Sitting In AC After Getting Wet In Rain: बारिश का मौसम आते ही कभी ऑफिस जाते समय तो कभी घर लौटते वक्त अचानक भीग जाना आम बात है। ऐसे में ज्यादातर लोग घर, ऑफिस या कार में पहुंचते ही सीधे AC की ठंडी हवा में बैठ जाते हैं। उस समय तो काफी अच्छा लगता है, लेकिन क्या यह आदत आपके शरीर के लिए सही है? आर्टेमिस अस्पताल की यूनिट हेड और सीनियर कंसल्टेंट (इंटरनल मेडिसिन) डॉ. सीमा धीर कहती हैं कि अगर आप बारिश में भीगने के तुरंत बाद बिना कपड़े बदले या शरीर सुखाए AC में बैठ जाते हैं, तो इससे कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ सकती है। इसलिए बारिश में भीगने के बाद कुछ छोटी-छोटी सावधानियां जरूर बरतनी चाहिए।
भीगने के तुरंत बाद AC में बैठने से क्या होता है
डॉ. सीमा धीर बताती हैं कि जब हम बारिश में भीगते हैं, तो शरीर पहले ही ठंडा हो जाता है। ऐसे में अगर तुरंत AC की तेज ठंडी हवा लगने लगे, तो शरीर और ज्यादा ठंडा हो सकता है। इसकी वजह से ठंड लगना, कंपकंपी छूटना, शरीर में जकड़न या हाथ-पैर भारी लगने जैसी परेशानी हो सकती है। जिन लोगों की शरीर की ताकत कम होती है, उन्हें यह दिक्कत ज्यादा महसूस हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बारिश के बाद घर के इन 10 कोनों में सबसे पहले छिपता है डेंगू का मच्छर, 90% लोग कर देते हैं ये बड़ी गलती
अगर पहले से सांस या एलर्जी की परेशानी है तो रखें ज्यादा ध्यान
कुछ लोगों को पहले से ही सर्दी जल्दी लग जाती है। किसी को एलर्जी रहती है तो किसी को सांस लेने में दिक्कत होती है। ऐसे लोगों के लिए बारिश में भीगने के तुरंत बाद AC में बैठना परेशानी बढ़ा सकता है। ठंडी हवा से उनकी तकलीफ और बढ़ सकती है। इसलिए ऐसे लोगों को थोड़ी ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में AC और बारिश का कॉम्बिनेशन क्यों बढ़ाता है सांस की दिक्कत, डॉक्टर से जानिए इसके पीछे की असली वजह
गीले कपड़ों में ज्यादा देर रहना भी ठीक नहीं
कई लोग घर या ऑफिस पहुंचने के बाद भी काफी देर तक गीले कपड़ों में ही बैठे रहते हैं। अगर ऊपर से AC भी चल रहा हो, तो त्वचा लंबे समय तक गीली रहती है। डॉ. सीमा धीर के मुताबिक, इससे खुजली, लाल दाने या फंगल इंफेक्शन जैसी दिक्कत होने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए भीगने के बाद जितनी जल्दी हो सके, सूखे कपड़े पहन लेना बेहतर रहता है।
बारिश में भीग जाएं तो सबसे पहले क्या करें?
अगर आप बारिश में भीग गए हैं, तो सबसे पहले गीले कपड़े बदलें। शरीर को तौलिये से अच्छी तरह पोंछकर सुखाएं। अगर घर पर हैं और मौका मिले तो गुनगुने पानी से नहा लें। इसके बाद ही AC वाले कमरे में जाएं। ऐसा करने से शरीर धीरे-धीरे सामान्य हो जाता है और ठंडी हवा का असर भी कम पड़ता है।
गर्म चीजें पीने से मिल सकती है राहत
डॉ. सीमा धीर सलाह देती हैं कि बारिश में भीगने के बाद गुनगुना पानी, गर्म सूप या हर्बल चाय पीना फायदेमंद हो सकता है। इससे शरीर को गर्माहट मिलती है और भीगने के बाद होने वाली असहजता कम महसूस होती है। बारिश का मौसम अच्छा जरूर लगता है, लेकिन छोटी-सी लापरवाही आपको बीमार भी कर सकती है। इसलिए अगली बार बारिश में भीग जाएं, तो AC की ठंडी हवा में बैठने से पहले खुद को अच्छी तरह सुखाना और कपड़े बदलना बिल्कुल न भूलें।
