आज की 10 बड़ी हिंदी खबरें 22-May-2026: देश और दुनिया में शुक्रवार का दिन कई बड़ी और अहम घटनाओं के नाम रहा। ट्विशा शर्मा के दोबारा पोस्टमार्टम को लेकर एम्स दिल्ली ने पांच सदस्यीय टीम गठित की है, जो भोपाल जा रही है। वहीं, नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। ऐसे में एक नजर डालते हैं दिनभर की 10 बड़ी खबरों पर...
1. भोपाल जा रही AIIMS की टीम
ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक बार फिर से हो रहे पोस्टमार्टम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली ने फॉरेंसिंक डिपार्टमेंट के डॉक्टरों की पांच सदस्यीय टीम गठित की है जिसे भोपाल भेजा जा रहा है।
2. नीट मामले को लेकर PM मोदी पर बरसी कांग्रेस
कांग्रेस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह द्वारा संसद की एक समिति के समक्ष की गई टिप्पणी को लेकर कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में हुई "धांधली" को दबाने का प्रयास हो रहा है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
3. भारत-साइप्रस रणनीतिक साझेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ शुक्रवार को व्यापक बातचीत की तथा इस दौरान भारत एवं साइप्रस ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदला और बुनियादी ढांचे एवं नौवहन जैसे क्षेत्रों में गहरे सहयोग को सुगम बनाने के लिए एक संयुक्त कार्यबल गठित किया।
4. फरार आरोपी सरेंडर के लिए पहुंचा जबलपुर कोर्ट
दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित की गई और भोपाल में अपने ससुराल में पिछले सप्ताह मृत पाई गई ट्विशा शर्मा का पति समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर जिला कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा। समर्थ के मौजूदगी की खबर मिलने के कुछ देर बाद जबलपुर पुलिस ने समर्थ को हिरासत में लिया और ओमती थाने ले गई, जहां उसे भोपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
5. अमित शाह ने बताया घुसपैठ रोकने का प्लान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार अगले साल "स्मार्ट बॉर्डर" परियोजना शुरू करेगी ताकि पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ 6,000 किलोमीटर लंबी सीमा को अभेद्य बनाया जा सके और इन क्षेत्रों की जनसांख्यिकी को बदलने की साजिश विफल की जा सके।
6. उमर खालिद और शरजील इमाम को राहत नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों के दो आरोपियों अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को अंतरिम जमानत दे दी। इसके साथ ही न्यायालय ने इस साल की शुरुआत में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करने को उचित ठहराते हुए कहा कि ऐसा अनुच्छेद 21 को गौण मानते हुए नहीं, बल्कि उनकी भूमिका और आरोपी-आधारित आकलन के आधार पर किया गया था।
7. NEET पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तारी
सीबीआई ने वर्ष 2026 के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET-UG) के भौतिकी के प्रश्नपत्र को लीक करके चुनिंदा अभ्यर्थियों को देने के आरोप में पुणे निवासी एक महिला प्रवक्ता को गिरफ्तार किया है।
8. कॉकरोच जनता पार्टी का नया अभियान शुरू
कॉकरोच जनता पार्टी ने 'एक्स' अकाउंट बैन किए जाने के बाद 'कॉकरोच मरता नहीं है' टैगलाइन के साथ व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक अभियान शुरू किया।
9. भोजशाला में हुई महाआरती
मध्य प्रदेश के धार में भोजशाला परिसर को हाई कोर्ट द्वारा मंदिर घोषित किए जाने के एक सप्ताह बाद शुक्रवार को सैकड़ों हिंदू श्रद्धालुओं ने वहां 'महा आरती' में भाग लिया, जबकि मुसलमानों ने इस फैसले के विरोध में काली पट्टी बांधकर अपने घरों में नमाज अदा की।
10. विजय शंकर ने IPL से लिया संन्यास
भारतीय हरफनमौला विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि वह 'क्रिकेट खेलना' जारी रखने के लिए 'नए अवसरों की तलाश' करेंगे।
