Blood Pressure in Winter: सर्दियों में ब्लड प्रेशर की परेशानी काफी ज्यादा बढ़ जाती है। दरअसल, इस सीजन में आर्टरी और हार्ट पर काफी दबाव पड़ता है, जिसकी वजह से ब्लड प्रेशर बढ़ने की संभावना अधिक हो जाती है। हाई ब्लड प्रेशर की वजह से शरीर में कई तरह की परेशानियां जैसे- स्ट्रोक, हार्ट अटैक इत्यादि होने की आशंका होती है। ऐसे में ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करना बहुत ही जरूरी है। अगर आप ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करना चाहते हैं तो इसके लिए कुछ असरदार नुस्खों को आजमा सकते हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में ब्लड प्रेशर कंट्रोल कैसे करें?
ब्लड प्रेशर कैसे करें कंट्रोल?
नियमित रूप से करें एक्सरसाइज
सर्दियों में कई लोग एक्सरसाइज करने से परहेज करते हैं। अगर आपको ब्लड प्रेशर की परेशानी है तो कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज रोजाना करें। एक्सरसाइज करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी कम हो सकती है।
सीमित मात्रा में खाएं नमक
हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी को कम करने के लिए नमक का सेवन कम से कम मात्रा में करें। डाइट में सोडियम की अधिकता ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती है।
घी और तेल का कम करें इस्तेमाल
ब्लड प्रेशर की समस्या से ग्रसित व्यक्तियों को तेल, मसाले, चिप्स, चॉकलेट जैसी चीजों का सीमित मात्रा में सेवन करना चाहिए। इस तरह का आहार ब्लड प्रेशर की समस्या को बढ़ा देता है।
हेल्दी डाइट का करें चुनाव
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए डाइट पर ध्यान देने की जरूरत होती है। इस दौरान आपको हाई फाइबर युक्त आहार का सेवन करना चाहिए। खाने में ज्वार, बाजरा, दलिया, स्प्राउट्स जैसी चीजों को शामिल करें। इस तरह का आहार ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में आपकी मदद कर सकता है।
पिएं नारियल पानी
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए आप नारियल पानी का सेवन कर सकते हैं। नारियल पानी में पोटैशियम की अधिक मात्रा होती है, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में प्रभावी है।
धूप में बैठें
सर्दियों में अगर आप अपने हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो दिन में कम से कम 20 मिनट के लिए धूप में जरूर बैठें। धूप में बैठने से ब्लड प्रेशर की समस्या कम की जा सकती है।
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए आप इन आसान तरीकों को आजमा सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपकी समस्या काफी ज्यादा बढ़ रही है तो इस स्थिति में एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
