हेल्थ

Chaitra Navratri 2025: नवरात्रि व्रत करके घटा सकते हैं मोटापा, बस फॉलो करें ये सिंपल टिप्स, बिना जिम जाए घटेगा वजन

Fasting Tips For Weight Loss In Hindi: नवरात्रि सिर्फ पूजा-पाठ का समय ही नहीं, बल्कि खुद को हेल्दी और फिट रखने का भी मौका है। अगर आप कुछ आसान टिप्स अपनाते हैं, तो बिना जिम जाए भी अपना वजन कम कर सकते हैं। अगर आप भी व्रत करके मोटापा कम करना चाहते हैं, तो आज हम आपके लिए कुछ ऐसे टिप्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आपकी वेट लॉस जर्नी तेज हो जाएगी।

Image

Fasting Tips For Weight Loss In Hindi

Fasting Tips For Weight Loss In Hindi: चैत्र नवरात्रि 2025 आने वाली है, और अगर आप सोच रहे हैं कि इस मौके पर सिर्फ पूजा-पाठ ही किया जाता है, तो जरा रुकिए। नवरात्रि न सिर्फ आध्यात्मिक शुद्धि के लिए, बल्कि बॉडी डिटॉक्स और वजन घटाने के लिए भी बेहतरीन मौका है। अगर आप बिना जिम जाए कुछ किलो वजन कम करना चाहते हैं, तो यह व्रत आपके लिए वरदान साबित हो सकता है। लेकिन इसके लिए सही खान-पान और कुछ आसान हेल्दी आदतें अपनानी जरूरी हैं। तो आइए जानते हैं कुछ ऐसे टिप्स, जो आपको नवरात्रि में फिट और हेल्दी रखने में मदद करेंगे।

नवरात्रि व्रत के दौरान वजन घटाने के टिप्स - Navratri Fasting Tips For Weight Loss In Hindi

तली-भुनी चीजों से दूरी बनाएं

नवरात्रि आते ही हमारे दिमाग में कुट्टू की पूरी, समा के चावल के पकौड़े और साबूदाना वड़ा जैसी चीजें घूमने लगती हैं। लेकिन ध्यान रहे, ये सारी चीजें डीप फ्राई होती हैं, जो वजन घटाने की बजाय बढ़ा सकती हैं। इसकी जगह आप भुने या उबले हुए ऑप्शन्स ट्राई करें, जैसे भुना हुआ मखाना, फल, और नट्स। ये हल्के होते हैं और एनर्जी भी देते हैं।

हाई-फाइबर फूड खाएं

अगर आप बार-बार भूख लगने की वजह से ज्यादा खाते हैं, तो फाइबर से भरपूर चीजें अपनाएं। सिंघाड़ा, राजगिरा, कुट्टू, और हरी सब्जियां आपके पेट को लंबे समय तक भरा रखती हैं और ओवरईटिंग से बचाती हैं। इससे आपकी कैलोरी इनटेक भी कंट्रोल में रहती है।

ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं

व्रत के दौरान हाइड्रेट रहना बहुत जरूरी है। अगर आप पर्याप्त पानी नहीं पिएंगे, तो कमजोरी और थकान महसूस होगी। साथ ही, हाइड्रेशन मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और हर्बल टी भी बेहतरीन ऑप्शन हैं।

मीठे से दूरी बनाएं

नवरात्रि में अक्सर लोग मिठाइयों का ज्यादा सेवन कर लेते हैं, जिससे वजन बढ़ सकता है। अगर मीठा खाने का मन हो, तो शुगर की जगह शहद, गुड़ या खजूर को अपनाएं। इससे आपकी मिठास की क्रेविंग भी दूर होगी और वजन भी कंट्रोल में रहेगा।

छोटी-छोटी मील्स खाएं

व्रत का मतलब यह नहीं कि पूरा दिन भूखे रहें और फिर एक साथ ढेर सारा खा लें। इससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और वजन घटने की बजाय बढ़ सकता है। इसलिए हर 2-3 घंटे में हल्का-फुल्का खाएं, जैसे फल, ड्राई फ्रूट्स, या दही।

हल्की एक्सरसाइज को रूटीन में शामिल करें

अगर आप जिम नहीं जा रहे हैं, तो कोई बात नहीं। नवरात्रि के दौरान हल्का वॉक करें, योग करें या मेडिटेशन करें। इससे आपका शरीर एक्टिव रहेगा और फैट तेजी से बर्न होगा।

कम नमक खाएं, ताकि पानी ना रुके

सेंधा नमक का ज्यादा सेवन करने से शरीर में पानी रुक सकता है, जिससे वजन बढ़ सकता है। इसलिए कोशिश करें कि कम से कम नमक का इस्तेमाल करें।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article