LIVE

आज की ताजा खबर 11 मार्च, 2025: दो दिवसीय यात्रा मॉरीशस दौरे पर पीएम मोदी, पाकिस्तान में ट्रेन पर 'आतंकी' हमला; पढ़ें दिनभर के अपडेट्स

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 11 March 2025 Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे। द्वीप राष्ट्र मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। मॉरीशस के सभी 34 मंत्री पूरे प्रोटोकॉल और धूमधाम के साथ पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। वहीं ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) की सेवाएं सोमवार को बाधित होने के कुछ घंटों बाद उद्योगपति एलन मस्क ने आरोप लगाया कि एक ‘बड़े साइबर हमले’ के तहत उनके सोशल मीडिया मंच को निशाना बनाया गया। मस्क ने एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘हम पर हर दिन हमला होता है, लेकिन यह बहुत सारे संसाधनों का इस्तेमाल करके किया गया था।’’ इसके अलावा म्यांमा में फंसे उन 283 भारतीय नागरिकों को बचाकर भारत वापस लाया गया है जिन्हें आकर्षक नौकरियों का लालच देकर साइबर अपराध करने के लिए मजबूर किया था।

आयुष सिन्हाUpdated Mar 12, 2025, 00:16 IST
आज की ताजा खबर 11 मार्च, 2025: दो दिवसीय यात्रा मॉरीशस दौरे पर पीएम मोदी, पाकिस्तान में ट्रेन पर 'आतंकी' हमला; पढ़ें दिनभर के अपडेट्स

आज की ताजा खबर 11 मार्च, 2025: दो दिवसीय यात्रा मॉरीशस दौरे पर पीएम मोदी, पाकिस्तान में ट्रेन पर 'आतंकी' हमला; पढ़ें दिनभर के अपडेट्स

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 11 March 2025 Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजकीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे। द्वीप राष्ट्र मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। मॉरीशस के सभी 34 मंत्री पूरे प्रोटोकॉल और धूमधाम के साथ पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद रहे। वहीं खेल मंत्रालय ने मंगलवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) पर लगा निलंबन वापस ले लिया, जिससे घरेलू प्रतियोगिताओं के आयोजन और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए राष्ट्रीय टीमों के चयन का रास्ता साफ हो गया। मंत्रालय ने अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय चैंपियनशिप की जल्दबाजी में घोषणा करने के कारण 24 दिसंबर, 2023 को डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा म्यांमा में फंसे उन 283 भारतीय नागरिकों को बचाकर भारत वापस लाया गया है जिन्हें आकर्षक नौकरियों का लालच देकर साइबर अपराध करने के लिए मजबूर किया था। इसके अलावा ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) की सेवाएं सोमवार को बाधित होने के कुछ घंटों बाद उद्योगपति एलन मस्क ने आरोप लगाया कि एक ‘बड़े साइबर हमले’ के तहत उनके सोशल मीडिया मंच को निशाना बनाया गया। मस्क ने एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘हम पर हर दिन हमला होता है, लेकिन यह बहुत सारे संसाधनों का इस्तेमाल करके किया गया था।’’

यहां पढ़ें देशभर के हर मुख्य समाचार सबसे पहले

  • खेल मंत्रालय ने डब्ल्यूएफआई का निलंबन वापस लिया
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर मॉरीशस में
  • म्यांमा में फर्जी नौकरियों का लालच देकर फंसाए गए 283 भारतीयों को बचाया गया
  • पंजाब पुलिस ने 538 स्थानों पर छापेमारी करके मादक पदार्थ से जुड़े 112 तस्कर गिरफ्तार किये
  • ‘एक्स' को ‘बड़े साइबर हमले' के तहत निशाना बनाया गया, सेवाएं बाधित हुईं: एलन मस्क
  • म्यांमा में फर्जी नौकरियों का लालच देकर फंसाए गए 283 भारतीयों को बचाया गया
  • व्यापार, संपर्क सुविधा में सहयोग बढ़ाने पर विचार कर रहे भारत, आर्मेनिया

MAR 12, 2025 00:16 IST

लखनऊ में प्रेमी युगल का शव मिला

लखनऊ में प्रेमी युगल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बाग में लटकता मिला। गांव के बाहर आम के पेड़ में दोनों शव लटकते पाए गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए फील्ड यूनिट सहित उच्च अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जगह डाल में टंगे जैकेट में लिखा था- हमारी इच्छा है कि हम दोनों लोगों को एक जगह दफनाया जाए क्योंकि हम शादी शुदा हैं। लखनऊ के थाना इटौंजा क्षेत्र के अटेसुआ गांव का मामला है।
MAR 11, 2025 17:57 IST

