IST

32 साल के हरीश राणा को इच्छा मृत्यु की इजाजत

पिछले करीब 13 साल से अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़े गाजियाबाद के 32 साल के हरीश राणा को पैसिव युथनेसिया (इच्छा मृत्यु) देने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला आया है। सुप्रीम कोर्ट ने हरीश राणा की पैसिव यूथनेशिया या इच्छा मृत्यु की इजाजत दे दी, यानी अब उसे इलाज से हटा दिया जाएगा। हरीश राणा को उनके घर से एम्स, दिल्ली में पॉलिटिव केयर यूनिट में भर्ती किया जाएगा। अदालत ने कहा कि एंड ऑफ लाइफ या इच्छा मृत्यु के लिए ऐसे तरीके को अपनाया जाया जिससे हरीश राणा की गरिमा बनी रहे। 2018 के सुप्रीम कोर्ट गरिमापूर्ण इच्छामृत्यु के ऐतिहासिक आदेश के बाद पहली बार किसी व्यक्ति की इच्छा मृत्यु का आदेश दिया गया है। पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उनके घरवालों से बात भी की थी। 100 फीसदी दिव्यांगता के शिकार हो चुके बेटे के ठीक होने की उम्मीद छोड़ चुके हरीश के माता-पिता ने ही उसे इच्छा मृत्य देने की मांग की थी।
MAR 11, 2026 11:00 IST

बारूदी सुरंग बिछाने वाले 16 ईरानी जहाज नष्ट किए : अमेरिकी सेना

अमेरिका ने कहा है कि उसने बारूदी सुरंग बिछाने वाले ईरान के 16 जहाज नष्ट किए हैं वहीं ईरान ने क्षेत्र के तेल निर्यात को रोकने का प्रण करते हुए कहा कि वह अपने दुश्मनों को एक लीटर भी तेल भेजने की अनुमति नहीं देगा। युद्ध का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पड़ने वाले असर को लेकर बढ़ती चिंता के बीच अमेरिकी सेना ने बारूदी सुरंग बिछाने वाले 16 ईरानी जहाजों को नष्ट करने का दावा करते हुए कुछ वीडियो भी जारी किए। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान द्वारा विस्फोटक लगाए जाने की कोई सूचना नहीं है। इसी जलमार्ग के जरिए दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की ढुलाई होती है। वहीं ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि वह अगले आदेश तक इस क्षेत्र से शत्रु पक्ष और उसके सहयोगियों को एक लीटर तेल का निर्यात भी नहीं होने देगा। संघर्ष के 11वें दिन में प्रवेश करने के साथ ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी अब तक के सबसे भीषण हमलों का संकल्प दोहराया है।
MAR 11, 2026 10:48 IST

लोकसभा का उपाध्यक्ष का नहीं होना संविधान का उल्लंघन: कांग्रेस

कांग्रेस ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के संकल्प पर चर्चा के लिए 10 घंटे का समय आवंटित किए जाने पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू के बयान को लेकर बुधवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सदन में 2019 से उपाध्यक्ष का नहीं होना संविधान का उल्लंघन है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि 1954 में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष जी वी मावलंकर के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा में उस वक्त के प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भाग लिया था और विपक्ष को अधिक समय दिए जाने की पैरवी की थी। रीजीजू ने मंगलवार को लोकसभा में कहा था कि बिरला के खिलाफ संकल्प पर चर्चा के लिए 10 घंटे का समय आवंटित किया गया है, जबकि 1954 में इसी तरह के संकल्प पर चर्चा के लिए सिर्फ ढाई घंटे का समय निर्धारित किया गया था। रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, कल लोकसभा में अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा में संसदीय कार्य मंत्री ने गर्व से दावा किया कि चर्चा के लिए 10 घंटे आवंटित किए गए हैं, जबकि दिसंबर 1954 में इसी तरह के प्रस्ताव के लिए केवल ढाई घंटे निर्धारित किए गए थे। उन्होंने कहा कि रीजीजू यह बताना भूल गये कि 18 दिसंबर 1954 को तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू स्वयं सदन में बैठे थे और चर्चा में भाग लिया था।
MAR 11, 2026 10:42 IST

छेड़छाड़ के मामले में वायुसेना का जवान बरी, नाबालिग पीड़िता ने कहा-'सपने में हुई घटना'

Kanpur News: कानपुर की एक विशेष अदालत ने अपनी नाबालिग साली से छेड़छाड़ के मामले में वायुसेना के एक जवान को पीड़िता के उस बयान के बाद बरी कर दिया जिसमें उसने कहा कि घटना सपने में हुई थी और उसने गलतफहमी में शोर मचा दिया था। हालांकि इस मामले में वायुसेना के जवान को 19 दिन जेल में बिताने पड़े थे। बचाव पक्ष के वकील करीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि 15 साल की एक लड़की ने आरोप लगाया था कि आठ मार्च 2019 को नौबस्ता के खाड़ेपुर में बहन के ससुराल में उसके जीजा अनुराग शुक्ला ने उससे कथित तौर पर छेड़छाड़ की जब वह सो रही थी। उन्होंने बताया कि लड़की के आरोपों के आधार पर लगभग पांच महीने बाद तीन अगस्त 2019 को नौबस्ता थाने में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी और जमानत मिलने से पहले अनुराग शुक्ला को 19 दिन जेल में बिताने पड़े थे। सिद्दीकी ने बताया कि मामले की सुनवाई के दौरान लड़की ने अदालत को बताया कि वह एंटीबायोटिक दवाएं ले रही थी और घटना वाली रात वह अर्द्धबेहोशी की हालत में थी तभी उसे सपने में महसूस हुआ कि उसके जीजा अनुराग शुक्ला ने उसे पकड़ लिया और उससे छेड़छाड़ की, जिसके बाद वह डरकर जाग गई और शोर मचा दिया।
MAR 11, 2026 10:14 IST

