National Cancer Awareness Day 2022: कैंसर सबसे घातक बीमारियों में से एक है। विश्व स्वास्थय संगठन के अनुसार कैंसर से हर साल लगभग एक करोड़ लोगों की जान चली जाती है। देशभर में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस (नेशनल कैंसर अवेयरनेस डे) सात नवंबर को मनाया जा रहा है। दरअसल इसी दिन वैज्ञानिक मैडम क्यूरी का जन्म हुआ था। उन्होंने कैंसर से लड़ने वाले रेडियम का आविष्कार किया था। इसकी शुरुआत साल 2014 में हुई थी। कैंसर को लेकर इस दिन सभी सरकारी अस्पतालों और म्युनिसिपल क्लिनिक में फ्री स्क्रीनिंग दी जाती है।
कैंसर में ब्रेस्ट कैंसर, प्रॉस्टेट कैंसर सबसे अधिक फैलते हैं। एक अनुमान के मुताबिक 2025 तक देश में 15 लाख से ज्यादा कैंसर के मरीज होंगे। पुरुषों की तुलना में महिलाओं को कैंसर का खतरा ज्यादा होता है। नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम की साल 2021 की एक रिपोर्ट के मुताबिक कैंसर से पीड़ित हर 100 व्यक्ति में से चार बच्चे हैं। कैंसर सेल्स धीरे-धीरे शरीर में अपना विस्तार करते हैं। ऐसे में कुछ एक्सरसाइज और योग के जरिए आप न सिर्फ अपनी इम्युनिटी को बढ़ा सकते हैं। साथ ही आप कैंसर के खतरे को भी टाल सकते हैं।
एरोबिक और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से कम होता है कैंसर का खतरा
साओ पाउलो स्थित फेडरल यूनिवर्सिटी में डिपार्टमेंट ऑफ प्रीवेंटिव मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ लिएंड्रो रेजेंडे के रिसर्च के मुताबिक स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और एरोबिक के जरिए कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है। डॉक्टर रेजेंडे ने 12 स्टडी की समीक्षा की थी। उन्होंने 13 लाख लोगों के डेटा की जांच की थी। इसमें उन्होंने पाया कि स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और एरोबिक्स करने से कैंसर का खतरा 14 फीसदी तक कम हो सकता है। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और एरोबिक्स को अपने डेली रूटीन में शामिल करने से कैंसर से मृत्यु का जोखिम 14 फीसदी तक कम हो सकता है।
रोजाना सुबह और शाम यदि आप दौड़ना, जॉगिंग करना पसंद नहीं करते हैं तो ब्रिस्क वॉकिंग कर सकते हैं। इसमें व्यक्ति को तेज चलना होता है। हालांकि, इसमें न दौड़ना होता है और न ही धीरे-धीरे चलना होता है। ब्रिस्क वॉकिंग के अलावा साइकलिंग भी कैंसर का खतरा कम करती है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