बुंदेलखंड की ताकत का एहसास अब दुनिया करेगी : योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि आज नए भारत का नया उत्तर प्रदेश भी अपने पूरी सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में बुंदेलखंड की ताकत का एहसास अब दुनिया करेगी। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार एक दिवसीय दौरे पर झांसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा शक्ति को सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत झांसी और चित्रकूट मंडल के संयुक्त क्रेडिट कैंप की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने युवा उद्यमी विकास योजना के 1,070 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया और योजना से संबंधित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
MAR 11, 2025 17:27 IST

पाकिस्तान में ट्रेन पर आतंकी हमला

पाकिस्तान के बोलन जिले में आतंकियों द्वारा एक रेलगाड़ी पर गोलीबारी करने के बाद अशांत बलूचिस्तान प्रांत की सरकार ने मंगलवार को स्थानीय अधिकारियों को ‘आपातकालीन कदम’ उठाने का निर्देश दिया। खबरों के मुताबिक, आतंकी हमले में ट्रेन का चालक घायल हो गया है और उसमें सुरक्षा गार्ड ने जवाबी गोलीबारी की है।
MAR 11, 2025 17:26 IST

महाराष्ट्र में जीबीएस सिंड्रोम के 224 मामले सामने आए

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया कि महाराष्ट्र में 3 मार्च तक गिलियन-बैरे-सिंड्रोम (जीबीएस) के 224 मामले सामने आए और इसके कारण 12 मौतें हुईं।जाधव ने उच्च सदन को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि जांच से संकेत मिलता है कि लोगों में जीबीएस का सबसे संभावित कारण कैम्पिलोबैक्टर की वजह से हुआ पिछला संक्रमण है। उन्होंने बताय कि रोगजनकों (पैथोजन) और प्रकोप का अध्ययन करने के लिए दो जनवरी को राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी), राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान (निमहंस) और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी), पुणे के विशेषज्ञों वाली केंद्रीय तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया था।
MAR 11, 2025 17:07 IST

दक्षिण अफ्रीका में बस पलटने से 12 यात्रियों की मौत

दक्षिण अफ्रीका के शहर जोहानिसबर्ग में मंगलवार को राजमार्ग पर एक बस के पलट जाने से कम से कम 12 यात्रियों की मौत हो गई और 45 अन्य घायल हो गए। जोहानिसबर्ग के एकुरहुलेनी आपात प्रबंधन के प्रवक्ता विलियम नथलाडी ने बताया कि आपात दल ने बस को सीधा करने का प्रयास किया ताकि यह पता लग सके कि बस के नीचे कोई और पीड़ित तो नहीं फंसा है। नथलाडी ने कहा ‘‘दुर्घटनास्थल पर पहुंचने पर हमने देखा कि पीड़ित सड़क पर लेटे थे।’’
MAR 11, 2025 16:32 IST

बिहार के आरा में शोरूम से 25 करोड़ की लूट का दावा झूठा, महज इतने की हुई चोरी

बिहार के आरा में सोमवार को हुए तनिष्क शोरूम लूट मामला का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है। शोरूम मैनेजर के 25 करोड़ के लूट का दावा झूठा साबित हुआ। दिनदहाड़े हुई इस लूट में कुल 10 करोड़ 9 लाख रुपए की लूट हुई है। भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने इसका खुलासा किया है।
MAR 11, 2025 16:02 IST

अजमेर में बनास नदी में नौका पलटी, तीन युवक डूबे

राजस्थान के अजमेर जिले में बनास नदी में नौका पलटने से तीन युवक डूब गए। सावर के थाना प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि राजू और संदीप के शवों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि राजवीर की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि यह घटना सोमवार अपराह्न की है जब पांच दोस्त नदी में नौकायान के लिए गए थे तभी नौका पलट गई। प्रवीण और सांवरा तैरकर बाहर निकल आए, जबकि राजवीर, संदीप और राजू डूब गए। लाल ने बताया कि राजवीर की तलाश के लिए तलाशी अभियान जारी है।
MAR 11, 2025 14:44 IST