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में घने कोहरे के बीच कार और बस की टक्कर में तीन की मौत

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में घने कोहरे के बीच एक कार और राज्य परिवहन की बस की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित लखीमपुर खेरी से इटावा जा रहे थे, तभी अल्लाहगंज इलाके में सुगसुगी मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि कार एक तीखे मोड़ के पास सामने से आ रही बस से टकरा गई। द्विवेदी ने बताया कि कार में सवार तीनों लोग - अरुण (30), ऋषभ कुमार (32) और संजय कुमार (28), सभी लखीमपुर खेरी के हैदराबाद कस्बे के निवासी - की मौके पर ही मौत हो गई।
अनिल और गौरव नाम के दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
MAR 11, 2026 09:57 IST

पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त राज्यपाल रवि आज कोलकाता पहुंचेंगे, कल होगा शपथ ग्रहण समारोह

पश्चिम बंगाल के नव नियुक्त राज्यपाल आर एन रवि के बुधवार शाम यहां पहुंचने की उम्मीद है और अगले दिन वह लोक भवन में शपथ लेंगे। सी वी आनंद बोस के राज्यपाल पद से पांच मार्च को अचानक इस्तीफा देने के बाद रवि को उसी दिन पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया था। एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रवि (73) को गुरुवार को लोक भवन में पद की शपथ दिलाएंगे। उन्होंने कहा, नए राज्यपाल आज शाम शहर पहुंचेंगे। शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार सुबह लोक भवन में होगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बोस के इस्तीफे ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके इस्तीफे को राजनीति से प्रेरित बताया है।
MAR 11, 2026 09:45 IST

भारत को रूसी तेल लेने की अस्थायी अनुमति, लीविट ने कहा

ईरान से छिड़े युद्ध के बीच व्हाइट हाउस ने कहा है कि वह भारत को अस्थायी रूप से रूसी तेल खरीदने की अनुमति दे रहा है। व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत को समुद्र में जहाजों पर मौजूद रूसी तेल को अस्थायी रूप से स्वीकार करने की अनुमति दी है। साथ ही कहा कि इस अल्पकालिक उपाय से मॉस्को को कोई खास वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट और पूरी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम ने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि भारत में हमारे सहयोगी देशों ने सकारात्मक रुख अपनाया है और पहले प्रतिबंधित रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया था।
MAR 11, 2026 08:57 IST

ऑस्ट्रेलिया ने ईरानी महिला फुटबॉल टीम की दो और सदस्यों को शरण दी

ईरान की महिला फुटबॉल टीम की दो और सदस्यों को ऑस्ट्रेलिया में शरण दी गई है। देश के गृह मंत्री टोनी बर्क ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह टीम ईरान में युद्ध शुरू होने से पहले एक टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया आई थी। बर्क ने कैनबरा में पत्रकारों को बताया कि ऑस्ट्रेलिया ने पांच खिलाड़ियों को पहले शरण दी थी और अब दो अन्य खिलाड़ियों को शरण दी गई है। दोनों ने उनकी टीम के अन्य सदस्यों को हवाई अड्डा ले जाने से पहले ही शरण मांगी थी। ईरान युद्ध शुरू होने से ठीक पहले पिछले महीने एएफसी महिला एशियाई कप में भाग लेने के लिए ईरानी टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी। उसकी टीम टूर्नामेंट से जल्द बाहर हो गई जिसके बाद टीम को अपने देश लौटना था जहां युद्ध के कारण हालात खराब हैं। ऑस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली ईरान की टीम में 26 खिलाड़ी तथा सहयोगी स्टाफ के सदस्य शामिल थे। बर्क ने कहा कि टीम के सभी सदस्यों को शरण का प्रस्ताव दिया गया था। टीम के बाकी सदस्य सिडनी से ईरान जाने वाली उड़ान में मंगलवार देर रात सवार हुए।
MAR 11, 2026 08:44 IST

पीयूष गोयल बोले, देश में ईंधन की किल्लत नहीं

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष और वैश्विक बाजार में अनिश्चितता के बावजूद देश में ईंधन की किल्लत नहीं है। इस संघर्ष के बाद आपूर्ति श्रृंखला में आ रही बाधाओं पर चिंता जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उभर रहे हालात पर सरकार की करीबी नजर है। देश भर में ईंधन की उपलब्धता बिना किसी बाधा के हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है। गोयल ने कहा कि अधिकारी सतर्क हैं और संबंधित विभाग घरेलू सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने के लिए इलाके में हो रहे बदलाव की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'फ्यूल की बिल्कुल भी कमी नहीं है। और डिटेल्स पर काम किया जा रहा है। एक गंभीर लड़ाई चल रही है... इस स्थिति में, चिंताएं होंगी जिनके बारे में संबंधित विभाग समय-समय पर सभी को बताएंगे... वे स्थिति पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं।'