छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा में छिपे नक्सली अब जान बचाकर भागने लगा है। यहां सीआरपीएफ ने नक्सलियों को घेर रखा है और एक-एक करके उनका शिकार कर रही है। यहीं से भाग रहे 20 नक्सलियों को पुलिस ने धर दबोचा है।
कहां-कहां से हुई गिरफ्तारी
तेलंगाना के मुलुगु जिले में विभिन्न स्थानों से पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के 20 सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कई हथियार जब्त किए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुलुगु जिले के पुलिस अधीक्षक शबरीश पी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि एक डिवीजन कमेटी सदस्य और पांच एरिया कमेटी सदस्यों सहित माओवादियों को 16 और 17 मई के बीच वाहन जांच, तलाशी अभियान और वेंकटपुरम, वजीदु और कन्नाईगुडेम पुलिस थानों की सीमाओं के अंतर्गत गश्त के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
कर्रेगुट्टा से भाग रहे थे नक्सली
पुलिस ने बताया कि सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा हाल ही में छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू करने के बाद, मुलुगु पुलिस को सूचना मिली कि कर्रेगुट्टा में शरण लिए हुए भाकपा (माओवादी) वहां से छोटे-छोटे समूहों में विभिन्न स्थानों की ओर भाग रहे हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुलुगु जिले में माओवादियों के प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस ने अपनी निगरानी प्रणाली को मजबूत किया और माओवादियों को पकड़ लिया।
हथियार भी बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 20 माओवादी तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों की घात लगाकर हत्या करने और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने जैसी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने लोगों को पुलिस का मुखबिर बताकर उनकी हत्या भी की थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों के पास से कई हथियार बरामद किए गए हैं।