‘मल्हार' प्रमाणित दुकानों से खरीदें झटके का मांस : मंत्री नितेश राणे

महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने हिंदू समुदाय के सदस्यों द्वारा विशेष रूप से संचालित ‘झटका’ मटन की दुकानों को प्रमाणित किए जाने के मकसद से ‘मल्हार प्रमाणन’ शुरू करने की घोषणा की है।
मंत्री ने सोमवार को कहा कि ये दुकानें 100 प्रतिशत हिंदुओं द्वारा संचालित होंगी और उन्होंने लोगों से ऐसी प्रमाणित दुकानों से मांस खरीदने की अपील की। ‘झटका’ मांस एक ही वार से मारे गए पशुओं का मांस होता है। राणे ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज हमने महाराष्ट्र में हिंदू समुदाय के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस अवसर पर मल्हार प्रमाणन ‘डॉट कॉम’ की शुरूआत की गई है।’’
MAR 11, 2025 14:23 IST

आंध्र प्रदेश में बस की टक्कर से चार युवकों की मौत

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में मंगलवार को कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक बस ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी जिससे चार युवकों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे पांडवगल्लू गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों मोटरसाइकिलों में से एक पर दो व्यक्ति और दूसरी पर तीन युवक सवार थे। पुलिस को आशंका है कि दुर्घटना के वक्त बस और दोनों मोटरसाइकिलों की रफ्तार अधिक थी।
MAR 11, 2025 13:54 IST

केरल के कांग्रेस सांसदों ने ‘आशा' कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन किया

कांग्रेस के केरल के सांसदों ने प्रदेश की ‘आशा’ कार्यकर्ताओं की मांग को लेकर मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार से दखल की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी के कई अन्य सांसद और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता एनके प्रेमचंद्रन भी शामिल हुए। उन्होंने ‘जस्टिस फॉर आशा वकर्स’ (आशा कार्यकर्ताओं के लिए न्याय) के नारे भी लगाए। वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केरल में आशा कार्यकर्ता पिछले 30 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। पूरा देश जानता है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनका कितना योगदान है। राज्य और केंद्र एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम केंद्र सरकार से आग्रह कर रहे हैं कि मामले में दखल दें, राज्य सरकार के अधिकारियों को बुलाकर बात करें और उनकी समस्याओं का समाधान करे।’’ कांग्रेस के कई सदस्यों ने केरल में ‘आशा’ कार्यकर्ताओं के आंदोलन का विषय सोमवार को लोकसभा में उठाया था। केरल में कई आशा कार्यकर्ता मानदेय और सेवानिवृत्ति के लाभ बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं।
MAR 11, 2025 13:54 IST

द्रमुक ने धर्मेंद्र प्रधान से माफी मांग करते हुए संसद परिसर में प्रदर्शन किया

द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के सांसदों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा लोकसभा में की गई एक टिप्पणी पर विरोध जताते हुए और उनसे माफी मांग करते हुए मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। द्रमुक सांसदों के इस प्रदर्शन में तमिलनाडु के कांग्रेस सांसद भी शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे इन विपक्षी सांसदों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। द्रमुक सांसद कनिमोझी ने कहा, ‘‘शिक्षा मंत्री ने तमिल लोगों की भावनाओं को आहत किया। हमने माफी की उम्मीद की थी। लेकिन उनके शब्दों को सिर्फ कार्यवाही से हटाया गया। द्रमुक ने उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को कोई अधिकार नहीं है कि वह तमिलनाडु सरकार का पैसा रोके। कनिमोझी ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि मंत्री माफी मांगेंगे और केंद्र सरकार पैसा जारी करेगी।’’ तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने द्रमुक का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधान को माफी मांगनी चाहिए या फिर उन्हें मंत्री पद से हटाया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस द्रमुक का पूरा समर्थन करती है। जिस तरह के शब्द का इस्तेमाल किया गया, उसकी उम्मीद एक मंत्री से नहीं की जाती।’’ राष्ट्रीय शिक्षा नीति और तीन भाषाओं की नीति को लेकर लोकसभा में सोमवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और द्रमुक के बीच तीखा आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिला था। प्रधान ने द्रमुक पर तमिलनाडु के छात्रों के भविष्य को बर्बाद करने तथा नयी शिक्षा नीति (एनईपी) पर अपने रुख से पलटने का आरोप लगाया था, वहीं राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि उसे नई शिक्षा नीति और तीन भाषाओं का फार्मूला मंजूर नहीं है। लोकसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान पीएमश्री (पीएम स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) योजना को लेकर द्रमुक सांसद टी सुमति के पूरक प्रश्न पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जवाब देते हुए एक शब्द का इस्तेमाल किया जिसको लेकर द्रमुक सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रधान ने लोकसभा में द्रमुक सदस्यों के विरोध के बीच, अपने वक्तव्य से एक शब्द वापस ले लिया और आसन ने भी इस शब्द को सदन की कार्यवाही से हटाने का निर्देश दिया।
MAR 11, 2025 13:53 IST

