Diet for a Healthy Liver: लिवर पेट के ऊपरी हिस्से में स्थित एक अंग है । यह पसलियों के अंदर होता है। लिवर शरीर में विभिन्न कार्य करता है जैसे दवाओं, शराब और विषाक्त पदार्थों को तोड़ना, पित्त का उत्पादन करना और कुछ प्रकार के विटामिन और ग्लूकोज का भंडारण करना। लिवर ब्लड क्लॉटिंग के लिए आवश्यक प्रोटीन का भी उत्पादन करता है। लेकिन ऐसी कई चीजें हैं जो आपके लिवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
लिवर टिश्यू वास्तव में फिर से ठीक हो सकता है। लेकिन अगर आपका लिवर बार-बार क्षतिग्रस्त होता है, तो ख़राब टिश्यू बनने लगते हैं। ये टिश्यू हेल्दी टिश्यू की जगह ले लेता है। ऐसा होने पर लिवर के सुचारू रूप से काम करने में दिक्कतें आने लगती हैं। लिवर ख़राब होने का एक मुख्य कारण अत्यधिक शराब का सेवन है, लेकिन कुछ ऐसे फूड्स हैं जिनके सेवन से लिवर ख़राब हो सकता है। आइए जानते हैं-
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, जिन खाद्य पदार्थों में चीनी होती है वे लिवर के लिए हानिकारक होते हैं। चीनी कैंडी, कुकीज़, सोडा, कोल्ड ड्रिंक और फलों के रस में पाई जाती है। इन चीजों का सेवन कम से कम करना चाहिए। ये खाद्य पदार्थ ब्लड शुगरको बढ़ाते हैं, जिससे लिवर में फैट जमा होने लगती है।
तली-भुनी चीजें: ज्यादा तली-भुनी चीजें जैसे समोसा, कचौरी आदि खाने से लिवर खराब हो सकता है। तला-भुना खाना भी सेहत के लिए अच्छा नहीं होता है। खासकर मानसून के दौरान हमारी पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है और इन चीजों को खाने से परेशानियां होने का खतरा बढ़ जाता है। तले हुए खाद्य पदार्थ लिवर में फैट जमा होने का कारण बन सकते हैं।
अधिक नमक वाले पदार्थ: अधिक नमक वाले खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थ लिवर के लिए खतरनाक हो सकते हैं। बहुत अधिक नमक खाने से नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर रोग का खतरा बढ़ सकता है। बहुत अधिक नमक भी उच्च रक्तचाप (High Blood Pressure) का कारण बन सकता है। जंक फूड में आमतौर पर नमक की मात्रा अधिक होती है। जंक फूड प्रोसेस्ड होता है, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
सफेद चीजें: लिवर को स्वस्थ रखने के लिए सफेद चावल, पास्ता और सफेद आटा खाने से बचें। ये सभी अत्यधिक संसाधित होते हैं, जो ब्लड शुगर में वृद्धि का कारण बन सकते हैं। हालांकि, साबुत अनाज खाने से ब्लड शुगर का स्तर नहीं बढ़ता है।
रेड मीट: रेड मीट खाने से लिवर को गंभीर नुकसान हो सकता है। रेड मीट में प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है, जो यूरिक एसिड और गाउट की समस्या को बढ़ा सकता है। इसका सेवन कम मात्रा में करना चाहिए। मानसून के दौरान मांस से परहेज करना ही बेहतर है। इसके अलावा शराब का सेवन बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
