देश

UP : यूपी विधानसभा में चली रात भर चर्चा, बनाया रिकॉर्ड, अखिलेश बोले-सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष

  • Agency by: Agency
  • Updated Aug 14, 2025, 11:35 AM IST

चर्चा के दौरान कई मौके ऐसे भी आए जब सरकार और विपक्ष के सदस्य आपस में उलझते दिखे। उनके बीच नोकझोंक भी हुई। इस चर्चा पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने X पर विधानसभा की कार्यवाही की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि 'सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष!

Image

बुधवार रात यूपी विधानसभा में बुधवार रात चर्चा हुई। तस्वीर-@yadavakhilesh

Photo : Twitter

UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार पूरी रात चर्चा हुई। विकसित भारत, विकसित यूपी विजन डॉक्‍युमेंट 2047 पर चर्चा बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने अपनी बात रखी। चर्चा के दौरान कई मौके ऐसे भी आए जब सरकार और विपक्ष के सदस्य आपस में उलझते दिखे। उनके बीच नोकझोंक भी हुई। इस चर्चा पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने X पर विधानसभा की कार्यवाही की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि 'सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष!

'सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष!'

अपने पोस्ट में अखिलेश ने लिखा कि 'सोती रही सरकार, जागता रहा विपक्ष! भाजपा ने 24 घंटे का सदन चलाकर साबित कर दिया है कि वो प्रदेश चलाने में कितना पिछड़ गये हैं, इसीलिए चौबीसों घंटे काम करने की बात कर रहे हैं। भाजपा सरकार बताए कि उसके मुखिया से लेकर मंत्री व कितने विधायक चौबीसों घंटे उपस्थित रहे। जनता 24 घंटे सदन चलाने के पीछे का तर्क पूछ रही है। दिन घटा के और घंटे बढ़ाकर सरकार क्या हासिल करना चाहती है। भाजपा कम-से-कम सदन को तो अपनी इवेंटबाजी से दूर ही रखे। रात भर जागकर भाजपाई ख़ुद को क्या साबित करना चाहते हैं?'

मानसून सत्र के तहत हो रहा सत्र का आयोजन

सुबह लगभग छह बजकर 15 मिनट पर राज्य के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सभापति से सदस्यों के बोलने का समय चार मिनट तक सीमित करने का आग्रह किया, क्योंकि बड़ी संख्या में विधायक अब भी विशेष चर्चा में भाग लेने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ विषय पर आयोजित विशेष चर्चा बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई और रात भर चर्चा जारी रही। इस सत्र का आयोजन विधानसभा के जारी मानसून सत्र के तहत हो रहा है।

2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प

यह चर्चा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से प्रेरित है। मोदी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण के दौरान 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प जताया था। बुधवार रात को चर्चा के दौरान, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 2047 की योजनाओं पर चर्चा की प्रासंगिकता पर सवाल उठाने के लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘केवल वो नेता जो भावी पीढ़ियों के कल्याण के बारे में सोचते हैं, वे ही भविष्य की नींव रख सकते हैं, न कि वे जो केवल अगला चुनाव जीतने के बारे में सोचते हैं।’

उत्तर प्रदेश की भूमिका पर चर्चा

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दशकों आगे की सोच रखने वाले ‘राष्ट्र नेता’हैं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि 2047 में विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में उत्तर प्रदेश की भूमिका पर चर्चा करने के अवसर को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लिया जाना चाहिए। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री राकेश सचान ने बताया कि राज्य में 96 लाख सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम हैं, जो कृषि के बाद दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता है और लगभग दो करोड़ परिवारों को रोजगार प्रदान करता है।

End of Article