केरल : कोल्लम में कब्रिस्तान के पास सूटकेस में मानव कंकाल मिला

दक्षिण केरल के कोल्लम जिले में एक चर्च के पास कब्रिस्तान से सटे भूखंड में एक सूटकेस के अंदर मानव कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मंगलवार को जांच शुरू कर दी। पुलिस के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कोल्लम ईस्ट पुलिस ने बताया कि विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बाद ही कंकाल के संबंध में जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों को संदेह है कि जिस सूटकेस में कंकाल बरामद हुआ, वह सूटकेा सड़क से कब्रिस्तान क्षेत्र में फेंका गया था। पुलिस ने बताया कि यह कंकाल उस समय मिला जब कुछ लोग रखरखाव कार्य करने के लिए मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने इस संबंध में तुरंत पुलिस को सूचना दी।
MAR 11, 2025 13:13 IST

धर्मेंद्र यादव ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग लोकसभा में उठाई

समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने मंगलवार को लोकसभा में सरकार से आग्रह किया कि देश में पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू की जाए ताकि सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सदन में शून्य काल के दौरान यह विषय उठाया। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से लोकसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि वर्तमान पेंशन योजना के माध्यम से कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। उनका कहना था कि सरकार ने एकीकृत पेंशन योजना लाने की घोषणा की है, लेकिन कर्मचारी आज भी आंदोलनरत हैं। यादव ने कहा, ‘‘कर्मचारी नहीं चाहते कि उनकी पूरी कमाई स्टॉक बाजार में लगा दी जाए। आज देख सकते हैं कि शेयर बाजार की क्या हालत है... पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों और उनके परिवार के सुरक्षा की गारंटी है।’’ उन्होंने इस बात का उल्लेख किया, ‘‘सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जब हमें प्रदेश और देश की सरकार में मौका मिलेगा तो पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी।’’ सपा सांसद ने कहा, ‘‘मेरी मांग है कि कर्मचारियों का शोषण बंद हो और पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए।’’
MAR 11, 2025 13:12 IST

ओडिशा विधानसभा में हंगामा, भाजपा-कांग्रेस विधायकों के बीच धक्का-मुक्की

ओडिशा विधानसभा में मंगलवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के विधायक सदन में ही आपस में भिड़ गए जिसके चलते विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी को कार्यवाही अपराह्न तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। विधानसभा में उस समय तनाव बढ़ गया जब भाजपा के वरिष्ठ विधायक जय नारायण मिश्रा, कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बहिनीपति की ओर बढ़े। ताराप्रसाद, शहरी विकास मंत्री के.सी. महापात्र के सामने खड़े थे और मंत्री किसी सवाल का जवाब दे रहे थे। बहिनीपति ने सदन के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मिश्रा ने मेरे शर्ट का कॉलर पकड़कर मुझे धक्का दिया। मैं मंत्री महापात्र से हाथ जोड़कर निवेदन कर रहा था कि जब सदन में व्यवस्था नहीं है तो वह जवाब न दें। लेकिन अचानक मिश्रा आए और मेरा कॉलर पकड़ ली।’’ बाद में, सत्ता पक्ष और कांग्रेस के अन्य सदस्यों के बीच भी धक्का-मुक्की शुरू हो गई जिसके बाद अध्यक्ष पाढ़ी ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। सदन में हंगामा खड़ा हो गया और भाजपा तथा कांग्रेस के सदस्य एक-दूसरे को धक्का देते दिखे। बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्य भी उसी जगह मौजूद थे, लेकिन वे इससे दूर रहे। विपक्षी बीजद और कांग्रेस विधायकों ने अलग-अलग मुद्दे उठाए। बीजद विधायकों ने मिश्रा की उस टिप्पणी पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से बयान देने की मांग की जिसमें मित्रा ने 1936 में तत्कालीन कोसल के ओडिशा में विलय को ‘‘ऐतिहासिक गलती’’ बताया था, जबकि कांग्रेस विधायक राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर विरोध कर रहे थे। यह लगातार दूसरा दिन था जब विधानसभा में हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के विरोध के बीच, अध्यक्ष पाढ़ी ने लगभग 30 मिनट तक प्रश्नकाल चलने दिया। मुख्यमंत्री के लगातार दो दिनों से सदन में उपस्थित न होने को लेकर बीजद विधायकों ने विधानसभा परिसर में लालटेन लेकर सांकेतिक रूप से विरोध दर्ज कराया। बीजद विधायकों ने मुख्यमंत्री के कक्ष के बाहर धरना भी दिया।
MAR 11, 2025 13:02 IST

मणिपुर को आज भी प्रधानमंत्री का इंतजार है: कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मॉरीशस यात्रा को लेकर मंगलवार को उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पास बार-बार विदेश यात्रा का समय है, जबकि मणिपुर के लोग अब भी उनकी यात्रा का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री का लगभग दो साल से मणिपुर का दौरा नहीं करना वास्तव में राज्य के लोगों का अपमान है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अभी मॉरीशस के लिए रवाना हुए हैं। लेकिन मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।’’ उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोग प्रधानमंत्री की यात्रा का इंतजार कर रहे हैं। रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री का मणिपुर नहीं जाना राज्य के लोगों का अपमान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे। इस दौरान वह देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे। मोदी की यह यात्रा मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम के निमंत्रण पर हो रही है। यात्रा के दौरान दोनों देश दक्षता विकास, व्यापार और सीमा पार वित्तीय अपराधों से निपटने के क्षेत्रों में सहयोग के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
MAR 11, 2025 13:01 IST

कच्छ जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए, कोई नुकसान नहीं

गुजरात के कच्छ जिले में मंगलवार को दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 3.0 और 2.8 दर्ज की गई। भूकंप अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन के अनुसार, भूकंप से फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी तरह की क्षति की कोई सूचना नहीं है। गांधीनगर स्थित संस्थान ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजकर 12 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 3.0 दर्ज की गई और इसका केंद्र जिले के रापर से 16 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में था। आईएसआर ने कहा कि इससे एक मिनट पहले 2.8 तीव्रता के भूकंप का झटका महसूस किया गया, जिसका केंद्र भचाऊ से उत्तर-उत्तर-पूर्व में था। भूकंप के मामलों में कच्छ जिला ‘अत्यंत उच्च जोखिम’ वाला क्षेत्र है, जहां कई बार कम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। इस जिले में जनवरी 2001 में विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें 13,800 लोग मारे गए थे और 1.67 लाख लोग घायल हुए थे। उस समय भूकंप के कारण जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों में संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा था।
MAR 11, 2025 13:00 IST

आप्रवास और विदेशी विषयक विधेयक लोकसभा में पेश

सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में आप्रवासन और विदेशी नागरिकों के भारत में आने से संबंधित प्रावधान वाला विधेयक पेश किया। विपक्ष के कुछ सदस्यों के विरोध के बीच गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने ‘आप्रवास और विदेशी विषयक विधेयक, 2025’ प्रस्तुत किया। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नियमों का हवाला देते हुए विधेयक को पेश किए जाने का विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि यह विधेयक कई मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है। तिवारी ने कहा कि इस विधेयक को वापस लिया जाए या फिर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को भेजा जाए ताकि इस पर गहन विचार-विमर्श किया जा सके। तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने भी नियमों का हवाला देते हुए विधेयक को प्रस्तुत किए जाने का विरोध किया। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि विपक्ष की ओर से विधायी क्षमता पर सवाल उठाया गया है, लेकिन यह विधेयक सदन की क्षमता के अंतर्गत लाया गया है। उन्होंने कहा कि यह विषय संविधान की सातवीं अनुसूची में आता है। राय ने कहा कि किसी भी विदेशी के प्रवेश या प्रस्थान का आदेश देना सरकार का संप्रभु अधिकार है। उनका कहना था कि चार अधिनियमों-पासपोर्ट अधिनियम 1920, विदेशियों का पंजीकरण अधिनियम 1939, विदेशी अधिनियम 1946 और आप्रवास अधिनियम 2000 को निरस्त कर एक व्यापक अधिनियम बनाया जा रहा है।
MAR 11, 2025 13:00 IST

राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है तथा राज्य के बाड़मेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा जालोर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री, जैसलमेर में 39.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री, सिरोही में 38.3 डिग्री, जोधपुर में 38.1 डिग्री तथा पाली व बीकानेर में 38-38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य के शेष अधिकांश भागों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री अधिक रहा है। उनके अनुसार राज्य में 13 से 15 मार्च के दौरान एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व उत्तर-पश्चिम व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 14 मार्च को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
MAR 11, 2025 11:21 IST

अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड भारत दौरे पर आएंगी

अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने सोमवार को कहा कि वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र की ‘‘बहु-राष्ट्रीय’’ यात्रा के तहत भारत की यात्रा करेंगी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति एवं स्वतंत्रता के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए मजबूत संबंध बनाने और संचार के मार्ग खुले रखने के मकसद से गबार्ड यह यात्रा कर रही हैं। गबार्ड ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं हिंद-प्रशांत की बहु-राष्ट्रीय यात्रा पर हूं, एक ऐसा क्षेत्र जिसे मैं बहुत अच्छी तरह से जानती हूं क्योंकि मैं प्रशांत क्षेत्र में पली-बढ़ी हूं। मैं जापान, थाईलैंड और भारत की यात्रा करूंगी। अमेरिका लौटते समय फ्रांस में कुछ देर के लिए रुकूंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के शांति, स्वतंत्रता और समृद्धि के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए मजबूत संबंध, समझ विकसित करना और खुले संचार का मार्ग खुला रखना महत्वपूर्ण है।’’ उनका पहला पड़ाव होनोलुलु होगा जहां वह ‘‘आईसी भागीदारों और इंडोपैकोम’’ (अमेरिका हिंद-प्रशांत कमान) के नेताओं तथा ‘‘प्रशिक्षण में शामिल अमेरिकी सैनिकों’’ से मिलेंगी। ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यकाल में आठवीं सीनेट-पुष्टि और पहली महिला लड़ाकू अनुभवी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक (डीएनआई) के रूप में कार्यभार संभालने के बाद यह गबार्ड की भारत की पहली यात्रा होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए अमेरिका की यात्रा के दौरान गबार्ड ने फरवरी की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। वह 12 फरवरी को राष्ट्रपति के अतिथि गृह ‘ब्लेयर हाउस’ में मोदी से मिलने वाली पहली अमेरिकी अधिकारी थीं। यह मुलाकात भारतीय नेता के अमेरिकी राजधानी पहुंचने के कुछ ही समय बाद हुई थी। गबार्ड से मुलाकात के बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से मुलाकात की। उनकी नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी। भारत-अमेरिका मित्रता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसकी वह हमेशा से प्रबल समर्थक रही हैं।’’
MAR 11, 2025 11:20 IST

असम : जादू-टोना के संदेह में महिला पर हमला, गंभीर रूप से घायल

असम के डिब्रूगढ़ जिले में जादू-टोना करने के संदेह में 62 वर्षीय आदिवासी महिला पर भीड़ ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। लहवाल थाना क्षेत्र के रोमै चाय बागान की रहने वाली इस महिला को हमलावरों ने पिटाई के बाद नदी के पास फेंक दिया था। महिला को यहां से बचाया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला को असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। महिला के पति ने आरोप लगाया कि करीब 25 लोगों ने उनकी पत्नी को जादू-टोना करने के संदेह में बेरहमी से प्रताड़ित किया। उन्होंने बताया, "कुछ लोगों ने सोमवार को मुझसे कहा कि मेरी पत्नी जादू-टोना करती है जिसकी वजह से कई लोग बीमार पड़ गए हैं। जब मैंने विरोध किया तो वे मेरे घर में घुस आए और मेरी पत्नी पर हमला कर दिया। उन्होंने उसे बेरहमी से पीटा, घसीटकर ले गए और नदी के पास फेंक दिया।" महिला के पति ने तीन लोगों को मुख्य आरोपी के रूप में पहचाना जो घटना के बाद इलाके से फरार हो गए हैं। डिब्रूगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) निर्मल घोष ने कहा, "यह घटना संभवतः पारिवारिक विवाद का नतीजा हो सकती है और मामले की जांच की जा रही है।"

संबंधित खबरें